भक्त प्रह्लाद व अजामिल की कथा से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
रितेश मिश्रा
हरदोई कमलेश्वर फाउंडेशन एवं कुबेर लाल जन सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में भक्त प्रह्लाद एवं अजामिल की प्रेरणादायी कथाओं का श्रवण कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा व्यास वृंदावन से पधारी राधा प्रिया ने भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति तथा अजामिल के जीवन प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, श्रद्धा और भगवान के नाम की महिमा का संदेश दिया।
कथावाचिका ने बताया कि भक्त प्रह्लाद ने विपरीत परिस्थितियों और असुरराज हिरण्यकशिपु के अत्याचारों के बावजूद भगवान विष्णु के प्रति अपनी आस्था नहीं छोड़ी। उनकी अटूट भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान ने नरसिंह अवतार धारण कर अपने भक्त की रक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रह्लाद का चरित्र हमें विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।
अजामिल प्रसंग का वर्णन करते हुए राधा प्रिया ने कहा कि जीवनभर पापकर्मों में लिप्त रहने के बावजूद अंत समय में भगवान नारायण के नाम का स्मरण करने से अजामिल का उद्धार हो गया। यह प्रसंग भगवान के नाम की महिमा और सच्चे भाव से किए गए स्मरण की शक्ति को दर्शाता है।
कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए और भगवान के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्षा प्रेमावती वर्मा ,निरमा देवी, विजय लक्ष्मी सिंह, अमिता मिश्रा, संजीव मिश्रा, आभाष कुमार,अमिताभ शुक्ला, आशीष बाजपेई, अनुराधा मिश्रा, सुमन सिंह मंजू वर्मा, अखिलेश गुप्ता, आशीष अवस्थी, आकाश द्विवेदी, संजेश मिश्रा, नागेश्वर, आशीष बाजपेई, आकाश द्विवेदी, विपिन मिश्रा, शांतनु सिंह, वंदना, सुमन, सपना, रीना, उपासना, सार्थक, अनुराग, कार्तिकेय, मीनू, रत्नेश चौहान सहित श्रीराम परिवार मित्र मंडली एवं अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 27 जून तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से किया जाएगा किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से धर्म, भक्ति एवं संस्कारों का संदेश दिया जा रहा है।
3 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
19- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.3k