नेमरा में खेतों में उतरे CM हेमंत सोरेन, बोले- 'कृषि हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ और अस्मिता की पहचान है'
नेमरा, रामगढ़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का खेती-किसानी के प्रति लगाव एक बार फिर तब देखने को मिला, जब वे रामगढ़ स्थित अपने पैतृक आवास से निकलकर धान की रोपनी कर रहे किसानों के बीच पहुंचे। अपने दिवंगत पिता शिबू सोरेन के श्राद्धकर्म की रस्मों के बीच मुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि कृषि ना सिर्फ हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, बल्कि हमारी अस्मिता, संस्कृति और परंपरा की भी पहचान है।
मुख्यमंत्री ने खेतों में काम कर रही स्थानीय ग्रामीण महिलाओं से बातचीत की और खेती-किसानी के ताजा हालात को जाना। उन्होंने कहा कि खेतों की हरियाली किसानों की कड़ी मेहनत को दर्शाती है, और जब फसलें लहलहाती हैं, तो वह उनके चेहरे की मुस्कान बनती है।
अपने बीच मुख्यमंत्री को देखकर किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान हेमंत सोरेन ने किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके जल्द निराकरण का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा, "किसानों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आपके लिए सरकार कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, आप इन योजनाओं से जुड़ें और लाभ उठाएं।" मुख्यमंत्री ने दोहराया कि किसान खुशहाल होगा तभी राज्य और देश सशक्त बनेगा।
Aug 08 2025, 20:13