झारखंड विधानसभा: आज पेश होगा 4 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट, मुख्यमंत्री दिल्ली में
रांची, 4 अगस्त 2025: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आज भी जारी है, और आज वित्तीय वर्ष 2025-26 का पहला अनुपूरक बजट सदन के पटल पर रखा जाएगा। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर करीब 4 हजार करोड़ रुपये का यह अनुपूरक बजट पेश करेंगे, जिसमें योजना मद में लगभग तीन हजार करोड़ और गैर-योजना मद में एक हजार करोड़ रुपये का प्रावधान होने की संभावना है। बजट की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए वित्त मंत्री ने कल रविवार को अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की थी।
![]()
मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति:
इस महत्वपूर्ण वित्तीय कार्य के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली में ही हैं। वह दिशोम गुरु शिबू सोरेन की देखभाल कर रहे हैं, जो पिछले करीब एक महीने से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में इलाजरत हैं। मुख्यमंत्री 1 अगस्त को मानसून सत्र में हिस्सा लेने के लिए रांची आए थे, लेकिन उसी दिन शाम को वे वापस दिल्ली लौट गए थे। उनकी गैरमौजूदगी में ही आज सदन में अनुपूरक बजट पेश होगा। हालांकि, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुजी का स्वास्थ्य ठीक रहने पर मुख्यमंत्री सत्र शुरू होने से पहले रांची लौट सकते हैं।
शिक्षा मंत्री की तबीयत गंभीर, प्रभारी मंत्री करेंगे सवालों का जवाब:
उधर, राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत भी शनिवार सुबह अचानक खराब होने के बाद से गंभीर बनी हुई है। उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां ब्रेन स्ट्रोक के बाद उनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर रख रहे हैं। ऐसे में आज सोमवार को मानसून सत्र की पहली पाली में होने वाले प्रश्नकाल में शिक्षा विभागों से जुड़े सवालों का जवाब उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य देंगे, जिन्हें इसके लिए प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है।
आज सोमवार को मानसून सत्र की पहली पाली में प्रश्नकाल होंगे, जिसके बाद अनुपूरक बजट पर चर्चा की जाएगी। सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर पक्ष और विपक्ष के बीच गहमागहमी रहने की संभावना है।
Aug 04 2025, 11:47