*लोक जनशक्ति पार्टी का मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन:भदोही में प्रदेश अध्यक्ष बोले- पासवान समाज को सपा ने किया गुमराह*
![]()
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। भदोही के गोपीगंज क्षेत्र में लोक जनशक्ति पार्टी का मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि राजीव पासवान ने कहा कि पार्टी आगामी पंचायत चुनाव में अकेले दम पर प्रत्याशी उतारेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पासी-पासवान समाज की आबादी सवा करोड़ से अधिक है।
यह समाज 103 विधानसभा क्षेत्रों में निर्णायक भूमिका निभाता है। उन्होंने मांग की कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पासवान समाज से मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की जाए। राजीव पासवान ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर आरोप लगाया कि उन्होंने 2024 में आरक्षण और संविधान का खतरा बताकर पासवान समाज को गुमराह किया। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान के रहते कोई आरक्षण और संविधान को नहीं छू सकता।
उन्होंने सपा के दलित सांसदों-विधायकों पर सवाल उठाया कि वे दलित हत्याकांडों पर चुप क्यों रहते हैं। प्रतापगढ़, आजमगढ़, प्रयागराज, जौनपुर और कौशांबी में हुए हत्याकांडों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन मामलों में लोजपा हमेशा आगे रही है।कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव कमल तिवारी, जिला अध्यक्ष विकास दुबे सहित अन्य जिलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
Jun 07 2025, 17:05