नगर निगम का चुनाव संपन्न होने के बाद भी नहीं बदली शहर की सूरत, जलजमाव से लोग त्रस्त
रोहतास : नगर निगम सासाराम के चवंर तकिया वार्ड 25 में नाली का सफाई नहीं होने से गली में जलजमाव तथा गंदगी का अंबार लगा हुआ है। वार्ड के निवासी गंदे नाली के पानी से होकर गुजर रहे हैं तथा बच्चों को स्कूल आने जाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि हाल ही में अभी नगर निगम का चुनाव संपन्न हुआ। जिसमें काजल कुमारी ने अपना परचम लहराया।
चुनाव से पूर्व उन्होंने नारा दिया था 'बदलिए सासाराम बदलेगा सासाराम'। जिसके पश्चात नगर निगम का चुनाव जीतने के बाद मेयर काजल कुमारी ने एक बार फिर नारा दिया 'आपने बदल दिया अब हम बदलेंगे सासाराम' जो अब लोगों को मुंह चिढ़ाने का कार्य कर रहा हैं।
बिना बरसात के हीं वार्ड नंबर 25 में नाली के गंदे पानी के जमाव से लोगों को महामारी फैलने का भय सता रहा है। लोगों ने सफाई व्यवस्था पर सवाल भी खड़ा किया है।
चवर तकिया वार्ड नंबर 25 के अनिल कुमार सिंह ने बताया कि नगर निगम सासाराम के पदाधिकारियों को सूचना देने के बावजूद भी नाली का सफाई नहीं कराया जा रहा है। जिससे आने जाने में परेशानी हो रही है। वहीं नाली के गंदे पानी की बदबू से महामारी फैलने की आशंका है। लोगों के अंदर डेंगू जैसे बीमारी का भय सता रहा है।
रोहतास से दिवाकर तिवारी
Feb 07 2023, 17:00