*पीएम मोदी का फिलीपींस दौरा, आसियान सम्मेलन में लेंगे हिस्सा, क्वाड देशों के बैठक पर भी दुनिया की नजर
#pmmodiinmanilaforaseanindiasummitquadleadersmeeting
![]()
![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला में पहुंचे हैं। पीएम यहां अगले 2 दिन 23वें आसियान शिखर सम्मेलन, 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और इससे इतर ट्रंप से क्वाड के मंच पर मुलाकात करेंगे, जिसपर दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं इस दौरान भारतीय प्रधानमंत्री फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे।
![]()
मनीला में पीएम मोदी का भव्य स्वागत
मनीला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी का स्वागत फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ मोंटेस डी क्लारो ने किया। वहीं, एयरपोर्ट पर पीएम मोदी को देखते ही वहां मौजूद लोगों ने ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए। बच्चों ने संस्कृत श्लोक पढ़कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पीएम मोदी ने लोगों से हाथ मिलाकर वहां मौजूद सभी लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान भारत माता की जय के नारे लगे। कलाकारों ने नृत्य करके पीएम का स्वागत किया और उनके स्वागत में रंगोली भी बनाई गई।
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन का मुद्दा
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन भारत की 'एक्ट ईस्ट' नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें व्यापक रणनीतिक साझेदारी को लागू करने में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। नई दिल्ली की कोशिश आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझोते (AITIGA) की समीक्षा प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाना है। भारत इस समझौते में बदलाव की मांग कर रहा है। इसका उद्देश्य व्यापार असंतुलन को दूर करना, टैरिफ बाधाओं को कम करना और रूल्स ऑफ ओरिजिन को सरल बनाना है। चर्चा के प्रमुख विषयों में से एक 2026-2030 के लिए 'आसियान-भारत कार्य योजना' को लागू करना है। इस योजना के तहत व्यापार, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग के लिए प्राथमिकताएं तय की जाएंगी।
क्वॉड सम्मेलन पर भी दुनिया की नजर
आसियान दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों का संगठन है। फिलीपींस की राजधानी मनीला में हो रहे इस सम्मेलन के साथ ही क्वॉड सम्मेलन भी आयोजित किया जा रहा है। क्वॉड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के शामिल होने की उम्मीद है। अमेरिकी विदेश विभाग के सहायक सचिव डायलन जॉनसन ने शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "अगले सप्ताह होने जा रहे आसियान के दौरान हम क्वॉड नेताओं के सम्मेलन को औपचारिक रूप देने पर काम कर रहे हैं।"
क्वॉड में किन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा?
क्वॉड भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया का समूह है। इसे औपचारिक सैन्य गठबंधन के बजाय हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग के एक रणनीतिक मंच के रूप में देखा जाता है। इसकी प्राथमिकताओं में समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, तकनीक, आर्थिक सुरक्षा और आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करना शामिल है। इस बार की बैठक में क्रिटिकल मिनरल्स यानी महत्वपूर्ण खनिजों पर सहयोग चर्चा का एक प्रमुख विषय हो सकता है। लिथियम, कोबाल्ट, निकेल और रेयर अर्थ जैसे खनिज इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरियों, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा उपकरणों के निर्माण में इस्तेमाल होते हैं। इनकी वैश्विक आपूर्ति में चीन की बड़ी भूमिका है। ऐसे में किसी एक देश पर अत्यधिक निर्भरता से बचना चारों देशों के लिए अहम हो गया है।
इसके अलावा समुद्री सुरक्षा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में नौवहन की स्वतंत्रता भी चर्चा के अहम विषय हो सकते हैं। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य और आर्थिक मौजूदगी को देखते हुए भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के लिए समुद्री रास्तों की सुरक्षा और समुद्री गतिविधियों पर निगरानी महत्वपूर्ण है। क्वॉड के सदस्य देशों के बीच समुद्री क्षेत्र की जानकारी साझा करने, नौसेनाओं के बीच सहयोग और क्षेत्रीय देशों की क्षमता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होती रही है। तकनीक और आर्थिक सुरक्षा भी इस समूह के एजेंडे में शामिल हैं। सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भरोसेमंद तकनीकी आपूर्ति श्रृंखलाओं में सहयोग के जरिए चारों देश चीन पर अपनी निर्भरता कम करना चाहते हैं।













4 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k