Jul 22 2022, 18:16
पांचवें दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया मानसून सत्र, सवाल-जवाब के बीच विपक्षी सांसदों के महंगाई और जीएसटी जैसे मुद्दों पर होता रहा हंगामा
संसद में मानसून सत्र का आज पांचवा दिन है। पिछले चार दिन विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ चुके हैं। लगातार हंगामे के बाद गुरुवार को संसद में प्रश्नकाल हुआ। इस दौरान मौखिक उत्तरों के लिए सूचीबद्ध 15 में से 13 सवाल लिए गए। हालांकि, सवाल-जवाब के बीच भी विपक्षी सांसदों के महंगाई और जीएसटी जैसे मुद्दों पर हंगामा जारी रहा। पांचवे दिन यानी शु्क्रवार को भी महंगाई और बढ़ते दामों के खिलाफ विपक्ष संसद में प्रदर्शन कर रहा है।
रिजिजू ने कांग्रेस को दिया जवाब
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार को निशाने पर लिया है। जब केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास कोई एजेंडा नहीं है, कोई मुद्दा नहीं है, उनके पास कोई काम भी नहीं है। इसलिए वे अप्रासंगिक मुद्दों को उठा रहे हैं, जो राष्ट्रीय हित के लिए हानिकारक हैं। देश का कोई सम्मान करने के लिए सहायक भूमिका निभाने के बजाय, वे देश में देशभक्ति या राष्ट्रवाद को प्रेरित करने के किसी भी प्रयास या कदम को हमेशा खारिज करते रहेंगे। कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से दिवालिया हो चुकी है। इसी बीच लोकसभा ने ‘भारतीय अंटार्कटिक विधेयक, 2022’ को मंजूरी दी।
सोमवार तक लोकसभा स्थगित
महंगाई और जीएसटी के मुद्दों पर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण शुक्रवार को लोकसभा की कार्यवाही दो बार के स्थगन के बाद सोमवार अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
भारत ‘पड़ोस प्रथम’ नीति के तहत श्रीलंका की सहायता कर रहा : जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को लोकसभा को बताया कि भारत सरकार पड़ोस प्रथम नीति के अनुरूप श्रीलंका को आर्थिक चुनौतियों से उबरने में उसकी सहायता कर रहा है । लोकसभा में एस रामलिंगम के प्रश्न के लिखित उत्तर में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यह बात कही। सदस्य ने श्रीलंका को वर्तमान आर्थिक संकट से उबरने के लिये वित्तीय सहायता के बारे में जानकारी मांगी थी।
भारतीय सेना में 1.16 लाख पद रिक्त: सरकार
सरकार ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय सेना में 1.16 लाख से अधिक पद रिक्त हैं जिनमें 7,308 पद अधिकारियों के शामिल हैं।केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना में अधिकारियों के 7,308 पद खाली हैं तो सैन्य नर्सिंग सेवा अधिकारी के 471 पद रिक्त हैं। इसके अलावा जूनियर कमीशन प्राप्त अधिकारी एवं अन्य रैंक के 1,08,685 पद रिक्त हैं।भट्ट ने जानकारी दी कि नौसेना में अधिकारियों (चिकित्सा और दंत चिकित्सा को छोड़कर) के 1,446 पद रिक्त हैं तथा नौसैनिक के 12,151 पद खाली हैं। मंत्री ने बताया कि वायुसेना में अधिकारियों के 572 और वायुसैनिकों के 5,217 पद रिक्त हैं।
हमारे पैसे का इस्तेमाल उद्योगपतियों के लिए हुआ- राघव चड्ढा
आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा, केंद्र हमारे पैसे का इस्तेमाल बड़े उद्योगपतियों का कर्ज चुकाने के लिए कर रही है। उन्होंने बताया, मैंने संसद में प्रश्न (संसद में) पूछा कि सरकार ने पिछले 6 वर्षों में पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क के माध्यम से कितनी राशि अर्जित की है। इसके जवाब में मुझे बताया गया कि पिछले 6 वर्षों में 16 लाख करोड़ रुपये से अधिक की उत्पाद शुल्क अर्जित किया गया। चड्ढा ने कहा, आप भारत के कई राज्यों के बजट को मिला भी लें तो यह शायद 16 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार नहीं करेगा। इसे लूट नहीं तो क्या कहेंगे? इसमें सरकार ने क्या किया? उन्होंने हमारे पैसे का इस्तेमाल बड़े उद्योगपतियों का कर्ज चुकाने और आम आदमी और गरीबों को लूटने के लिए किया गया।
महंगाई, जीएसटी और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर विपक्षी दलों का हंगामा जारी है। इसके चलते लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक स्थगित किया गया।
जनसंख्या नियंत्रण बिल पर साथ दे विपक्ष- रवि किशन
भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, हम विश्व गुरू तभी बन सकते हैं, जब जनसंख्या नियंत्रण बिल लाया जाएगा। उन्होंने कहा, विपक्ष इसमें हमारा समर्थन करे। भाजपा सांसद ने कहा, यह विकास का बिल है। मैं इसे धर्म के पहलू से नहीं देख रहा।
सोनिया-राहुल को लगता है, वे कानून से ऊपर हैं- प्रह्लाद जोशी
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को कहा, सोनिया व राहुल गांधी को लगता है कि वे कानून से ऊपर हैं। नेशनल हेराल्ड मामले में वे सुप्रीम कोर्ट गए थे। कोर्ट ने उन्हें जमानत पर बाहर भेजा है। मामला अभी तक खारिज नहीं हुआ है। संसद के बारे में केंद्रीय मंत्री ने कहा, हम महंगाई के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार थे, लेकिन उन्होंने संसद चलने नहीं दिया।
Jul 23 2022, 09:17