मार्टिनगंज में शिक्षक निर्वाचन में 83.61 प्रतिशत मतदान, 238 में से 199 शिक्षकों ने डाले वोट
एस0 के0 यादव
मार्टिनगंज, आजमगढ़। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के तहत मार्टिनगंज ब्लॉक मुख्यालय स्थित पंचायत कार्यालय के सभागार में शिक्षक मतदेय स्थल संख्या 92 पर मतदान कराया गया। यहां कुल 238 मतदाताओं में से 199 शिक्षकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल 83.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान ब्लॉक मुख्यालय के बाहर भाजपा, सपा और निर्दल प्रत्याशियों के समर्थकों ने कैंप लगाकर शिक्षकों को मतदान पर्ची उपलब्ध कराई। वहीं, शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
मतदान के दौरान ब्लॉक मुख्यालय परिसर और मुख्य गेट पर पुलिस बल तैनात रहा। एसडीएम मार्टिनगंज बलराम गुप्ता, सीओ फूलपुर भूपेश पांडेय, दीदारगंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव तथा मार्टिनगंज चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह समेत महिला पुलिसकर्मी और अन्य पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में मतदान प्रक्रिया पर नजर रखी गई, ताकि निर्वाचन कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
मोबाइल और पेन ले जाने पर रही रोक
निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती। एसडीएम बलराम गुप्ता के निर्देश पर ब्लॉक मुख्यालय के मुख्य गेट पर मोबाइल फोन रखने के लिए कैरी बैग की व्यवस्था की गई थी। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन और पेन ले जाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई थी। मतदान स्थल पर पहुंचने वाले शिक्षकों को निर्धारित नियमों का पालन कराया गया।
भाजपा और सपा नेताओं ने लगाए कैंप
मतदान केंद्र के बाहर भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने टेंट लगाकर कैंप स्थापित किए थे। इन कैंपों के माध्यम से शिक्षकों को मतदान पर्ची उपलब्ध कराई जा रही थी। इस दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा, दीदारगंज विधायक कमलाकांत राजभर सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, भाजपा की ओर से बजरंग बहादुर सिंह, अरुणाकर सिंह, पूर्व प्रमुख मोनू सिंह, हैप्पी, रामस्वरथ राजभर, जिला अध्यक्ष विनोद राजभर, ठाकुर प्रसाद सिंह, जेपी जायसवाल और इंद्रपति सेवक समेत अन्य नेता एवं कार्यकर्ता कैंप में उपस्थित रहे। दोनों दलों के समर्थक मतदान के दौरान अपने-अपने कैंपों में सक्रिय दिखाई दिए।
199 शिक्षकों ने किया मताधिकार का प्रयोग
मार्टिनगंज ब्लॉक मुख्यालय पर शिक्षक निर्वाचन को लेकर पूरे दिन हलचल बनी रही। कुल 238 मतदाताओं में से 199 शिक्षकों ने मतदान किया, जबकि 39 मतदाताओं ने वोट नहीं डाला। इस तरह मतदेय स्थल संख्या 92 पर 83.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की निगरानी में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
Oct 23 2026, 17:26
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1