गंगा दशहरा को लेकर डीएम ने श्रृंगीरामपुर गंगा घाट का निरीक्षण कर दिए व्यवस्थाएं दुरूस्त रखने के निर्देश
फर्रुखाबाद l श्रृंगी ऋषि की तपोस्थली श्रंगीरामपुर में आगामी गंगा दशहरा पर्व पर आयोजित होने वाले मेले एवं स्नान व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर ने स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या तथा उन्हें होने वाली संभावित समस्याओं के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद सहित अन्य जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा एवं सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि मेले के दौरान संचालित होने वाली सभी नावों, नाविकों एवं गोताखोरों के नाम एवं मोबाइल नंबरों की सूची तैयार कर संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल संपर्क स्थापित किया जा सके। उन्होंने मेला क्षेत्र में खोया-पाया केंद्र स्थापित करने, समुचित पी०ए० सिस्टम लगाने तथा श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पानी के टैंकर लगाए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था कराने, घाट तक पहुंच मार्ग को दुरुस्त कराने, घाटों पर बैरिकेडिंग कराने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि गंगा दशहरा मेला सकुशल, सुरक्षित एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप संपन्न कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर, जिला पंचायत राज अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
May 23 2026, 20:03
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1