Rohtas

Aug 10 2023, 18:48

सिचाई विभाग के एसडीओ को बर्खास्त करने की मांग को लेकर किसानो ने किया सड़क जाम

रोहतास : काराकाट नगर पंचायत के गोड़ारी में नहर फाल तोड़े जाने पर क्षेत्र के किसानों ने सड़क जाम कर एसडीओ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। 

किसानों ने मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मुन्ना भारती के नेतृत्व में एनएच 120 को जाम कर दिया। जिसे घंटों आवागमन बाधित रहा। इस दौरान आक्रोशित किसान सिचाई विभाग के एसडीओ के खिलाफ जमकर नारे लगाये तथा एसडीओ को बर्खास्त करने की मांग बिहार के मुख्यमंत्री से लेकर जिलाधिकारी रोहतास से किया। 

किसानों का कहना था कि किसानों के खिलाफ कार्य करने वाले अधिकारी की कोई जरूरत नहीं है तत्काल बिहार सरकार बर्खास्त करें।

गौरतलब हो कि नहर विभाग के एसडीओ ने जेसीबी से सकला रजवाहा में बने ब्रिटिश समय के फाल को बुधवार को तोड़ दिया था। फाल तोड़े जाने के बाद किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त था। जिसके बाद गुरुवार को वे सड़क पर उतर गए। 

हालांकि काराकाट बीडीओ राहुल कुमार सिंह ने स्थल पर पहुंच कर किसानों को समझया बुझाया। लेकिन किसान एसडीओ के बुलाए जाने की जिद पर अड़े रहे। 

बीडीओ ने सकला रजवाहा में पूर्व से बने चिल्हा फाल को देखा और नहर में लगे गासी को देख तो वे भी अचंभित हो गये। उन्होंने कहा कि वर्षों से बना फाल को तोड़कर गलती की गयी है। इस दौरान चार घंटे नासरीगंज बिक्रमगंज एन एच 120 जाम लगा रहा। किसानों की मांग थी कि खेत का अब पटवन कैसे होगा। इसका उपाय किया जाय। 

वहीं बीडीओ ने किसानों को आश्वासन दिया कि फिलहाल पानी को रोकने के लिए तत्काल व्यवस्था किया जा रहा है। एक सप्ताह में विभाग द्वारा पूर्व की भांति फाल का पक्का निर्माण कराया जाएगा तथा पत्र के आलोक के खिलाफ कार्य करने को लेकर जिलाधिकारी रोहतास को रिपोर्ट भेजा जाएगा। 

किसानों ने बताया कि मौजा गोड़ारी , बुढ़वल, देनरी, पड़सर, गोपीगंज, जगदीशपुर, कंचनपुर, कायस्थ बहुआरा, बाद, चिल्हा सहित दर्जनों गांवों का पटवन इसी फाल के पानी को रोककर किया जाता है। फाल तोड़े जाने से करीब पांच हजार बीघा जमीन का पटवन बाधित हो चुका है। 

मौके पर नगर पंचायत काराकाट मुख्य पार्षद मुन्ना भारती, उपमुख्य पार्षद रवीश रंजन सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 10 2023, 18:47

अपराध की योजना बनाते कट्टा व जिंदा कारतूस के साथ दो अपराधी गिरफ्तार

रोहतास : सासाराम नगर थाना की पुलिस ने अपराध की योजना बना रहे दो लोगों को कट्टा व जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। 

गिरफ्तार लोगों में अमित कुमार तथा रोहित कुमार बताए जाते हैं। जिन्हें शहर के फजलगंज स्थित गीता घाट कालोनी से गिरफ्तार किया गया है। 

वहीं घटना के संदर्भ में नगर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दोनों शख्स को गिरफ्तार किया गया है। जिसके पास से दो देसी कट्टा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। 

उन्होंने कहा कि दोनों गिरफ्तार युवकों का सदर अस्पताल सासाराम में स्वास्थ्य जांच कर जेल भेज दिया गया है तथा पुलिस की अगली कार्रवाई जारी है।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 10 2023, 17:17

बिहार में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार व पुलिस बर्बरता के खिलाफ भाजयुमो ने निकाला धिक्कार मार्च

रोहतास : भारतीय जनता युवा मोर्चा की रोहतास जिला इकाई ने गुरुवार को शहर में धिक्कार मार्च निकाला। जिसकी अध्यक्षता भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने की। 

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने नेहरू पार्क स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा से धिक्कार मार्च निकाला। जो शहर के पोस्ट ऑफिस चौराहा, कचहरी मोड़ होते हुए जिला समाहरणालय के समक्ष पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया तथा कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उन्हे बिहार की जनता से किए गए वादों की याद दिलाई। 

वहीं सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सत्यनारायण यादव ने कहा की आज बिहार में अपराध अपने चरम पर है तथा भ्रष्टाचार व अराजकता से आम जनता परेशान हो चुकी है। रोजगार की मांग करने वाले छात्र व युवाओं को लाठी डंडों से खुलेआम पीटा जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जनता व विपक्ष की आवाज़ को दबाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग कर रहे हैं। जिसका जवाब बिहार की जनता देगी। नीतीश कुमार जेपी के शिष्य थे परंतु उन्होंने पहले भ्रष्टाचार और उसके बाद आवाज उठाने वालों के ऊपर लाठी चलवाकर जयप्रकाश नारायण के पुण्य आत्मा को ठेस पहुंचाई है इसलिए बिहार की जनता इनको माफ नही करेगी। 

इस दौरान बिहार में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार, अराजकता, छात्र व आम जनता पर हो रहे दमन, लाठीचार्ज तथा 10 लाख सरकारी नौकरी के झूठे वादे को लेकर भाजयुमो ने जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार को ज्ञापन भी सौंपा। 

मौके पर भाजपा महामंत्री विजय सिंह, प्यारेलाल ओझा, उपाध्यक्ष पंकज सिंह, जिला मंत्री रेशमा पटेल, सतेन्द्र सिंह, नगर अध्यक्ष संदीप सोनी, शिवनाथ चौधरी, अजय ओझा, रितेश राज, सुधीर सिंह, धीरज गुप्ता, रवि पांड़े, इन्दृजीत सिंह, पंकज तिवारी, विकास गुप्ता, रजनीश वर्मा, दिव्य प्रकाश तिवारी, विकास तिवारी, अजित, संजय गुप्ता, राजेश, रजनीश तिवारी, विवेक बहादुर, दीपक कश्यप, संदीप श्रीवास्त, युवराज सिंह, लाला, राजु, बिट्टू सिंह, चिटु, अभिमन्यु कुमार, डब्लू पासवान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 08 2023, 18:47

मोटा अनाज प्रसंस्करण तकनीक सह मिलेट फूड फेस्ट कार्यक्रम का हुआ आयोजन

रोहतास : अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष 2023 के उपलक्ष्य में कृषि विज्ञान केंद्र बिक्रमगंज द्वारा मंगलवार को तीन दिवसीय मोटा अनाज प्रसंस्करण तकनीक सह मिलेट फूड फेस्ट का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता कृषि विज्ञान केंद्र की वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ शोभारानी ने किया। 

इस दौरान कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए डॉक्टर शोभा रानी ने बताया कि यह कार्यक्रम मोटा अनाज के प्रति जागरूकता एवं जिले में खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने मिलेट के स्वास्थ्य एवं जलवायु पर होने वाले अनुकूल प्रभावों पर भी विस्तार से चर्चा की। 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तरह-तरह के श्री अनाजों द्वारा तैयार पौष्टिक उत्पाद एवं अन्य प्रसंस्करण तकनीक रहा। जिसमें मड़वा का बिस्किट, हलवा, लड्डू एवं डोसा बनाने की तकनीक शामिल रही। 

उसी प्रकार सांवा का खीर एवं कोदो का बिरयानी एवं दलिया बनाने की तकनीक भी महिलाओं ने सीखा। कार्यक्रम में मोटे अनाजों के विभिन्न उत्पाद जैसे मड़ुवा, चीना बाजरा इत्यादि के उपज के लिए मिट्टी जलवायु आदि जैसे वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर भी प्रकाश डाला गया। 

डॉ शोभा रानी ने बताया कि ग्रामीण महिलाएं मोटे अनाज से कई तरह के प्रसंस्कृत उत्पाद तैयार कर घर में उपयोग कर स्वास्थ्य स्तर को ऊंचा कर सकती हैं एवं उन्हें बाजार में बेचकर आय अर्जन का सहारा भी बना सकती हैं। 

मौके पर उपस्थित तृप्तम नेचुरल फूड, बेगूसराय से आए हुए मनीष कुमार सिंह एवं नवनीत कुमार ने मोटे अनाज की उपलब्धता विपणन एवं मूल्यवर्धन पर विशेष रूप से जानकारी दी। 

वहीं प्रशिक्षण कार्यक्रम में 40 महिला कृषकों एवं जीविका दीदियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित वैज्ञानिक आर के जलज ने मोटे अनाज की आर्थिकी पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रति बीघा ऐसे अनाजों के उत्पादन पर धान एवं गेहूं फसल की तुलना में अधिक आमदनी प्राप्त होती है। 

मृदा वैज्ञानिक डॉ रामाकांत सिंह ने जिले में होने वाले मोटे अनाज की खेती के बारे में उपस्थित महिला कृषकों को बताया। जबकि डॉ रतन कुमार उद्यान वैज्ञानिक ने अनाज वाली फसलों जैसे चावल, गेहूं, मक्का इत्यादि के स्थान पर मडुवा, बाजरा इत्यादि अनाज का सेवन करने की सलाह दी। मौके पर अभिषेक कौशल, राकेश कुमार, हरेंद्र कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 08 2023, 18:35

कीचड़ में तब्दील सड़क पर धान रोप ग्रामीणों ने जताया विरोध

रोहतास : स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के रसूलपुर पंचायत अंतर्गत खजूरी गांव की मुख्य सड़क पर मंगलवार को ग्रामीणों ने सड़क पर धान रोप कर विरोध जताया है। 

बताया जाता है कि सड़क दो पंचायतों के मध्य में स्थित है तथा कई वर्षों से अछूता है। सड़क के एक ओर रसूलपुर पंचायत है वहीं दूसरी ओर तेलकप पंचायत आता है। लेकिन वर्षों से सड़क का पक्कीकरण नहीं हो पा रहा है।  

सड़क पर धान रोपकर अपना विरोध जताते हुए रसूलपुर पंचायत की मुखिया अनुराधा देवी ने बताया कि इस सड़क से खजूरी गांव सहित अन्य कई गांव के लोग प्रभावित हैं। ज्यादातर खजूरी गांव में आने जाने वाले विद्यार्थी, महिलाओं आदि को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है तथा कई बार लोग कीचड़ भरी सड़क पर गिर भी जाते हैं। 

हालांकि क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को अवगत कराया गया है तथा हाल हीं में एमएलसी संतोष सिंह से भी इस मामले को लेकर आवेदन दिया गया। लेकिन अभी तक सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा है।

वहीं सड़क पर धान रोप विरोध प्रदर्शन करते कुछ महिलाओं का कहना है कि इस खराब सड़क के कारण उनके गांव में कोई नए रिश्तेदार आने को तैयार नहीं होता है। जिसके कारण शादी विवाह भी प्रभावित हो रहा है। 

मौके पर ललन सिंह, रितेश कुमार, दिलीप ठाकुर, मुकेश शर्मा, परशुराम ठाकुर, सुगनी कुंवर, विमला देवी, भाग मनिया कुंवर, विकास कुमार, राकेश शर्मा, ललित सिंह आदि सैकड़ों लोग मौजूद थे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 08 2023, 17:31

जुल्म, अत्याचार सहित विभिन्न जन विरोधी नीतियों के खिलाफ बसपा ने एक दिवसीय धरना का किया आयोजन

रोहतास : मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र कर घूमाने वाले अपराधियों को फांसी देने, रोहतास जिले को सूखा घोषित करने, किसानों के कर्ज को माफ करने, नौहट्टा में दलित बालिका के बलात्कारी को फांसी देने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों को गृह स्वामी को बंदोबस्त करने सहित अन्य 14 सूत्री मांगों एवं केंद्र व प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी की रोहतास जिला इकाई ने जिला समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना का आयोजन किया। 

धरना प्रदर्शन के दौरान बसपा के केंद्रीय प्रदेश प्रभारी डॉ लालजी मेघंकर मुख्य अतिथि के रूप में एवं प्रदेश महासचिव उदय प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। जहां बसपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

इस दौरान धरने को संबोधित करते हुए बसपा के प्रदेश महासचिव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि आज देश में बेरोजगारी एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। जिसके लिए केंद्र और राज्य सरकारें एक समान जिम्मेदार है। 

कहा कि देश के कई राज्यों में महिलाओं के साथ खुलेआम जघन्य अपराध किए जा रहे हैं तथा दलित एवं पिछड़ों को निशाना बनाया जा रहा है।लेकिन सरकारें मूकदर्शक बनी हुई है। 

धरना प्रदर्शन के माध्यम से ओबीसी जनगणना को प्रकाशित करने, संविदा कर्मियों को राज्य कर्मी का दर्जा दिलाने, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, उच्च शिक्षा में शिक्षण शुल्क कम करने, प्राइवेट नौकरी में भी आरक्षण व्यवस्था लागू करने एवं गरीबों के बिजली बिल माफ कर अफसरशाही को बंद कराने सहित विभिन्न मांगों को लेकर बसपा ने आवाज बुलंद की। वहीं अपनी मांग पत्रों का एक ज्ञापन भी जिलाधिकारी को सौंपा गया। 

मौके पर पार्टी पदाधिकारियों सहित भारी संख्या में बसपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 08 2023, 16:33

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 'ग्राम संसद सद्भाव की बात' कार्यक्रम की होगी शुरुआत- जदयू

संगठन की मजबूती के लिए कई कार्यक्रमों के आयोजन पर हुई चर्चा, कई दिशा निर्देश जारी

रोहतास। शहर के प्रभाकर रोड स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड की रोहतास जिला इकाई द्वारा प्रखंड अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बैठक की अध्यक्षता कर रहे जदयू जिलाध्यक्ष अजय सिंह कुशवाहा ने पार्टी पदाधिकारियों को बताया कि पार्टी आलाकमान द्वारा प्राप्त निर्देशों के आलोक में बीते 6 अगस्त से अगले वर्ष 24 जनवरी तक ग्राम स्तर पर "कर्पूरी चर्चा" की

जाएगी। इसके अंतर्गत प्रखंड अध्यक्ष समय-समय पर अपने अपने प्रखंड के गांवों में जाएंगे और स्थानीय लोगों को बिहार सरकार के कार्यक्रमों एवं योजनाओं की जानकारी देंगे। जबकि आगामी 15 अगस्त से 31 अगस्त तक "ग्राम संसद सद्भाव की बात' कार्यक्रम का भी आयोजन पंचायत के प्रत्येक वार्ड और टोलों में किया जाएगा। जिसमें पार्टी के सभी स्तर के प्रभारी अपने प्रभाव वाले इलाकों में पंचायत के वार्ड और टोलों के

कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा पूरे इलाके की निगरानी भी करेंगे। श्री कुशवाहा ने बताया कि बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज कुशवाहा को जिले का प्रभारी मंत्री बनाया गया है तथा आगामी 14 अगस्त को सासाराम आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की गई तथा पार्टी पदाधिकारियों व प्रखंड अध्यक्षों को उनकी जिम्मेवारियों से अवगत कराया गया। बैठक के

अंत में जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस पर सभी पंचायत और वार्ड इकाई अपने कार्य क्षेत्र के पूर्व चिन्हित अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति टोलों में झंडोत्तोलन करेंगे तथा झंडोत्तोलन उक्त टोले के किसी अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति के वरिष्ठ नागरिक से हीं कराया जाएगा। तत्पश्चात 'ग्राम संसद सद्भाव की बात

कार्यक्रम" का आयोजन होगा। मौके पर जिला प्रवक्ता अलख निरंजन, सिकंजय सिंह, अरुण सोनी, सिद्धेश्वर वर्मा, सुरेंद्र राम, अशोक चौधरी, धर्मजीत सिंह, मनोज कुमार, विकास कुमार, धर्मेंद्र कुशवाहा, इरशाद खान, गंगा बिंद, हृदयानंद कुशवाहा, हरिहर सिंह, राजेश पटेल, विष्णु प्रसाद कुशवाहा, अभिषेक कुमार, रुपेश चंद्रवंशी सहित अन्य उपस्थित रहे।

Rohtas

Aug 08 2023, 16:15

गहरे पानी में डूबने से बिजली मिस्त्री की मौत, परिवार में मातम

रोहतास : जिले के अगरेर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुड़वांं गांव के समीप मंगलवार को गहरे पानी में डूबने से एक बिजली मिस्त्री की मौत हो गई है। 

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि सुबह-सुबह बिजली मिस्त्री अपने ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने के कारण वे पईन के गहरे पानी में जा गिरे। जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई। मृतक बिजली मिस्त्री की पहचान मौडिहां गांव निवासी उदय राम के रूप में हुई है। 

वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची अगरेर थाने की पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों के माध्यम से गहरे पानी से शव को निकलवाया। जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए सदर अस्पताल सासाराम में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहां शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। 

वहीं घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 07 2023, 20:35

सेस्टोबॉल चैंपियन तृप्ति को एमएलसी ने किया सम्मानित

रोहतास। विगत महीनों पहले बैंगलोर में आयोजित सेस्टोबॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप में जीत हासिल करने पर देश व जिले की गौरव तृप्ति कुमारी को बिहार विधान परिषद सदस्य निवेदिता सिंह ने सम्मानित किया है। सोमवार को शहर के गौरक्षणी स्थित अपने आवास पर तृप्ति को सम्मानित करते हुए एमएलसी निवेदिता सिंह ने कहा कि तृप्ति की उपलब्धि गौरवान्वित करने वाला है। इन्होंने सेस्टोबॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप में भारत को जीत दिलाकर जिले व देश का नाम रौशन किया है तथा इनकी उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी। वहीं इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी ई पुलकित सिंह ने कहा की आज तृप्ति ने देश और दुनिया में रोहतास जिले का नाम ऊंचा कर दिया है। उन्होनें कहा की जिस चीज में रुचि हो वहीं काम करना चाहिए। तभी आप अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। आज की महिलाए हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और समाज का नाम रौशन कर रही है। बता दें कि इस प्रतियोगिता में पूरे विश्व से कुल छः देशों ने हिस्सा लिया था। जिसमें अर्जेटिना, फ्रांस, बांग्लादेश, श्रीलंका, भूटान एवं भारत शामिल था। भारतीय महिला टीम में शामिल रोहतास की तृप्ति ने अपना अहम योगदान देते हुए देश की महिला टीम को सिल्वर मेडल दिलवाई। मौके पर प्रभाकर तिवारी, अमित राठौर, पुनीत पाण्डे, दिव्य प्रकाश तिवारी, संदीप ठाकुर, सुनील सिंह, संजीव सिंह आदि शामिल थे।

Rohtas

Aug 07 2023, 15:47

जलजमाव से परेशान लोगों ने किया सड़क जाम, मेयर और नगर निगम के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

रोहतास : नगर निगम सासाराम के वार्ड संख्या 9 अंतर्गत बलथुआं गांव में सोमवार को जलजमाव से परेशान लोगों ने पुरानी जीटी रोड को जाम कर प्रदर्शन किया।

बीते 2 दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से बलथुआं गांव में जलजमाव ने विकराल रूप धारण कर लिया है। जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर नगर निगम सासाराम की मेयर काजल कुमारी और नगर निगम के पदाधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

आक्रोशितों का कहना है कि बलथुआं गांव में लगातार जलजमाव की समस्या हो रही है। जबकि बीते दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से स्थिति और भी भयावह हो गई है। जिससे लोगों का आना जाना अब मुश्किल हो गया है तथा जलजमाव के कारण बच्चों का पढ़ाई भी बाधित हो रहा है।

जल निकासी के लिए कई बार नगर निगम में गुहार लगाई गई लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसलिए बाध्य होकर आज ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम किया है।

ग्रामीणों ने बताया कि नगर निगम द्वारा गांव के जल निकासी के स्रोत को बंद कर दिया गया है। जिससे जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़क व गलियों के साथ-साथ अब लोगों के घरों में पानी घुसने लगा है तथा राजकीयकृत मध्य विद्यालय बेदा भी जलजमाव की चपेट में है।

वहीं सड़क जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अंचलाधिकारी निशांत कुमार ने प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का भरसक प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण तत्काल जल निकासी की मांग पर अड़े रहे।

हालांकि काफी मशक्कत के बाद आक्रोशितों को शांत कराकर सड़क से हटा लिया गया। लेकिन इस दौरान तकरीबन 1 से 2 घंटे तक मुख्य मार्ग बाधित रहा। जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग 2 से सासाराम नगर में प्रवेश करने वाले वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई।

रोहतास से दिवाकर तिवारी