भीषण आगलगी की घटना में 36 घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति का हुआ नुकसान

बेगूसराय : जिले के समसा पंचायत के करैटांड़ के वार्ड संख्या 2 तथा 3 में भीषण अगलगी हुई। अगलगी के कारण का खुलासा नहीं हो पाया। इस अगलगी में 36 घर जले। दो गायों, 4 बकरियां सहित लाखों रुपए की सम्पत्ति जलकर राख हो गयी। कोकाय तांती तथा रंजीत तांती की गाय एवं मुकेश साह की चार बकरियां आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस जाने से मौत हो गई। वहीं दो व्यक्तियों के आंशिक झुलसने की भी खबर है। इनमें कुलदीप साह के पुत्र राजेश साह तथा रंजीत तांती की पत्नी पंकज देवी हैं। इनका इलाज पीएचसी में किया जा रहा है। तीन दमकल के दल कर्मियों तथा ग्रामीणों के सहयोग से लगभग तीन घंटे तक काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बांस में लग जाने से उससे निकली चिंगारी ने भयानक रूप ले लिया।
इन लोंगो का जला आशियाना
ग्रामीणों ने बताया कि मनोज तांती के घर से आग की लपटें उठीं तथा देखते ही देखते अन्य घरों को अपने आगोश में ले लिया। इससे अमरेश तांती, जवाहर तांती, बीरजू तांती, गोपाल तांती, पंकज तांती, सिकन्दर तांती, सुबोध तांती, रंजीत तांती, आजो तांती, कोकाय तांती, अकलू तांती, विजय तांती, सैनी तांती, रामचंद्र तांती, मनोहर तांती, संजय तांती, अजय तांती, हकरु तांती, पंकज साह, बुटाय साह, चमरु साह, रामाशीष साह, मुकेश साह, अमीर साह, गरीब साह, बबलू साह, सिन्टू कुमार, वासुदेव साह, दिलीप साह, बीरजू साह, नथुनी तांती, दिलखुश तांती, छतरी तांती, उदय तांती, कपिल देव साह आदि का घर तथा उसमें रखी सामग्री जलकर स्वाहा हो गया। लोगों की चीख और क्रन्दन से वातावरण गमगीन हो गया। लोग चाहकर भी अपने घरों एवं उसमें रखे कपड़े, अनाज व अन्य सम्पत्ति को बचा नहीं पा रहे थे।
डंडारी में भीषण आग लगने से छह माह की मासूम की जलकर मौत, 16 घर राख
डंडारी प्रखंड क्षेत्र की कटरमाला दक्षिणी पंचायत के बलहा गांव में सोमवार की देर शाम बिजली की शॉर्ट सर्किट से लगी आगमें एक छह माह की मासूम जल गई।वहीं एक गाय भी झुलस गई। अगलगी में 16 घर एवं घर में रखे लाखों रुपए मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना पर डंडारी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने फायर ब्रिगेड की टीम को घटनास्थल पर भेजा। ग्रामीणों एवं फायर ब्रिगेड की टीम की सहायता से आग पर काबू पाया गया। आग की लपटें इतनी तेज थी कि लोग चाहकर भी लोग मासूम की जान बचा नहीं सके। मृतक मासूम बच्ची की पहचान धर्मेन्द्र पासवान की छह माह की पुत्री पूर्णिमा कुमारी के रूप में की गई है। इस घटना में वकील पासवान की एक गाय भी गंभीर रूप से झुलस गई जिसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। थानाध्यक्ष एवं सीओ कुमार अभिषेक कुमार सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया। बताया जाता है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग में बलहा गांव के रामबली पंडित, वीरेंद्र पासवान, धर्मेंद्र पासवान, पूनम देवी, लखिन्दर पासवान, अर्जुन पासवान, मनसूर पासवान, बिहारी पासवान, नंदलाल पासवान, वकील पासवान, मिथिलेश पासवान, पंकज पासवान, राजेश पासवान, मुकेश पासवान, सुरेश पासवान एवं गोरेलाल तांती का घर जलकर राख हो गया। घटना की सूचना पाकर जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान, दक्षिणी कटरमाला पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राम उदगार महतो, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार गुड्डू, सरपंच नित्यानंद पासवान ने घटनास्थल पर पहुंच कर अग्नि पीड़ित परिवार से मिलकर मुवावजा दिलाने की आश्वासन दिया। वहीं सीओ द्वारा तत्काल सभी अग्नि पीड़ितों के बीच प्लास्टिक का वितरण किया गया।
एसडीओ ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया
घटना की जानकारी मिलते बखरी एसडीओ सौरभ कुमार सन्नी, बीडीओ चिरंजीव पाण्डेय, सीओ राकेश सिंह यादव, राजस्व अधिकारी धनश्री बाला, राजस्व कर्मचारी अरुण कुमार, संजीव कुमार, नावकोठी व बखरी थानाध्यक्ष व पुलिस बल के जवान पुहुंचकर घटना का जायजा लिया। एसडीओ ने प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र मुआवजा वगैरह दिलाने का आश्वासन दिया। सीओ ने अग्नि पीड़ितों को प्लास्टिक का तिरपाल मुहैया कराया। मुखिया अभिषेक कुमार, सरपंच बाबू साहब कुंवर, पंचायत समिति सदस्य रंजीत महंत, गौतम गोस्वामी, भाजपा के विस प्रत्याशी रामशंकर पासवान, ने मुआवजे का आश्वासन दिया।
बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट
Jun 08 2023, 21:14
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.4k