इंडोनेशिया के राष्ट्रपति होंगे गणतंत्र दिवस पर चीफ गेस्ट, लेकिन पाकिस्तान को लेकर फंस रहा पेच
#indonesian_president_invited_as_republic_day_chief_guest_but_issue
![]()
इस बार भारत सरकार ने इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबावो सुबियांतो को गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। मगर अब तक सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसी बीच इस मामले में एक पेच फंस गया है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि राष्ट्रपति सुबियांतो 26 जनवरी को पाकिस्तान भी जाएंगे।इस पेच को दूर करने में भारत सरकार जुटी है। इसको दूर करने के बाद ही उनके आधिकारिक भारत दौरे की घोषणा हो सकती है।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने आधिकारिक सूत्र के हवाले से लिखा है कि सुबियंतो 26 जनवरी की परेड में मुख्य अतिथि होंगे। मगर अब तक यात्रा के बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। आम तौर पर इस तरह की घोषणा महीनों पहले ही कर दी जाती है। घोषणा में देरी की वजह यह है कि पाक मीडिया में यह खबर है कि इंडोनेशियाई राष्ट्रपति 26 जनवरी को तीन दिवसीय यात्रा पर इस्लामाबाद पहुंच सकते हैं।
सुबियांतो को न्योते की बात भी पिछले साल नवंबर में सामने आ गई थी लेकिन आधिकारिक ऐलान में देरी हो रही है। इस देरी के बीच, पाकिस्तानी मीडिया में खबरें आईं कि इंडोनेशियाई राष्ट्रपति 26 जनवरी को तीन दिन की यात्रा के लिए इस्लामाबाद पहुंच सकते हैं। हालांकि, सुबियांतों को मनाने की चल रही कोशिशों के बीच सूत्रों का कहना है कि गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि तो सुबियांतो ही होंगे।
भारत ने हाल ही में दूसरे देशों के नेताओं को प्रोत्साहित किया है कि वे भारत यात्रा के दौरान पाकिस्तान को अपने कार्यक्रम में शामिल न करें और दोनों देशों के साथ अपने संबंधों को अलग-अलग रखें। ऐसा माना जा रहा है कि भारत ने इस मुद्दे को इंडोनेशिया के साथ कूटनीतिक रूप से उठाया है, और सुबियांतो को गणतंत्र दिवस समारोह के बाद सीधे इस्लामाबाद जाने से रोकने की कोशिश कर रहा है।
ऐसा माना जाता है कि भारतीय सैन्य परेड के तुरंत बाद इस्लामाबाद की यात्रा भारत के लिए नकारात्मक संकेत दे सकती है, खासकर पाकिस्तान के साथ सीमा पार आतंकवाद जैसे विवादित मुद्दों के चलते।
Jan 10 2025, 19:31