Amethi

Jul 02 2023, 19:28

*विद्युत सप्लाई फेल,अन्नदाता परेशान: आरपी पाण्डेय*


अमेठी। किसान मजदूर संगठन उत्तर प्रदेश लखनऊ प्रदेश अध्यक्ष आरपी पाण्डेय ने स्थानीय निरीक्षण गृह अमेठी मे रविवार को बताया कि विद्युत सप्लाई चरमरा गयी है। 

अधिशाषी अभियन्ता अमेठी, उप खण्ड अधिशाषी अधिकारी अमेठी,भेटुआ अभियन्ता,अवर अभियन्ता बेनीपुर मनमानी रवैया अपनाए हुए है। अवर अभियन्ता लाईमैन पर आरोप लगाते है। अपनी जिम्मेदारी कोई लेना तैयार नही है। धान की रोपाई के लिए पिग समय चल रहा है। देश के अन्नदाता परेशान है।

 उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री लाख दावा करे। कि विद्युत की चेकिंग आनावश्यक ना करे। लेकिन विद्युत विभाग के कर्मचारी उस पर पानी फेर रहे है।

Amethi

Jul 02 2023, 16:00

*सर्पदंश से युवती की हुई मौत*


शाहगढ़/अमेठी। रात्रि में सोते समय युवती को सांप ने काट लिया, जिसकी इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। गौरतलब हो कि कोतवाली मुंशीगंज के रमाकांत तिवारी पुत्र स्व. रामेश्वर वासी पूरे लीला पाण्डेय, मजरे लोहंगपुर की नातिन खुशी मिश्रा पुत्री बंशराज वासी ग्राम भीखीपुर कोतवाली मुसाफिरखाना अपने नाना के रहकर पढ़ाई करती थी।

देर रात खाना खाने के बाद सभी परिजन कमरे में लेट गये, खुशी को कान के पास किसी जहरीले जन्तु के काटने की जानकारी होते ही नाना नानी को बात बताई, जिसकी जानकारी होते ही परिजन इलाज के लिए जिला अस्पताल सुल्तानपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर राजस्व कर्मी मनीष सरोज, वीरेन्द्र सरोज मौके पर पहुंचकर पीड़ित के परिजनों से मिलकर हर सम्भव सरकारी मदद का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हैं।

Amethi

Jul 01 2023, 19:57

*लोक कल्याण दिवस के रूप में मनाया गया अखिलेश यादव का जन्मदिवस, जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का लिया संकल्प*


अमेठी- जिला मुख्यालय समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिवस लोक कल्याण दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर सपा सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए जनहित कार्यों को जनता के बीच पहुंचाते हुए मिशन 2024 में भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राम उदित यादव व जिला महासचिव अरशद अहमद ने किया। जिसमें पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सपा मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चित्र के पास रखे हुए केक को काटकर उन्हें खिलाते हुए उनकी दीर्घायु लम्बी उम्र की कामना की।

जिलाध्यक्ष ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्रदेश में चहुंओर त्राहिमाम मचा हुआ हैं, जनता पूरी तरह से त्रस्त हैं, युवाओं को बेरोजगारी, किसानों की समस्या, बढ़ती हुई मंहगाई, आवारा पशु, अघोषित बिजली कटौती, कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी हैं। जेल, थाना, घर और बाजार में खुलेआम हत्याएं हो रही हैं। और प्रदेश में जब जब भी सपा सरकार की सरकार रही हैं, तब प्रदेश में चहुओर विकास की गंगा बहती हुई नजर आई। सपा प्रमुख का शासन काल तो प्रदेश के विकास का स्वर्णिम काल था, उस दौर में पूरे प्रदेश में मेट्रो रेल सेवा, एक्सप्रेस वे का निर्माण, एम्बुलेंस सेवा 102, 108, पुलिस व्यवस्था में सुधार करने की कड़ी में यूपी 100, समाजवादी पेंशन, कैंसर अस्पताल, लोहिया आवास योजना, छात्राओं को कन्या विद्याधन, लैपटॉप, टैबलेट, मुफ्त सिंचाई योजना आदि सहित दर्जनों योजनाएं लाकर प्रदेश में चहुओर विकास के आयाम खोलें। जिसे पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का दायित्व बनता हैं कि मुखिया के जन्मदिवस को लोक कल्याण दिवस के रूप में मनाते हुए, उनके द्वारा कराये हुए जनहित कार्यों को जन जन तक पहुंचाकर इस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेना हैं। जिससे मिशन 2024 में इस तानाशाह, जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंका जा सके।

कार्यक्रम में तुफैल खान, चंद्रशेखर यादव, राम केवल यादव, राकेश कौहार, डॉ सी पी यादव, दीपू तिवारी, मुकेश विश्वकर्मा, बृजेश गौतम, सुनील यादव, शिव शंकर गुप्ता, महेन्द्र शुक्ला, कुलदीप शुक्ला, राम हेत यादव, गुंजन सिंह, मीना सिंह, बिमलेश सरोज, लाली, सोनम आदि मौजूद रहे।

Amethi

Jul 01 2023, 19:42

*धूमधाम से मनाया गया सपा मुखिया अखिलेश यादव का जन्मदिन*


अमेठी- सपा मुखिया अखिलेश यादव आज 50 साल के हो गए। अमेठी में सपा मुखिया का जन्मदिन लोक कल्याण दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अमेठी सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने किया। वहीं कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महासचिव अरशद अहमद के द्वारा किया गया। जिले के सभी पदाधिकारियों एवम कार्यकर्ताओं द्वारा सपा सुप्रीमो के लंबे उम्र की कामना करते हुए उनके चित्र पर केक खिलाकर बधाई संदेश दिया। वही समाजवादी पार्टी के नेताओ द्वारा आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर एकजुटता का संदेश दिया गया। जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने केक काटकर सपा मुखिया अखिलेश यादव के चित्र पर खिलाया तथा उनके दीर्घायु होने की कामना की।

वरिष्ठ सपा नेता चौधरी सुखराम यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए यह बताया कि आगामी चुनाव में पार्टी सबसे बेहतर प्रदर्शन करेगी। हमें जरूरत है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के किये गए जनहित कार्यो को जनता तक पहुँचाना यदि हम अखिलेश यादव जी के द्वारा किये गए कार्यो को जन जन तक पहुँचाने में सक्षम रहे तो यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगा कि आने वाला 2024 समाजवादियों का होगा साथ ही केंद्र की सत्ता में सपा और मजबूत होगी। कहा जाता है कि दिल्ली का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर के गुजरता है और हमें अपनी पूरी ताकत के साथ अपना बूथ जीतकर के राष्ट्रीय अध्यक्ष के हाथों को मजबूत करना है।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष राम उदित यादव, जिला उपाध्यक्ष राजा सिंह, जिला महासचिव अरशद अहमद, अमेठी विधानसभा अध्यक्ष मनीराम वर्मा, गिरीश यादव, जैनुल हसन, गुंजन सिंह, अवधेश बहादुर यादव, रामहेत यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राकेश यादव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जगदीशपुर विमलेश सरोज, पूर्व जिलाध्यक्ष महिला सभा मीना सिंह, लवकुश यादव, डॉ. राम अवध यादव , लालजी यादव, मोहम्मद लईक, मो. अकरम सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

Amethi

Jul 01 2023, 15:40

*संपूर्ण समाधान दिवसःजिलाधिकारी ने सुनी जनता की शिकायतें, अधिकारों से जन समस्याओं को गंभीरता से लेने का निर्देश*


अमेठी, जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आज जनपद की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में तहसील अमेठी में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्या सुनकर मौके पर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतें लंबित न रखी जाये, शिकायतों को गम्भीरता से लिया जाये। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में समय से आकर जन समस्याएं सुनें तथा उनका निस्तारण कराना सुनिश्चित करें इसमें लापरवाही किए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस विभाग के संबंधित शिकायतों को पुलिस अधीक्षक डॉ इलामारन जी ने सुना एवं संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। आज संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग, पुलिस विभाग तथा विकास विभाग से संबंधित प्राप्त हुई। जिनके निस्तारण हेतु जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने लेखपालों को निर्देश दिए कि गांव में जाकर निरंतर भ्रमण कर अवैध कब्जा सहित छोटे-मोटे विवाद निपटाएं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि ग्रामीणों के शिकायती पत्र प्राप्त होते ही तुरन्त कार्यवाही अमल में लाई जायें ताकि तत्समय मौके पर ही निस्तारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि जन सामान्य के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगो को दिया जाना सुनिश्चित किया जाये। शासन द्वारा संचालित योजनाएं पात्र व्यक्ति तक अवश्य पहुंचनी चाहिए।

आज तहसील अमेठी में कुल 107 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें 04 शिकायत का मौके पर निस्तारण कराया गया, तहसील तिलोई में 37 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें 09 का निस्तारण किया गया, तहसील गौरीगंज में 25 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें 02 का निस्तारण किया गया तथा तहसील मुसाफिरखाना में 58 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से 02 शिकायतों का निस्तारण किया गया तथा शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीमें मौके पर भेजी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन जन समस्याओं के निस्तारण के प्रति अत्याधिक गम्भीर है और इसमें उदासीनता एवं लापरवाही क्षम्य नही होगी। उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने कार्यालय समय से पहुंचे व जन समस्याएं सुनकर उनका निस्तारण करना सुनिश्चित कराएं।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी अमेठी प्रीति तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी अमेठी लल्लन, जिला विकास अधिकारी तेजभान सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए आशुतोष दूबे, तहसीलदार अमेठी पवन शर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Amethi

Jul 01 2023, 15:29

*डीएम की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु एवं औद्योगिक व्यापारिक सुरक्षा फोरम की बैठक, उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान का न


अमेठी- जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु एवं औद्योगिक/व्यापारिक सुरक्षा फोरम की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में उद्योग व्यापार मेमोरेण्डम की समीक्षा, एक जनपद एक उत्पाद/मूंज क्राफ्ट के अन्तर्गत वित्त पोषण हेतु सहायता योजना संचालित किये जाने की स्वीकृति तथा विद्युत भार स्वीकृति एवं ऊर्जीकरण पर विचार, पूंजी निवेश, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री रोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, सीएसआर के अंतर्गत विभिन्न इकाइयों से प्राप्त प्रस्ताव की सहमति पर विचार सहित औद्योगिक संगठनों/उद्यमियों की सुरक्षा व्यवस्था तथा प्राप्त शिकायतों का निस्तारण के संबंध में समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योग बन्धु एवं औद्योगिक/व्यापारी बन्धु की समस्याओं का निराकरण सम्बन्धित अधिकारी प्राथमिकता के साथ करें और व्यापारिक सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिये जाये। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यम स्थापना में कोई समस्या आ रही हो तो समिति को अवगत करायें। उन्होंने उद्योग/व्यापार संगठनों की समस्याओं को सुना तथा औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर की सड़कों को उच्चिकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के साथ जर्जर पेडों को कटवाने, नालियों एवं नालो की साफ-सफाई करवाने सहित बैंकों से सम्बन्धित विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश सम्बन्धित को दिये। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि व्यापार बन्धुओं की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के साथ किया जाए।

बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र राजीव कुमार पाठक ने करते हुए गत बैठक की कार्यवाही सहित बैठक के एजेण्डा बिन्दुओं को समिति के समक्ष रखा तथा बैठक के अन्त में उपस्थित सभी के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी महेन्द्र कुमार, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक विमल कुमार गुप्ता, अधिशासी अभियंता यूपीएसआईडीसी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व उद्यमी उपस्थित रहे।

Amethi

Jul 01 2023, 15:28

*प्रभारी मंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण, ग्राम पंचायत में चौपाल लगाकर सुनी जन समस्याएं*


अमेठी- खेल एवं युवा कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद यादव ने आज अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान शासन विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया एवं विकासखंड अमेठी अंतर्गत ग्राम पंचायत अगहर में चौपाल लगाया एवं जन समस्याएं सुनी।

प्रभारी मंत्री ने सबसे पहले गौरीगंज में 336.34 लाख की लागत से निर्माणाधीन सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने इसके बाद विकासखंड अमेठी अंतर्गत ग्राम पंचायत अगहर में अमृत सरोवर का निरीक्षण किया, अमृत सरोवर के निरीक्षण के दौरान पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय अगहर में चौपाल लगाकर शासन द्वारा संचालित योजनाओं का स्थलीय सत्यापन किया तथा मौजूद लोगों से योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली। चौपाल के दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों से शौचालय, पेंशन, राशन, आवास, आयुष्मान गोल्डन कार्ड, हैंडपंप रिबोर की स्थिति, विद्युत कनेक्शन की स्थिति सहित अन्य योजनाओं की जानकारी ली। जिस पर पर ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि सभी पात्र लोगों को उपरोक्त योजनाओं का लाभ मिला है। ग्रामीणों ने स्कूल में बाउंड्री वॉल ना होने की शिकायत की, जिस पर मंत्री जी ने खंड विकास अधिकारी अमेठी को मनरेगा योजना से बाउंड्री वाल का निर्माण कराने के निर्देश दिए।

गिरीश चंद यादव ने आंगनवाड़ी केंद्र में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की तथा 6 माह के बच्चों को प्रथम बार अन्नप्राशन कराया। इसके बाद ग्राम पंचायत अगहर में अमृतलाल कोरी के घर सहभोज में शामिल हुए इस दौरान उन्होंने अमृतलाल कोरी को विभिन्न रोजगार परियोजनाओं से अच्छादित करने के निर्देश खंड विकास अधिकारी अमेठी को दिए। प्रभारी मंत्री ने कान्हा गौशाला अमेठी का निरीक्षण कर गोवंशों को दी जा रही सुविधाओं का भी स्थलीय सत्यापन किया एवं गोवंशों को गुड़ खिलाया। गौशाला में मंत्री जी ने गोवंश के सापेक्ष निर्धारित मात्रा में चारा, भूसा, पशु आहार की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा तथा सहभागिता योजना अंतर्गत दुधारू गायों को गरीब परिवारों को देने के निर्देश मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी अमेठी प्रीति तिवारी, जिला विकास अधिकारी तेजभान सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव, अधिशासी अभियंता खंड 41 धर्मेंद्र वर्मा, परियोजना निदेशक आशुतोष दुबे, डीसी मनरेगा सुनील तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Amethi

Jun 30 2023, 19:09

*प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यक्रमों व कानून व्यवस्था को लेकर किया बैठक*


अमेठी। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश शासन/जनपद प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ शासन के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों एवं कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा किया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने सर्वप्रथम कर-करेत्तर की समीक्षा किया। जिसमें आबकारी, विद्युत, परिवहन, खनन, स्टाम्प, नगरीय निकाय विभाग द्वारा की गई वसूली की जानकारी ली एवं आबकारी अधिकारी को जनपद की किसी भी सरकारी दुकान पर अवैध शराब न बिकने पाए तथा सभी दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा कराने के निर्देश दिए। अधीक्षण अभियंता विद्युत को अनावश्यक विद्युत भार बढ़ाने व बिल ज्यादा आने तथा विजिलेंस की टीम द्वारा गांव में जाकर फर्जी तरीके से जनता को परेशान करने की शिकायतों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने दैवीय आपदा के दौरान तत्काल पीड़ित परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराने को कहा। इसके साथ ही प्रभारी मंत्री ने नहरों की सिल्ट सफाई, टेल तक पानी पहुंचने की स्थिति, लोक निर्माण विभाग द्वारा नई सड़कों का निर्माण, गड्ढा मुक्ति, सिंचाई पंप की आपूर्ति, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, निराश्रित गोवंश के संरक्षण एवं भरण पोषण की स्थिति, मुख्यमंत्री सहभागिता योजना, स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर, एंबुलेंस, टीकाकरण की स्थिति, पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालयों के निर्माण एवं संचालन की स्थिति, हैंडपंप रिबोर, ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों आंगनवाड़ी केंद्रों का सौंदर्यीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण, स्वयं सहायता समूह, उद्यान विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, सामूहिक विवाह योजना, पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम, शादी अनुदान योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल विकास, पोषण पखवाड़ा, दुग्ध विकास, एक जनपद एक उत्पाद, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति, ईज आफ डूइंग बिजनेस, बन्धुआ श्रमिकों का अवमुक्तिकरण, श्रमिक पंजीकरण, अधिष्ठापन पंजीकरण, श्रमिक दुर्घटना बीमा योजना, आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति सहित अन्य कार्यों की समीक्षा किया ।

संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मा. प्रभारी मंत्री जी ने हत्या के मामलों में अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लूट के मामलों में गिरफ्तारी, महिला उत्पीड़न, बलात्कार, अपहरण, पास्को एक्ट, गुंडा एक्ट, अनुसूचित जनजाति उत्पीड़न, लंबित विवेचना, गैंगस्टर, रासुका सहित अन्य बिंदुओं पर समीक्षा किया एवं पुलिस अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए। अंत में मा. प्रभारी मंत्री जी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभागों को जो भी निर्देश दिए गए हैं उन्हें कड़ाई से लागू किया जाए। अगली बैठक में इसकी समीक्षा की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त करते हुए कहा कि आपके द्वारा जो भी निर्देश दिए गए हैं उनका संबंधित अधिकारियों से अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ इलामारन जी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एके सिंह, जिला विकास अधिकारी तेजभान सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विमलेंदु शेखर, प्रभागीय वनाधिकारी डीएन सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए आशुतोष दूबे, जिलाध्यक्ष भाजपा दुर्गेश त्रिपाठी, भवानी दत्त दीक्षित, डीपीआरओ श्रीकांत यादव, डीएसटीओ नीरज सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Amethi

Jun 30 2023, 17:39

*आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को लेकर अपर जिलाधिकारी ने की समीक्षा*


अमेठी । अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एके सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को लेकर बैठक आयोजित हुई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी द्वारा समस्त अधिकारियों को संदर्भ की नियत दिनांक से 3 दिन पूर्व गुण्वत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में अमित विश्वकर्मा, ई0-डी0एम0 द्वारा आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुण्वत्तापूर्ण समयांतर्गत निस्तारण न करने वाले अधिकारीयों की सूची बैठक में उपलब्ध कराई गई।

अपर जिलाधिकारी द्वारा जिला पंचायतराज अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, तहसीलदार मुसाफिरखाना, थानाध्यक्ष गौरीगंज, अधीक्षण अभियंता विधुत, अधिशासी अभियंता सिंचाई, अधिशासी अभियन्ता जल निगम व खण्ड विकास अधिकारी शाहगढ़ को समयांतर्गत सन्दर्भो को निस्तारित करने हेतु निर्देशित किया गया।

इसके अतिरिक्त माह जून में सबसे अधिक असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त होने वाले विभाग पुलिस विभाग, कृषि विभाग, विकास विभाग व पंचायतराज विभाग को गुणवतापूर्ण निस्तारित करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में जिला विकास अधिकारी तेजभान सिंह, समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त तहसीलदार, समस्त ब्लाक स्तरीय अधिकारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Amethi

Jun 29 2023, 16:44

*रेल ट्रैक पर चलते समय ट्रेन की चपेट में आने से नवयुवक की हुई मौत*


गौरीगंज/अमेठी। रेल ट्रैक पर चल रहे नवयुवक की ट्रेन की चपेट में आ जाने से दर्दनाक मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम भेज दिया। विदित हो कि शमसेब अली का पुत्र अपसब अली उम्र 19 वर्ष मोबाइल चलाता हुआ सुबह 10.55 बजे लगभग गौरीगंज स्टेशन की ओर से रेल ट्रैक के बीचोंबीच से चलता हुआ बरनाटीकर की ओर जा रहा था।

बरनाटीकर रेलवे फाटक से पचास मीटर पहले ही रेल पटरी पर रायबरेली की ओर से गौरीगंज की तरफ मालगाड़ी ट्रेन को आता देख ग्रामीणों ने नवयुवक को हटने की आवाज दी तो वह दूसरे ट्रैक में जाकर चलता रहा, जिस पर लखनऊ की ओर से आ रही पैसेंजर ट्रेन ने नवयुवक को अपने चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर आर पी एफ पुलिस गौरीगंज स्टेशन और कोतवाली पुलिस घटनास्थल पहुंचकर घटना के कारणों का बारीकी से निरीक्षण किया।

कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के घर में कोहराम मच गया।