Rohtas

Jul 22 2023, 18:19

रोहतास: वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक के साथ एक चोर गिरफ्तार

रोहतास: जिले के कछवां थाना की पुलिस ने शनिवार को थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेट हाईवे 81 नासरीगंज-सकरडीह मुख्य पथ पर ग्राम कैथी के समीप वाहन चेकिंग अभियान चलाया। 

इस दौरान चंदन कुमार पिता स्वर्गीय शिव शंकर सिंह ग्राम पनवारी मठिया थाना सिकरहटा जिला भोजपुर को चोरी की बाइक के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

 इस संदर्भ में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष मितेश कुमार ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी के बाइक के साथ एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। 

गिरफ्तार चोर से बाइक के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा।

Rohtas

Jul 22 2023, 17:17

लोकसभा चुनाव को लेकर जदयू अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की हुई बैठक, सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की दी गई जानकारी

रोहतास: खबर बिहार के रोहतास जिले से हैं जहां बिहार सरकार के मद्म निषेध एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार ने जिला अतिथि गृह में आयोजित एक कार्यकर्ता बैठक के पश्चात पत्रकारों से रूबरू होते हुए आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

 उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर जदयू प्रदेश के सभी जिलों में घूम-घूम कर सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी लोगों के बीच साझा कर रही है। जिससे पार्टी को आगामी चुनाव में और सशक्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि एनडीए का मुकाबला करने के लिए जो अलाएंस बनाया गया है उसमें अलग अलग विचारधारा की पार्टियां शामिल हैं जिनका एक ही मकसद है लोकतंत्र को बचाना।

 वहीं शराबबंदी के सवाल पर उन्होंने कहा कि बिहार हीं एक ऐसा प्रदेश है जहां पूर्ण शराबबंदी लागू है तथा इसे और प्रभावकारी ढंग से लागू करने के लिए समय-समय पर संशोधन भी किए जा रहे हैं। जब कभी भी समाज सुधार के लिए कोई कानून बनता हैं तो कुछ लोग उसका अपने फायदे के लिए उल्लंघन करते रहते हैं। आज प्रदेश की महिलाएं शराब बंदी के पक्ष में है तथा सड़क दुर्घटना से लेकर अपराध में भी काफी कमी आई है।

इसके साथ हीं मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि मणिपुर सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। वहां जो कुछ भी हुआ उससे मानवता शर्मसार हुई है। इसलिए केंद्र सरकार को हस्तक्षेप कर वहां शांति बहाली के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए।

जबकि कार्यकर्ता बैठक में पहुंचे जदयू अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री संतोष निराला ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी के निर्देश पर दलित संगठनों की मजबूती के लिए कार्य किया जा रहा है। ताकि बाबासाहेब द्वारा दिए गए अधिकारों एवं संविधान को बचाया जा सके। कार्यकर्ता बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष अजय कुशवाहा, जिला प्रवक्ता अलख निरंजन, जमालुद्दीन सिद्दीकी, नेहा नटराज, सिकंजय सिंह, किरण सिंह सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Rohtas

Jul 21 2023, 19:31

अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठी आशा कार्यकर्ताओं के समर्थन में आगे आए माले विधायक, दुर्व्यवहार करने वाले एसडीएम पर कार्रवाई करने की रखी मांग

रोहतास : जिले के डेहरी एसडीएम अनिल कुमार सिन्हा द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठी आशा कार्यकर्ताओं के साथ किये गये कथित दुर्व्यवहार के समर्थन में काराकाट से माले विधायक अरुण कुमार सिंह उतर गए हैं। 

आज शुक्रवार को विधायक ने डेहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर हड़ताल पर बैठी आशा कार्यकर्ताओं के आंदोलन को समर्थन किया। इस दौरान विधायक अरुण कुमार सिंह ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं की जो मांगे हैं वह वाजिब है और सरकार को भी इनकी मांगों को पूरी करनी चाहिए। 

उन्होंने कहा कि मैं खुद आशा कार्यकर्ताओं की मांगों को सरकार से पूरी करने की मांग करूंगा। इसके साथ ही डेहरी एसडीएम अनिल कुमार सिन्हा द्वारा आशा कार्यकर्ताओं के साथ किए गए दुर्व्यवहार पर कहा कि तानाशाह रवैया को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आज तक बिहार में किसी की तानाशाही नहीं चली है। वहीं एसडीएम के विरुद्ध सरकार से कार्रवाई करने की मांग करने की बात कही है।

बताते चलें कि दो दिन पूर्व आशा कार्यकर्ताओं द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने डिहरी एसडीएम अनिल कुमार सिंह पर धक्का-मुक्की करते हुए दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 21 2023, 19:03

विषैला सांप के काटने से महिला की मौत, परिवार मे मचा कोहराम


रोहतास : जिले के कोचस प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नरवर गांव मे बृहस्पतिवार की संध्या में अपने घर में कार्य कर रही एक महिला को बिसैले सर्प ने डंस लिया। जिसे इलाज के लिए ले जाने के क्रम में मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान नरवर गांव के राजेंद्र राम की पत्नी शारदा देवी के रूप में हुई है। 

घटना के संबंध में बताया जाता है कि शारदा देवी अपने घर में कार्य कर रही थी तभी विषैला सर्प ने डस लिया। जिससे उनकी तबीयत बिगड़ती गई। इसके बाद परिजनों द्वारा महिला को इलाज के लिए आनन फानन में बक्सर ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। 

मौत के बाद यह खबर आग की तरह पंचायत में फैल गई। जिसके बाद मुन्ना यादव, अजीत राम, उपेंद्र कुमार, सहित अन्य लोगों ने गरीब के घर पहुंच कर राशि का सहयोग किया।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 21 2023, 16:47

वाहन जांच अभियान के दौरान 1.36 लाख रुपए वसूला गया जुर्माना

रोहतास। जिले में सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी रामबाबू के नेतृत्व में शुक्रवार को शहर के पुरानी जीटी रोड पर सघन जांच अभियान चलाया गया।

इस दौरान शहर के विभिन्न जगहों पर सड़क दुर्घटना में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे लोगों से बड़े पैमाने पर जुर्माना वसूला गया तथा कई वाहन चालकों को कड़ी फटकार भी लगाई गई। जांच अभियान के संदर्भ में जिला परिवहन पदाधिकारी रामबाबू सिंह ने बताया कि जिले में आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन विभाग की ओर से लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। जिससे लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति अधिक से अधिक जागरूक किया जा सके।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान दर्जनों दुपहिया व चारपहिया वाहनों को पकड़कर उनके कागजात आदि की जांच कराई गई। वहीं बिना हेलमेट, प्रदुषण, फीटनेस, अधुरे कागजात, सीटबेल्ट एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से जुर्माना राशि भी वसूल किया गया। डीटीओ ने बताया कि इस दौरान कुल 32 वाहनों से लगभग एक लाख 36 हजार रुपए की जुर्माना राशि वसूल की गई है। हालांकि चेकिंग अभियान को देखकर कुछ वाहन चालक इधर उधर भागते हुए भी देखे गए।

डीटीओ ने कहा कि यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने एवं सड़क जाम की स्थिति को देखते हुए आगे भी यह अभियान लगातार चलाया जाएगा। वाहन जांच के दौरान प्रशिक्षु एमभीआई, एएसआई सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Rohtas

Jul 21 2023, 16:14

रोहतास के पर्यटन स्थल बनेंगे बिहार के नए इको टूरिज्म डेस्टिनेशन- अभय कुमार सिंह, सचिव, बिहार पर्यटन

पर्यटन स्थलों के समग्र विकास हेतु पर्यटन सचिव ने किया निरीक्षण, पर्यटकीय सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश

रोहतास। बिहार में इको टूरिज्म के सम्यक विकास की संभावनाओं पर पर्यटन विभाग सतत कार्यशील है। विभागीय सचिव अभय कुमार सिंह ने इको सर्किट के विकास को लेकर रोहतास के विभिन्न पर्यटन स्थलों का गुरुवार को स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पर्यटन स्थलों के विस्तृत विकास हेतु योजना बनाकर क्रियान्वयन के निर्देश दिए। ताकि रोहतास के पर्यटन स्थल राज्य में इको टूरिज्म के नए डेस्टिनेशन के रूप में विकसित हो सके। 

उपमुख्यमंत्री सह पर्यटन मंत्री तेजस्वी यादव के निर्देशानुसार किए गए निरीक्षण के क्रम में पर्यटन सचिव ने सबसे पहले शेरगढ़ किले के नीचे खाली पड़ी लगभग 5 एकड़ जमीन का मुआयना किया और कहा कि शेरगढ़ किला देखने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिसको देखते हुए उनके लिए और भी सुविधाएं विकसित करने की योजना पर पर्यटन विभाग काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यहां एक वृहत इंटरटेनमेंट और एक्टिविटी जोन के निर्माण पर विचार किया जा रहा है, जहां कैफेटेरिया, झूले, रॉक क्लाइम्बिंग, गो-कार्टिंग जैसी सुविधाएं देकर पर्यटकों को आकर्षित किया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद जिला पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार और वन प्रमंडल पदाधिकारी, रोहतास को जमीन को चिन्हित करते हुए एक सप्ताह में पर्यटन विभाग को विस्तृत विवरणी देने के निर्देश दिए। ताकि इस योजना पर अविलंब कार्य शुरू किया जा सके।  

इसके बाद पर्यटन सचिव ने अधिकारियों के साथ दुर्गावती जलाशय का निरीक्षण किया और जलाशय में नौका विहार करने के बाद कहा कि यहां पूर्व से पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के द्वारा बड़े बोट संचालित किए जा रहे हैं, इसके साथ ही यहां पर्यटन विभाग भी 4 और 6 सीटर वाले छोटे बोट संचालित करेगा ताकि छोटे परिवार या दोस्तों के साथ आने वाली छोटी टोली भी आकर जलाशय में नौका विहार कर सके। सचिव ने तदोपरांत सीता कुंड का निरीक्षण कर बैरिकेडिंग को और विस्तृत करते हुए अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों को दिए। 

सचिव ने इसके उपरांत मांझर और धुआं कुंड का जायजा लिया और कहा कि पर्यटन विभाग मांझर कुंड और धुआं कुंड के विस्तृत विकास के लिए पूरी कार्ययोजना बना चुका है। यहां पर्यावरणीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए कैफेटेरिया, गैजिबो और झूला ब्रिज आदि लगाकर पर्यटकों के लिए टूर पैकेज विकसित करने पर विचार किया जा रहा है।

उन्होंने यहां पूर्व निर्मित संरचनाओं को जीर्णोद्धार कर पर्यटकीय सुविधाएं निर्मित करने के निदेश दिए। सचिव ने रोहतासगढ़ रज्जू मार्ग योजना का स्थल निरीक्षण किया और एजेंसी को निश्चित समयावधि में कार्य पूरा करने के निर्देश जारी किए। सचिव ने बताया कि बारिश की वजह से काम में थोड़ी देर हुई है और फाउंडेशन वगैरह के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी। उन्होंने योजना में धीमे कार्य को देखते हुए असंतोष जाहिर किया और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता से इस हेतु स्पष्टीकरण पूछने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 6 महीनों के अंदर रोहतासगढ़ रज्जूमार्ग योजना को हर हाल में पूरा करें। ताकि पर्यटक रोहतासगढ़ के वादियों का आनंद जल्द से जल्द उठा सकें। इस दौरान उन्होंने तुतला भवानी में एक अतिरिक्त झूला पुल, चेंजिंग रूम, सीढ़ियों पर फिसलन मुक्त टाइल्स लगाने के निदेश दिए ताकि यहां आनेवाले पर्यटकों को बेहतर पर्यटकीय सुविधाएं प्रदान की जा सके।

निरीक्षण के दौरान डीएम धर्मेंद्र कुमार, प्रबंध निदेशक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम नंदकिशोर, महाप्रबंधक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम अभिजीत कुमार, डीडीसी रोहतास शेखर आनंद, डीएफओ रोहतास मनीष कुमार वर्मा, सासाराम अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार, डेहरी अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा सहित पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के सभी पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Rohtas

Jul 20 2023, 19:14

मोटे अनाज फसलों के उत्पादन व प्रसंस्करण विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

रोहतास : कृषि विज्ञान केंद्र बिक्रमगंज के द्वारा गुरुवार को मोटे अनाज फसलों के उत्पादन एवं प्रसंस्करण विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए प्रोफेसर एवं प्रधान डॉ शोभारानी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिकीकरण और मशीनीकृत कृषि के कारण अधिक उपज वाले बीज आ गए है। जिसके बाद लोगों का रुझान चावल और गेहूं के उत्पादन के प्रति बढ़ गया है तथा परिणामस्वरूप मोटे अनाज की खपत और खेती दोनों सीमित हो गई है। परंतु वर्तमान समय और बदलती जलवायु परिस्थितियों के मद्देनजर किसानों को मोटे अनाजों का उत्पादन करने की जरूरत है। 

मोटे अनाज की फसल में अन्य सामान फसल की तुलना में कम जल और कृषि साधनों की जरूरत होती है। इन अनाजों में प्रमुख रूप से मडवा, चीना पुटकी, बाजरा, कोदो सावां एवं कंगनी इत्यादि फसलें आती हैं। इन्हें न्यूट्री- सीरियल्स के रूप में जाना जाता है। क्योंकि ये मानव शरीर के लिए आवश्यक अधिकांश पोषक तत्व प्रदान करते हैं। जबकि मोटे अनाज में कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स (जीआई) होता है और यह मधुमेह की रोकथाम में भी मददगार होते हैं। ये आयरन, जिंक और कैल्शियम जैसे खनिजों का अच्छा स्रोत हैं। मोटे अनाज वजन कम करने और उच्च रक्तचाप में मददगार होते हैं। 

कार्यक्रम में उपस्थित डॉक्टर रामाकांत सिंह ने मोटे अनाजों की खेती की जानकारी उपस्थित महिला कृषकों को प्रदान की। उन्होंने बताया की सभी तरह के मोटे अनाजों की खेती रोहतास जिले में की जा सकती है , विशेषकर डेहरी, तिलौथू, रोहतास, चेनारी इत्यादि प्रखंडों में इसकी खेती व्यापक पैमाने पर संभव है। जिले में कुछ किसान इसकी खेती कर अच्छी आमदनी प्राप्त कर रहे हैं। आमतौर पर मोटे अनाज गेहूं एवं चावल से अधिक कीमत पर बाजार में बिकते हैं। 

वहीं मत्स्य वैज्ञानिक डॉ आर के जलज ने बताया कि बदलते जलवायु में पानी की कमी के कारण मोटे अनाज वर्गीय फसल को उपजाना ज्यादा अच्छा है और इसको खाने में प्रयोग करना स्वास्थ्य के लिए भी बेहद अनुकूल है। आजकल मोटे अनाज के आटे द्वारा बिस्कुट, लड्डू , केक एवं चॉकलेट इत्यादि बनाकर बाजार में बेचे जा रहे हैं। डॉ रतन कुमार ने कृषकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा वर्तमान में पोषण सुरक्षा हेतु इन अनाजों का बढ़ावा दिया जा रहा है। मिड डे मील एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली योजना में इन अनाजों को शामिल कर उपलब्ध कराया जा रहा है। 

कार्यक्रम में जीविका कोऑर्डिनेटर प्रियदर्शनी की अगुवाई में सूर्यपुरा, धनगाई, मानी, तिलई इत्यादि ग्रामों से कुल 40 महिला प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए। 

महिला किसानों में मीना देवी, नेहा कुमारी, माया देवी, उषा देवी, रेखा देवी, सिंकी कुमारी, रितु कुमारी, खुशबू कुमारी, दमयंती देवी, धर्मशिला कुमारी , हरेंद्र कुमार, सुबेश कुमार, प्रवीण कुमार, अभिषेक कुमार, राकेश कुमार इत्यादि उपस्थित थे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 20 2023, 18:01

भूमिहीन गरीबों के लिए किसान मजदूर सभा ने सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन

रोहतास : भूमि सुधार सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शहर के पोस्ट ऑफिस चौराहे को जाम कर अपना विरोध जताया। 

इस दौरान विरोध प्रदर्शन में शामिल सैकड़ों महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाते हुए मुख्य सड़क को जाम कर दिया। जिससे पुरानी जीटी रोड पर घंटो जाम की स्थिति बनी रहे तथा लोगों को इस भीषण गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

हांलांकि सड़क जाम की सूचना पर पहुंचे कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रमा राम, अंचलाधिकारी एवं डीसीएलआर ने घंटों मशक्कत के बाद किसी तरह प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया। जिसके बाद यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया जा सका। 

किसान मजदूर सभा का कहना है कि सरकार के समक्ष किसानों की कई मांगों को रखा गया है। लेकिन सरकार द्वारा लगातार किसानों की मांगों को अनसुना किया जा रहा है। इसी को लेकर अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा की रोहतास जिला कमेटी ने बाध्य होकर अपने कार्यकर्ता व समर्थकों के साथ सड़क जाम किया है। 

वहीं अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा के आंदोलनकारी जिला महासचिव ने बताया कि सरकार सिर्फ गरीबों को आश्वासन देती है। आश्वासन पर कभी भी अमल नहीं किया जाता। 

उन्होंने बताया कि भूमिहीन बेघरों को 5 डिसमिल जमीन अबतक पूर्ण रूप से उपलब्ध नहीं कराया गया है। जबकि भूमि सुधार कानून भी कड़ाई से लागू नहीं किया जा रहा है। जिससे गरीब परेशान हैं। 

सड़क जाम कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर सरकार भूमिहीन गरीबों के हक व अधिकार के लिए कोई कदम नहीं उठाती है तो आगे आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 20 2023, 16:18

आशा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर डीएम को सौंपा मांग पत्र

रोहतास। आशा संयुक्त संघर्ष मंच के बैनर तले अपने 9 सूत्री मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार को मांग पत्र सौंपा है। अपने 9 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे आशा कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया तथा सरकार के खिलाफ व अपने मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल डीएफ से भी मिला।

जहां अपनी मांगों का एक ज्ञापन उनके द्वारा सौंपा गया। इस संदर्भ में आशा संघर्ष मंच के संयोजक शंभू नाथ पांडे ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल के नौवें दिन जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार को मांग पत्र सह अनुरोध पत्र सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं की 9 सूत्री मांगे हैं।

जिसमें 10 हज़ार वेतन करने, कोरोना काल में कार्य कर रहे आशा कार्यकर्ताओं को 10 हज़ार कोरोना भता भुगतान करने, मौसमी ड्रेस उपलब्ध कराने, सरकार के सरकारी कर्मियों की तरह वेतन भुगतान करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ देने, रिटायरमेंट पैकेज में एकमुश्त 10 लाख भुगतान करने, पूर्व में आशा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने सहित अन्य मांगें शामिल है।

आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर सरकार उनकी मांगे पूरा नहीं करती है तो आगे स्वास्थ्य व्यवस्था भी बाधित किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान विद्यावति पांडे, लालती कुंवर, शंभू पांडे, रितु देवी, इंदु देवी, देवंती कुंवर, निर्मला देवी, सुशीला देवी, रीना देवी, प्रभावती देवी, कांति देवी, सविता देवी, प्रेमा देवी, उषा कुमारी, प्रमिला देवी, गिरिजा देवी, गीता देवी, तेतरी देवी, जीरमनी देवी, रेखा देवी सहित कई आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Rohtas

Jul 19 2023, 19:53

बालिका उच्च विद्यालय में सेनेटरी पैड का किया गया वितरण, महामारी से बचाव के बताए गए तरीके

रोहतास : जिले के करगहर स्थित बालिका उच्च विद्यालय में मुख्यमंत्री उघमी योजना के तहत युवराज मेडिको प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधक अनामिका सिंह ने सेनेटरी पैड वितरण कर छात्राओ को जागरूक किया गया। 

स्कूल की अध्यापिकाओं और छात्राओं ने युवराज मेडिको प्राइवेट लिमिटेड की मुहिम से प्रेरित होकर महामारी से होने वाली बीमारियों से बचाव और सेनेटरी पेडस के इस्तेमाल के तरीके पर चार्ट्स बनाकर छात्राओं ने अपना सहयोग दिया। 

युवराज मेडिको प्राइवेट लिमिटेड ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि हर महीने महिलाओं को होने वाली समस्याओं से रुढ़िवादी सोच के चलते बात करने से बचा जाता हैं। 

उन्होंने छात्राओं को इन समस्याओं का समाधान बताते हुए कहा कि माहवारी के दौरान खान पान का विशेष ध्यान रखे। इसी के साथ साथ हमे शारारिक ओर मानसिक तौर से सशक्त बनना होगा। रूढ़िवादी कुरीतियों से बाहर आकर ही हम कुछ कर सकते है। उन्होनें बताया कि सेनेटरी पैड का वितरण अभियान जिले के सभी स्कूल कॉलेज में किया जाएगा। 

मौके फील्ड मैनेजर रवि प्रकाश, दीपमाला कुमारी, नुसरत जहा, गुड्डी कुमारी सहित कई छात्राओं को जागरूक किया।

रोहतास से दिवाकर तिवारी