बिहार विधान सभा चुनाव को लेकर सीएम आवास पर हुई एनडीए की बैठक, एनडीए की ओर से चलाया जाएगा साझा चुनावी अभियान
![]()
डेस्क : बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए पूरी मजबूती से एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में जाएगा। एनडीए का एकमात्र लक्ष्य 225 सीटों पर जीत हासिल करना है। इसके लिए विधानसभा चुनाव में एनडीए की ओर से साझा चुनावी अभियान चलाए जाएंगे। एनडीए का जिलावारकार्यकर्ता सम्मेलन हाल ही में संपन्न हुआ है। अब विधानसभावार सम्मेलन होगा।
रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास एक अणे मार्ग में एनडीए नेताओं की बैठक में चुनावी अभियान की रणनीति बनी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में हुई इस बैठक में देश के गृह मंत्री सह भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और एनडीए के डेढ़ दर्जन प्रमुख नेता शामिल हुए। लगभग पौन घंटे तक चली इस बैठक में तय हुआ कि सभी गिले-शिकवे को भुला एक होकर चुनावी मैदान में जाना है। केन्द्र और राज्य सरकार के कार्यों को धारदार तरीके से जनता तक पहुंचाने का भी निर्णय हुआ।
इस बैठक में बैठक में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा, योजना एवं विकास मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन, बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, रालोमो सुप्रीमो उपेन्द्र कुशवाहा, जदयू विधान पार्षद ललन सर्राफ मौजूद रही।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि सौहर्दपूर्ण वातावरण में एनडीए की बैठक हुई। विस चुनाव को लेकर आगामी रणनीति पर चर्चा हुई। सबों ने गठबंधन को 2025 के चुनाव के लिए आगे बढ़ाने पर विचार किया। सबका यही विचार था कि बिना किसी शर्त के चुनावी तैयारी में जुट जाएं। एनडीए पांडव की तरह कैसे आगे बढ़े, इस पर विस्तार से चर्चा की गई है।
उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुई बैठक में तय हुआ कि एनडीए के प्रमुख नेता जिलों में प्रवास करेंगे। इसके लिए आगामी तीन महीने की कार्ययोजना बनेगी। बिहार सरकार के मंत्री भी जिलों में जाएंगे ताकि सरकार की विकासात्मक योजनाओं में तेजी आ सके। योजनाएं धरातल पर उतर सके। कौन नेता कहां प्रवास करेंगे, यह जल्द ही तय हो जाएगा।
वहीं लोजपा (आर) के अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि एनडीए की बैठक में काफी बिंदुओं पर चर्चा हुई है। आज की तारीख में एनडीए के तमाम घटक दल लगातार बैठ रहे हैं। दिल्ली में और फिर पटना में बैठक हुई। यह अपने आप में बताने के लिए काफी है कि एनडीए पूरी तरह से एकजुट है।
Mar 31 2025, 14:20