मऊ: पल्स पोलियो अभियान और स्व-जनगणना की तैयारियों की समीक्षा, एसडीएम ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। आगामी पल्स पोलियो अभियान एवं स्व-जनगणना (Self Enumeration) कार्यक्रम की प्रगति को लेकर बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री की अध्यक्षता में तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दोनों महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सर्वेश कुमार सिंह ने पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों, बूथ कवरेज, माइक्रोप्लान और घर-घर भ्रमण सहित अभियान के सफल संचालन की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 22 नवंबर 2026 को पल्स पोलियो बूथ के रूप में चिह्नित सभी विद्यालय खुले रहेंगे, जिससे बूथ दिवस का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
वहीं, जिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी बीएलओ कार्य और पल्स पोलियो अभियान दोनों में लगी है, उनके स्थान पर संबंधित सीडीपीओ द्वारा आंगनबाड़ी सहायिका अथवा अन्य कार्यकर्ता की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि पोलियो बूथ पर कर्मचारियों की उपलब्धता बनी रहे।
इसके साथ ही एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री और तहसीलदार सुधांशु शेखर ने स्व-जनगणना कार्यक्रम की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि स्व-जनगणना की प्रगति का प्रतिदिन फॉलोअप किया जाए।
प्रत्येक दिन कितने परिवारों ने स्व-जनगणना पूरी की है, इसकी जानकारी लेकर शाम को प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर दोनों कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में डॉ. फैयाज अहमद, अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना, डॉ. अशोक चौहान, अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर, प्रवीण यादव (एआरओ), रंजू मौर्य, पोलियो सुपरवाइजर, सीडीपीओ रानीपुर एवं सीडीपीओ मुहम्मदाबाद गोहना सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
संकल्प: पोलियो मुक्त भारत, हर बच्चे को पोलियो की दो बूंद।
Nov 19 2026, 16:55
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
11.8k