Bihar

Aug 10 2023, 10:10

बिहार बीजेपी प्रभारी तावड़े का बड़ा बयान, कहा-कुशासन के पथ पर अग्रसर बिहार सरकार

डेस्क: बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने प्रदेश के नीतीश सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि बिहार सरकार कुशासन के पथ पर अग्रसर है। 

तावड़े नेजारी बयान में कहा कि वर्ष 2020 के चुनाव में भाजपा ने गठबंधन में बड़ी पार्टी होते हुए भी अपने वायदे को निभाया और तीसरे बड़े दल जदयू को सत्ता की चाभी सौंपी।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में एक वर्ष में अपराध की घटनाओं में उत्तरोत्तर वृद्धि हुई है। रोज हत्या, लूट और दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं। महिलाओं पर अत्याचार और जघन्य अपराध में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई है। बिहार में पुलिस प्रशासन का इकबाल कम हुआ है। 

बिहार के नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं। अपनी पहली कैबिनेट में ही 10 लाख सरकारी नौकरियों का वादा करने वाले लोग अब उन युवाओं पर लाठी से प्रहार कर रहे हैं। शिक्षक अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज और उसके विरोध में भाजपा द्वारा किए गए प्रदर्शन पर भी लाठी चलाई गई। बिहार की शैक्षणिक स्तर में लगातार गिरावट हो रही है। भ्रष्टाचार में तेजी से वृद्धि हुई है। 

भाजपा के साथ रहते हुए डबल इंजन की सरकार में जहां बिहार प्रगति पथ पर आगे बढ़ रहा था, वहीं अब बिहार कुशासन की चोट सह रहा है।

Bihar

Aug 10 2023, 09:42

सीएम नीतीश कुमार ने सड़क मार्ग से पटना के आसपास गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का लिया जायजा, अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा

डेस्क: बीते कुछ दिनो से प्रदेश मे लगातार हो रही बारिश से नदियों के जलस्तर मे बढोत्तरी जारी है। जिसे लेकर सीएम नीतीश कुमार ने सड़क मार्ग से पटना के आसपास गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया। 

मुख्यमंत्री अटल पथ होते हुए जेपी सेतु पहुंचे और गंगा नदी के किनारे बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने गंगा नदी के आसपास के इलाकों की स्थिति को देखा और अधिकारियों से उनकी जानकारी ली। 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंगा नदी के किनारे वाले क्षेत्रों में बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह अलर्ट रहें और सारी तैयारी पूर्ण रखें। 

भ्रमण के दौरान वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन, सूचना एवं जन-सम्पर्क मंत्री संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, पटना के जिलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह मौजूद थे।

Bihar

Aug 09 2023, 09:31

बिहार कैबिनेट की बैठक मे 9 एजेंडो पर लगी मुहर,दुर्घटना में मृत्यु होने पर प्रवासी मजदूरों के परिजनों को अब दो लाख रुपये अनुदान मिलेगा

डेस्क: बिहार कैबिनेट की मीटिंग कुल नौ एजेंडों पर मुहर लगी है। बिहार संग्रहालय से पटना संग्रहालय को जोड़ने वाले सब-वे निर्माण योजना के पुनरीक्षित प्राक्कलन पांच सौ बयालीस करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

श्रीमती दादी जी स्नैक्स पटना और एएफ़पी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी हाजीपुर को वित्तीय प्रोत्साहन क्लीयरेंस की स्वीकृति दी गई है।

जैव विविधता पर्षद में एक जैव स्थानिक विश्लेषक के पद का सृजन किया गया है. राघोपुर और गड़खा में आईटीआई संस्थान की स्थापना के लिए 86 पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है .वहीं इसके लिए चार करोड़ 68 लाख की राशि की स्वीकृति दी गई है.

प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना संशोधन नियमावली 2023 को लागू करने की स्वीकृति दी गई है।

जिसमे दुर्घटना में मृत्यु होने पर प्रवासी मजदूरों के परिजनों को अब दो लाख रुपये अनुदान मिलेगा। अभी तक अनुदान की राशि एक लाख रुपये थी। इस योजना के दायरे में बिहार के बाहर रह रहे करीब 40 लाख प्रवासी मजदूर आएंगे।

 दुर्घटना में प्रवासी मजदूरों की मृत्यु पर अब दो लाख जबकि स्थायी पूर्ण अपंगता पर 75 हजार की जगह एक लाख और स्थायी आंशिक अपंगता की स्थिति में 37500 की जगह 50 हजार मिलेंगे। शहरी आजीविका मिशन के तहत सामाजिक जागरूकता एवं संस्थागत विकास क्रियान्वयन के लिए जीविका को हस्तांतरित करने से संबंधित समझौता प्रारूप की स्वीकृति दी गई है.

Bihar

Aug 08 2023, 09:19

राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिलों मे दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश, आज भी भारी बारिश और वज्रपात की मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

डेस्क : राजधानी पटना समेत सूबे में रविवार को शुरू हुआ बारिश का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। पटना सहित 20 जिलों में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। 

राज्य में सर्वाधिक बारिश मुजफ्फरपुर के मुसहरी में 131.2 मिमी दर्ज की गई। वहीं पटना में 52 मिमी बारिश हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकतर जिलों में एक दो जगहों पर वज्रपात और मेघ गर्जन की चेतावनी जारी की गई है। 

आज मंगलवार को सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सहरसा, कटिहार और पूर्णिया जिलों में एक दो स्थानों पर अतिभारी बारिश का औरेंज अलर्ट है। 

वहीं किशनगंज, पश्चिमी चंपारण, सारण, गोपालगंज एवं वैशाली के एक या दो स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। 

पटना में आज मंगलवार को आंशिक से मध्यम बारिश की स्थिति बनी रहेगी। यहां सोमवार को दिन भर रुक रुककर बारिश होती रही। बादलों के छाने और बारिश जारी रहने से अधिकतर शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री तक नीचे आ गया है।

Bihar

Aug 08 2023, 09:18

सीएम नीतीश का एलान, बिहार संग्रहालय में गांधी जयंती पर आम आदमी को निशुल्क प्रवेश मिलेगा

डेस्क: संग्रहालय में गांधी जयंती (2 अक्टूबर) पर आम आदमी को निशुल्क (मुफ्त) प्रवेश मिलेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसकी घोषणा की। 

उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर, 2017 को बापू के जन्मदिन पर म्यूजियम का निर्माण पूरा हुआ और इसे पूरे तौर पर शुरू कर दिया गया था। लिहाजा, इस दिन संग्रहालय में सबको मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा। यही नहीं, उनके लिए चाय-पानी की भी व्यवस्था की जाएगी।

इसके पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमारने बिहार म्यूजियम बिनाले के दूसरे संस्करण और जी-20 देशों की प्रदर्शनी टुगेदर वी आर्ट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने बिहार म्यूजियम से जुड़ी कई रोचक बातें साझा कीं। 

उन्होंने कहा कि पटना म्यूजियम में दीर्घाओं की कमी के कारण ही बिहार म्यूजियम के निर्माण की योजना बनी। पटना म्यूजियम में भ्रमण के दौरान उन्होंने देखा कि इसका भवन छोटा है और बड़ी संख्या में उपलब्ध प्रदर्शों व मूर्तियों को आधुनिक तरीके से नहीं रखा गया है। कौन सी चीज किस समय की है, उसका क्या महत्व है, यह भी नहीं लिखा गया था। उसी समय मैंने निर्णय लिया कि पटना में अंतरराष्ट्रीय मानक का म्यूजियम बनाया जाए, ताकि बिहार की प्राचीन धरोहरों को सुरक्षित रख सकें और बिहार के गौरवपूर्ण इतिहास से नयी पीढ़ी को अवगत करा सकें। पुरानी चीजों को सहेजना जरूरी है। साथ ही नई तकनीक पर निर्भरता ठीक नहीं है।

सीएम ने कहा कि बिहार म्यूजियम का उद्देश्य ही बिहार की प्राचीन धरोहरों को सुरक्षित रखना और इसके गौरव पूर्ण इतिहास से नई पीढ़ी को अवगत कराना है।

Bihar

Aug 07 2023, 10:53

म्यूजियम बिनाले और बिहार संग्रहालय के छठे स्थापना दिवस समारोह का आज सीएम नीतीश कुमार करेंगे उद्घाटन

डेस्क: बिनाले और बिहार संग्रहालय के छठे स्थापना दिवस समारोह का सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर तीन प्रमुख कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम 31 दिसंबर तक चलेंगे। वहीं विशिष्ठ अतिथि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मौजूद रहेंगे। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री जितेंद्र कुमार राय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। 

इस बात की जानकारी बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस में दी। मौके पर बिहार संग्रहालय के अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा भी उपस्थित थे।

उन्होंने कहा कि म्यूजियम बिनाले के दूसरे संस्करण का आयोजन होने जा रहा है। कार्यक्रम में बिहार संग्रहालय के बनने की कहानी को बताया जायेगा। इसके अलावा प्रदर्शनी में दर्शकों को प्रदेश के पद्मश्री से सम्मानित पांच कलाकारों की कृतियां दिखायी जाएंगी। 

यहां जी-20 के सदस्य देशों व अन्य नौ देशों के कलाकारों की कलाकृतियां भी दिखेंगी। इन प्रमुख देशों में नेपाल, थाइलैंड, पनामा, रूस, इटली आदि शामिल हैं। इसके अलावा देश के दूसरे राज्यों दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, गुजरात की दुर्लभ कलाकृतियां भी देखने को मिलेंगी।

कार्यक्रम के आयोजन से प्रदेश के लोगों को दुनिया के करीब 28 देशों के काम को एक साथ देखने का मौका मिलेगा। आने वाले दर्शकों को सभी गैलरी में किलकारी के बच्चे घुमाएंगे। किलकारी के बच्चों ने बिहार संग्रहालय पर 12 कहानियां तैयार की हैं।

Bihar

Aug 06 2023, 12:03

नियोजित शिक्षकों के लिए खुशखबरी, सीएम ने शिक्षकों के लिए हर संभव कार्य करने का दिया आश्वासन

डेस्क : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नियोजित शिक्षकों के मुद्दे पर शनिवार को बड़ी बैठक की। शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने के साथ-साथ अन्य सुविधा उपलब्ध कराने जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बैठक में महागठबंधन के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ इन मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। शीघ्र ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक में शिक्षा विभाग के आला अधिकारी भी मौजूद थे।

बैठक के बाद सहयोगी दलों के नेताओं ने बातचीत को काफी सकारात्मक बताया और कहा कि मुख्यमंत्री ने सारी बातें ध्यान से सुनीं। सीएम ने सरकार की ओर से शिक्षकों के लिए किये गए कार्यों और किये जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों को लेकर हमेशा गंभीर रही है और उनके कल्याण के लिए चिंतित भी रहती है। सीएम ने शिक्षकों के लिए हर संभव कार्य करने का आश्वासन दिया।

बैठक के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने कहा कि बातचीत बेहद सकारात्मक रही। नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा से लेकर तमाम मुद्दों पर बातचीत हुई। सीएम ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी बुला रखा था। उन्होने भी हमारी बातें ध्यान से सुनीं। हमें विश्वास है कि हमारी बातचीत के सकारात्मक परिणाम निकलेंगे। खान ने बीपीएससी द्वारा शिक्षकों की नियुक्ति कराने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षा विभाग द्वारा हाल में लिए गए निर्णय को बेहतर बताया। 

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने सबकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना। बाद में उन्होंने पदाधिकारियों से भी इस संबंध में बात की। खान ने मुख्यमंत्री से कहा कि आपने शिक्षकों के लिए बहुत कुछ किया है। नियोजित शिक्षकों की मांग है कि उन्हें राज्यकर्मी का दर्जा मिले। आप इसपर भी गंभीरता से विचार करें।

Bihar

Aug 06 2023, 10:58

बिहार कैबिनेट का जल्द होगा विस्तार, कांग्रेस को भी मिलेगी जगह : अखिलेश सिंह

डेस्क : बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा है कि बिहार कैबिनेट का विस्तार शीघ्र ही होगा। इस पर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से बात हुई है। वे पटना लौटने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बात करेंगे। उसके बाद निर्णय होगा।

बीते शनिवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस को कोई नजरअंदाज नहीं कर सकता। दावा किया कि बोर्ड-निगमों में भी कांग्रेस को उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा। अभी कई बोर्ड-निगम में पद रिक्त हैं। कांग्रेस को उसमें अवश्य जगह मिलेगी। उन्होंने इन सबके लिए थोड़ी प्रतीक्षा करने को भी कहा। 

मौके पर कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदनमोहन झा, विजेन्द्र चौधरी, प्रेमचन्द्र मिश्रा मौजूद थे।

Bihar

Aug 06 2023, 09:59

डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का केन्द्र सरकार पर बड़ा आरोप, कहा-विपक्ष को किसी न किसी तरीके से किया जा रहा तंग

डेस्क : बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने केन्द्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को किसी न किसी तरीके से तंग किया जा रहा है। 

बीते शनिवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद एवं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव नई दिल्ली से वापस पटना लौट गए। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सर्वोच्च न्यायालय से मिली राहत का स्वागत किया और कहा कि यह न्याय की जीत है। राहुल गांधी को तंग किया जा रहा था, हालांकि सारे ही विपक्ष को किसी न किसी तरीके से तंग किया जा रहा है। लड़ने पर ही जीत होती है, जो लड़ेगा वह जीतेगा। जो नहीं लड़ेगा वो हारेगा।

बता दें मंगलवार को दोनों नेता नई दिल्ली गए थे। उसी दिन पटना उच्च न्यायालय ने राज्य में जाति आधारित गणना को लेकर अपना फैसला सुनाया था और गणना पर लगायी गयी रोक को हटा लिया था। राजद सूत्रों के मुताबिक लैंड फॉर जॉब मामले में अपने अधिवक्ताओं से बातचीत करने और विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं से मिलने को लेकर दोनों नेता नई दिल्ली गए थे।

Bihar

Aug 06 2023, 09:57

बिहार बीजेपी कोर कमेटी की बैठक लिया गया यह बड़ा निर्णय, आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर बिहार के सांसद व केन्द्रीय मंत्री करेंगे यह काम

डेस्क : बीजेपी आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी गई है। चुनाव के मद्देनजर बिहार भाजपा के सांसद व केंद्रीय मंत्री लोकसभा क्षेत्रों में दो-दो दिनों का प्रवास करेंगे। इस दौरान वे जनता की समस्याओं का निदान करेंगे। साथ ही, मोदी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के बारे में बताएंगे। शनिवार को प्रदेश कार्यालय में कोर कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बिहार भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े, सह प्रभारी हरिश द्विवेदी व सुनील ओजा, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय व अश्विनी कुमार चौबे शामिल हुए। 

बैठक की बाबत प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। बूथस्तर तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है। लोकसभा के अन्तर्गत कमेटियों का गठन किया जाएगा। बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुखों की तैनाती रहेगी। बिहार भाजपा के नेता-कार्यकर्ताओं का अब एक ही मिशन राज्य की सभी 40 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करना है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता अभी से ही जी-जान से जुट जाएंगे। 

बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र, प्रदेश संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया, नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जयसवाल, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, राधा मोहन सिंह, सैयद शाहनवाज हुसैन, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव, मंगल पांडेय, डॉ. प्रेम कुमार व जनक राम, विधान पार्षद डॉ. नवल किशोर यादव व डॉ. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता शामिल थे। वर्चुअल माध्यम से इस बैठक में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह शामिल हुए।