/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png StreetBuzz शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उपायुक्त हेमन्त सती ने दिए सख्त निर्देश Pintu Kumar
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उपायुक्त हेमन्त सती ने दिए सख्त निर्देश

हजारीबाग। उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में पठन-पाठन, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, सेवा संपुष्टि, स्थानांतरण, पाठ्यपुस्तक वितरण सहित शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने शिक्षकों की सेवा संपुष्टि से संबंधित सभी लंबित मामलों को शीघ्र प्रेषित करने, सर्विस बुक को अद्यतन रखने तथा विभागीय कार्रवाई से जुड़े मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्ष्यमान समाहर्ता सुश्री पूर्वा अग्रवाल को किसी भी प्रखंड का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जांच करने को कहा।

उन्होंने सभी उच्च विद्यालयों के परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने और विद्यार्थियों की नियमित टेस्ट परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालयों में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मध्यान्ह भोजन की नियमित जांच कर उसकी गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

उपायुक्त ने कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों में धारा प्रवाह पढ़ने-लिखने की क्षमता और बुनियादी विषयों की समझ विकसित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। वहीं, कक्षा 1 से 8 तक में 10 वर्ष से अधिक तथा कक्षा 9 से 12 तक में 6 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया नियमानुसार शुरू करने का निर्देश दिया।

बैठक में शिक्षा विभाग की स्थापना शाखा से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। आरोप-पत्र विधिवत प्रेषित नहीं किए जाने पर कटकमसांडी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया। साथ ही स्थापना विभाग को सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आरोप-पत्र तैयार करने की प्रक्रिया एवं उससे जुड़े नियमों की जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण आयोजित करने को कहा गया।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी यह प्रमाणित नहीं करते कि शिक्षकों की सेवा संपुष्टि से संबंधित कोई मामला लंबित नहीं है, तब तक किसी शिक्षक की सेवा संपुष्टि पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने 25 अगस्त 2026 तक सेवा संपुष्टि के सभी शेष मामलों को प्रेषित करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा उन्होंने विद्यार्थियों के निर्धारित स्कूल ड्रेस में विद्यालय आने और शिक्षकों द्वारा भी ड्रेस कोड का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में परीक्ष्यमान समाहर्ता सुश्री पूर्वा अग्रवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती नीलम कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक आकाश कुमार, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

हजारीबाग में स्वतंत्रता दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल, आयुक्त ने परेड का किया निरीक्षण

हजारीबाग: 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के मद्देनजर गुरुवार को हजारीबाग के कर्ज़न मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। फुल ड्रेस रिहर्सल में प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और तैयारियों का निरीक्षण किया।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रमंडलीय आयुक्त ने पुलिस उपमहानिरीक्षक, हजारीबाग एवं सार्जेंट मेजर के साथ विभिन्न प्लाटूनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड में शामिल जवानों एवं टुकड़ियों की तैयारियों, अनुशासन, वर्दी और कदमताल का जायजा लिया।

इसके बाद राष्ट्रीय गीत वादन के पश्चात झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय तिरंगे को सलामी दी गई। झंडोत्तोलन के बाद डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। इसके पश्चात विभिन्न प्लाटूनों ने प्लाटून कमांडरों के नेतृत्व में अनुशासित एवं शानदार परेड का प्रदर्शन किया।

समय का अक्षरशः पालन करने का निर्देश

आयुक्त ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का पर्व है, इसलिए समारोह की प्रत्येक व्यवस्था गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित होनी चाहिए।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूरी करने और समारोह के दौरान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यक्रम में समय का अक्षरशः पालन और सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने नजारत शाखा को परेड में शामिल बच्चों के लिए आवश्यक खान-पान की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्वतंत्रता दिवस समारोह में सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

साफ-सुथरी वर्दी और अनुशासन पर जोर

पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल जवानों एवं पुलिसकर्मियों की वर्दी साफ-सुथरी एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परेड प्रदर्शन के दौरान अनुशासन बनाए रखने और कार्यक्रम की गरिमा को कायम रखने पर विशेष जोर दिया।

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक, हजारीबाग, उपायुक्त, हजारीबाग, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सार्जेंट मेजर सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सेवा को जीवन का संकल्प बना चुके युवा रितेश खंडेलवाल, रक्तदान से लेकर जरूरतमंदों की मदद तक सक्रिय

युवा दिवस की बात हो और हजारीबाग शहर में सेवा कार्यों को अपनी कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने वाले रितेश खंडेलवाल का जिक्र न हो, ऐसा संभव नहीं। युवा शक्ति जब अपनी उम्र, ऊर्जा और उत्साह का उपयोग समाज और जरूरतमंदों के लिए करते हैं तो उन्हें औरों से अलग बनाता है। रितेश खंडेलवाल इसी सोच को अपने कर्मों से चरितार्थ करते नजर आते हैं। 24 जुलाई 1997 को जन्मे रितेश ने स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद से ही समाजसेवा के कार्यों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कदम बढ़ाया। बीते करीब 13 वर्षों से जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक कार्यों में निरंतर सक्रिय रहना अपने आप में उनके सेवा-भाव और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मानव सेवा के प्रति उनका समर्पण रक्तदान जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी दिखाई देता है। वे अब तक करीब 17 बार रक्तदान कर चुके हैं। इसके अलावा जरूरत के समय सैकड़ों लोगों तक रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर उन्होंने कई जिंदगियों को बचाने में सहयोग किया है। रक्त की एक बूंद किसी अनजान व्यक्ति के जीवन की उम्मीद बन सकती है और रितेश ने इस उम्मीद को बार-बार मजबूत किया है। उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि सेवा उनके लिए किसी विशेष अवसर तक सीमित नहीं रही। कोरोना महामारी के उस कठिन दौर में जब लोग अपने घरों से बाहर निकलने तक से डर रहे थे, तब रितेश जरूरतमंदों की मदद के लिए सड़कों पर सक्रिय नजर आए। भय और अनिश्चितता के उस वातावरण में दूसरों की सहायता के लिए आगे बढ़ना उनके भीतर मौजूद मानवीय संवेदना और साहस का परिचायक है। वर्तमान में रितेश खंडेलवाल पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और हजारीबाग यूथ विंग के सचिव के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पत्रकारिता और समाजसेवा दोनों क्षेत्रों में सक्रिय रहकर वे समाज के साथ अपने जुड़ाव को और मजबूत करते हैं। उनके लिए समाजसेवा जीवन का हिस्सा बन गया है । रितेश की एक खास आदत उन्हें औरों से अलग करती हैवे अपनी खुशियों को भी समाज के साथ साझा करना जानते हैं। अपने जन्मदिन को भव्य पार्टी और दिखावे के बजाय बिरहोर बस्ती के बच्चों के बीच मनाना इसी सोच का उदाहरण है। बच्चों के साथ समय बिताना, उनके बीच खुशियां बांटना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास उस युवा सोच को सामने रखता है, जिसकी आज समाज को सबसे अधिक जरूरत है।

रितेश दुबले-पतले शरीर के जरूर हैं, लेकिन उनका व्यक्तित्व उनके शारीरिक आकार से कहीं बड़ा है। कम समय में अपनी मेहनत, लगनशीलता और सेवाभावी कार्यों के बल पर उन्होंने हजारीबाग में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे हमेशा कुछ नया करने और समाज के लिए कुछ अलग करने की तलाश में रहते हैं। लोग क्या कह रहे हैं और क्या कर रहे हैं, इसकी परवाह किए बिना अपनी क्षमता और अंतरात्मा की आवाज के अनुसार आगे बढ़ना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है। उनके व्यक्तित्व में कुछ बेफिक्रापन जरूर है, जीवन में संतुलन की कुछ कमी भी दिखाई दे सकती है, लेकिन जब बात किसी जरूरतमंद की मदद की आती है तो वे अपनी क्षमता से आगे बढ़कर सहयोग करने से पीछे नहीं हटते। शायद यही कारण है कि उन्होंने कम समय में लोगों के दिलों में वह जगह बनाई है, जिसे केवल प्रचार या पहचान के सहारे हासिल नहीं किया जा सकता। रितेश की सबसे बड़ी पूंजी उनकी मानवीय संवेदना है। वे परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालना जानते हैं और जरूरत के मुताबिक अपने तौर-तरीकों में बदलाव करने से भी नहीं हिचकते। यही लचीलापन उन्हें सामाजिक कार्यों में सक्रिय बनाए रखता है। आज जब युवा पीढ़ी के सामने सफलता की परिभाषा अक्सर पैसा, पद और प्रतिष्ठा तक सीमित होती जा रही है, तब रितेश खंडेलवाल जैसे युवा यह याद दिलाते हैं कि जीवन की सार्थकता केवल स्वयं के लिए जीने में नहीं, बल्कि दूसरों के काम आने में भी है।

एक युवा का रक्तदान किसी अनजान की जिंदगी बचा सकता है, किसी जरूरतमंद तक समय पर मदद पहुंचाना उसके परिवार की उम्मीद बचा सकता है और किसी बच्चे के साथ कुछ पल बिताना उसके चेहरे पर जिंदगी भर की मुस्कान छोड़ सकता है। रितेश ने इन छोटी-छोटी सेवाओं को अपने जीवन की बड़ी सोच बना लिया है। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर हजारीबाग को ऐसे युवाओं पर गर्व होना स्वाभाविक है। लेखनी रंजन चौधरी की।

पदमा में ब्राउन शुगर और गांजा बरामद, दो गिरफ्तार

हजारीबाग: पदमा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 15 ग्राम ब्राउन शुगर और 350 ग्राम गांजा बरामद किया है। कार्रवाई 11 अगस्त 2026 को गारू करुहा रेलवे ओवरब्रिज के पास की गई।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को सूचना मिली थी कि गारू करुहा रेलवे ओवरब्रिज पर कुछ लोगों द्वारा अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी के दौरान लखिन्द्र कुमार डांगी, उम्र करीब 30 वर्ष, ग्राम ढोड़ी, थाना मयूरहंड, जिला चतरा के पास से 15 ग्राम ब्राउन शुगर और विशाल कुमार यादव, उम्र करीब 21 वर्ष, ग्राम मेलकाना, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग के पास से 350 ग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए आरोपी ने बताया कि यह ब्राउन शुगर सुरेन्द्र डांगी, पिता श्यामलाल डांगी, ग्राम ढोड़ी, थाना मयूरहंड, जिला चतरा से खरीदा गया था। पुलिस ने सुरेन्द्र डांगी के खिलाफ भी छापामारी शुरू कर दी है।

मामले में बरही (पदमा) थाना कांड संख्या 279/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने NDPS Act की धारा 20(b), 22(b), 21(b) और 29 के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (JH02AT-1528) और होंडा सिटी कार (JH10AX-8591) भी जब्त की है।

परिसीमन के विरोध में आदिवासी समाज की हुंकार, 30 अगस्त को रांची में महाजुटान की तैयारी तेज

हजारीबाग। झारखंड में संभावित परिसीमन को लेकर आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन की तैयारी तेज हो गई है। इसी कड़ी में बुधवार को हजारीबाग परिसदन में पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने आदिवासी संगठनों के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठक की।

बैठक की अध्यक्षता विजय सिंह भोक्ता ने की, जबकि संचालन हजारीबाग जिला प्रवक्ता विक्की कुमार धान ने किया। बैठक में आगामी 30 अगस्त को रांची के मोरहाबादी मैदान में प्रस्तावित आदिवासी एकता महाजुटान रैली की तैयारियों और हजारीबाग जिले से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड का गठन आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन, परंपरा और संस्कृति की रक्षा के उद्देश्य से हुआ है। उन्होंने कहा कि पांचवीं अनुसूची के प्रावधानों और झारखंड की विशिष्ट सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखे बिना परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ाना आदिवासी समाज के हित में नहीं होगा।

उन्होंने आशंका जताई कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन होने की स्थिति में यदि झारखंड में आदिवासी आरक्षित विधानसभा सीटों की संख्या कम होती है, तो इससे आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को बड़ा नुकसान हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आदिवासी आरक्षित सीटों में कमी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह केवल सीटों का मामला नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के राजनीतिक अधिकार, अस्तित्व और भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है।

बंधु तिर्की ने आदिवासी समाज के सभी संगठनों और लोगों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देशभर में आदिवासी समाज जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के साथ अपनी संस्कृति, परंपरा और राजनीतिक हिस्सेदारी की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है।

वहीं, विक्की कुमार धान ने कहा कि संभावित परिसीमन से झारखंड में आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होना होगा। उन्होंने बताया कि 30 अगस्त को रांची के मोरहाबादी मैदान में होने वाले महाजुटान को ऐतिहासिक बनाने के लिए हजारीबाग जिले से बड़ी संख्या में लोग रांची पहुंचेंगे।

उन्होंने बताया कि महाजुटान को लेकर जिले में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। प्रखंड और पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक कर रांची पहुंचने का आह्वान किया जा रहा है। बैठक में रैली की सफलता के लिए विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां तय करने, जनजागरण अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष महेंद्र बेक, राष्ट्रीय आदिवासी छात्र संघ के कार्यकारी अध्यक्ष आनंद मरांडी, उपाध्यक्ष रवि मांझी सहित बड़ी संख्या में आदिवासी संगठनों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और समाज के लोग मौजूद रहे।

उपायुक्त हेमन्त सती ने राजस्व एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की समीक्षा की

हजारीबाग समाहरणालय सभाकक्ष में बुधवार को उपायुक्त श्री हेमन्त सती की अध्यक्षता में राजस्व विभाग, भू-अर्जन, एनटीपीसी, एनएच सहित विभिन्न परियोजनाओं एवं आधारभूत संरचनाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एनटीपीसी की पकरी बरवाडीह, केरेडारी एवं चट्टी बरियातू कोल परियोजनाओं से जुड़े भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान, पंचायत भवन डिमोलिश की स्वीकृति, म्यूटेशन, जांच प्रतिवेदन और मेजरमेंट सहित विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

विभिन्न परियोजनाओं के प्रतिनिधियों ने भूमि जांच प्रतिवेदन, एफआरए, वंशावली, वैल्युएशन, स्कूल शिफ्टिंग तथा नर्सिंग कॉलेज निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर हस्तांतरण सहित अन्य समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को 15 अगस्त से पूर्व क्षेत्र भ्रमण कर भूमि संबंधी जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

राजस्व विभाग के कार्यों की भी हुई समीक्षा

बैठक में पीजी पोर्टल, भू-मापी, म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, सो-मोटो म्यूटेशन, ई-रिवेन्यू कोर्ट, आरसीएमएस ऑनलाइन रिपोर्ट, ऑनलाइन लगान, परिशोधन पोर्टल सहित अन्य राजस्व मामलों की प्रगति की जानकारी ली गई।

उपायुक्त ने एलपीसी निर्गत करने में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि सभी अंचल अधिकारियों को शीघ्र ही एलपीसी निर्गत करने के लिए नए फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को स्पष्ट, तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया गया।

सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा म्यूटेशन एवं रिजेक्टेड मामलों की समीक्षा कर लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, अपर समाहर्ता श्री महेंद्र छोटन उरांव, भू-अर्जन पदाधिकारी सह डीसीएलआर श्री राजकिशोर प्रसाद, बरही एसडीओ श्री जोहन टुडू, सभी अंचलाधिकारी, अंचल निरीक्षक, कर्मचारी, विभिन्न परियोजनाओं के प्रतिनिधि तथा संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

100 दिव्यांग लाभुकों को मिलेगी बैटरी चालित ट्राईसाइकिल, 25 लाभुकों के बीच किया गया वितरण

हजारीबाग में दिव्यांगजनों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से बैटरी चालित ट्राईसाइकिल का वितरण किया जा रहा है। उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग ने 60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले 25 पात्र लाभुकों के बीच बैटरी चालित ट्राईसाइकिल का वितरण किया।

इससे पहले जिला प्रशासन की पहल पर 50 दिव्यांग लाभुकों को ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जा चुकी है। वहीं, गुरुवार को 25 अन्य पात्र लाभुकों के बीच ट्राईसाइकिल का वितरण किया जाएगा। इस तरह चार चरणों में कुल 100 दिव्यांग लाभुकों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जा रही है। वितरण के दौरान डीएसडब्ल्यूओ कार्यालय के कर्मियों ने लाभुकों को ट्राईसाइकिल चलाने का प्रशिक्षण भी दिया।

जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए जिला जनसंपर्क कार्यालय के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराया गया था। इसके बाद कई आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर आने वाले दिनों में पात्र दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

उपायुक्त हेमन्त सती ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। दिव्यांगजनों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बैटरी चालित ट्राईसाइकिल से लाभुकों को दैनिक कार्यों, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

उपविकास आयुक्त रिया सिंह ने कहा कि बैटरी चालित ट्राईसाइकिल दिव्यांगजनों के लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की ओर आगे बढ़ने का माध्यम है। इससे विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों और कामकाजी लाभुकों को अपने कार्यस्थल तक पहुंचने में सहूलियत होगी।

ट्राईसाइकिल प्राप्त करने वाले लाभुकों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इससे उनके दैनिक आवागमन में काफी सुविधा होगी और वे अधिक स्वतंत्रता के साथ अपने कार्य कर सकेंगे।

कार्यक्रम में उपविकास आयुक्त रिया सिंह, जिला योजना पदाधिकारी पंकज तिवारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिंहा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

मेगा रक्तदान शिविर में 50 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान, मानवता की पेश की मिसाल

हजारीबाग के हरनगंज स्थित स्वयंवर पैलेस में रविवार को वर्ल्ड केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया एवं मुक्तिधाम सेवा संस्थान के संयुक्त पहल पर मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सदर विधायक प्रदीप प्रसाद बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। रामबिलास पासवान ने रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया।

शिविर में 50 से अधिक स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। इस दौरान सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है और समय पर मिला रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की और आयोजन के लिए दोनों संस्थाओं की सराहना की।

वर्ल्ड केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कमलेश सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाना है। रक्तदान शिविर के माध्यम से रक्त संग्रह कर जरूरतमंद मरीजों की मदद करना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। वहीं, संस्था के सचिव ब्रजेश सहाय ने सभी रक्तदाताओं का आभार जताया।

मुक्तिधाम सेवा संस्थान के संस्थापक नीरज कुमार पासवान ने कहा कि रक्तदान समाजसेवा का ऐसा माध्यम है, जिससे किसी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य लगातार जारी रखेगी।

शिविर में रामबिलास पासवान, नीरज कुमार, नीरज कुमार पांडेय, जितेंद्र कुमार, जयवीर कुमार, मदन लाल मंडल, रामलखन प्रजापति, रौनक, अमित राम, अतुल रंजन, आकाश कुमार पासवान, चंदर कुमार, निखिल कुमार सिन्हा, सतीश कुमार वर्मा, विशेश्वर कुमार ठाकुर, शशि कांत वर्मा, चंदन कुमार एवं मनोज कुमार यादव समेत कई लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।

मौके पर वर्ल्ड केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कमलेश सिंह, सचिव ब्रजेश सहाय, मुक्तिधाम सेवा संस्थान के संस्थापक नीरज कुमार पासवान, समाजसेवी राकेश गुप्ता, रामबिलास पासवान, ऋषभ ऋषि सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार जताते हुए उनके योगदान की सराहना की।

आदिवासी महोत्सव-2026 में दिखी झारखंडी संस्कृति की भव्य झलक, उत्कृष्ट प्रतिभाओं को मिला सम्मान

आदिवासी महोत्सव-2026 के अवसर पर जिला प्रशासन, हजारीबाग द्वारा आज पैराडाइस रिजॉर्ट, कार्मेल चौक, हजारीबाग में भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोककला एवं प्रतिभाओं को सम्मान और मंच प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान स्वागत नृत्य, नागपुरी नृत्य, कलसा नृत्य, आदिवासी समूह नृत्य, छऊ नृत्य, आदिवासी नाट्य मंचन, झारखंडी सांस्कृतिक फैशन शो एवं पारंपरिक लोकनृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। विभिन्न कला दलों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य, संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम स्थल पर झारखंड की लोक एवं आदिवासी संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, महापौर श्री अरविंद राणा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य कुमार पांडे, अपर समाहर्ता श्री महेंद्र छोटन उरांव, जिला योजना पदाधिकारी श्री पंकज कुमार तिवारी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती वेदवंती कुमारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री मुलिन मरांडी, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद के मीडिया प्रतिनिधि श्री रंजन चौधरी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के श्री सुनील कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कलाकार एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

उत्कृष्ट प्रतिभाओं का सम्मान

आदिवासी महोत्सव के माध्यम से जिले की उन प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने खेल, शिक्षा एवं कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर जिले एवं राज्य का गौरव बढ़ाया है। एथलेटिक्स एवं फुटबॉल के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित प्रतिभाओं में फुटबॉल खिलाड़ी अष्टम उरांव एवं पूर्णिमा कुमारी जैसी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाएं शामिल रहीं, जिन्होंने भारतीय महिला फुटबॉल का प्रतिनिधित्व करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वहीं एथलेटिक्स के क्षेत्र में पृथ्वी उरांव, प्रीति लकड़ा सहित अन्य खिलाड़ियों को भी उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संतोष कुमार को भी सम्मान प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त आदिवासी संस्कृति एवं पारंपरिक कला को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सोहराई कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। सोहराई कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुतली गंझू, दिव्या मुर्मू एवं तारा ज्योत्सना मुर्मू को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किया गया।

कलादलों को भी मिला सम्मान

कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, झारखंड में पंजीकृत विभिन्न कलादलों द्वारा शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। महिला उत्प्रेरणा केन्द्र, हो इंटरटेनमेंट, झारखंड लोक कल्याण समिति, झारखंड समाज विकास परिषद, एमडी ग्रुप ऑफ थिएटर, तरंग ग्रुप एवं सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स, हजारीबाग से जुड़े कलाकारों ने विभिन्न आदिवासी एवं झारखंडी लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

इन सभी कला दलों एवं कलाकारों को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति एवं सांस्कृतिक संरक्षण में योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम ने न केवल आदिवासी एवं झारखंडी संस्कृति की विविधता और समृद्धता को मंच प्रदान किया, बल्कि जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए यह संदेश भी दिया कि परंपरा, प्रतिभा और संस्कृति तीनों के संरक्षण एवं संवर्धन से ही समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।

जिला प्रशासन ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध आदिवासी एवं झारखंडी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का उपायुक्त हेमन्त सती ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर दिए कई निर्देश

हजारीबाग। उपायुक्त हेमन्त सती ने शनिवार को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फार्मेसी सेंटर, जन औषधि केंद्र, पैथोलॉजी विभाग, एमटीसी केंद्र, ओपीडी, एक्स-रे कक्ष, रेडियोलॉजिस्ट कक्ष, अल्ट्रासाउंड कक्ष सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों एवं केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जन औषधि केंद्र एवं फार्मेसी सेंटर में दवा लेने पहुंचे लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और मरीजों की दवा पर्चियों का भी अवलोकन किया। जन औषधि केंद्र को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, मरीजों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से अस्पताल परिसर में फार्मेसी सेंटर के दवा वितरण केंद्र पांच अलग-अलग स्थानों पर संचालित करने का निर्देश दिया। फार्मेसी सेंटर के माध्यम से मरीजों को निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

एमटीसी केंद्र में व्यवस्थाओं और अभिलेखों की जांच

उपायुक्त ने एमटीसी केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान बिना स्टाम्प एवं गैर जिम्मेदाराना तरीके से दवा लिखे जाने की बात सामने आने पर उन्होंने डीआरसीएचओ से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। साथ ही एमटीसी केंद्र के रजिस्टर एवं व्यय संबंधी विवरण प्रस्तुत करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया।

पैथोलॉजी विभाग में व्यवस्था सुधारने के निर्देश

पैथोलॉजी विभाग एवं ब्लड सैंपल कलेक्शन कक्ष के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यप्रणाली और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। पैथोलॉजी विभाग में कार्यरत कर्मियों के कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने रजिस्ट्रेशन सेंटर में कार्यरत कर्मी को हटाकर अन्य कर्मी को ड्यूटी पर लगाने का निर्देश दिया।

मरीजों की सुविधा के लिए भुगतान की ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों व्यवस्थाएं उपलब्ध रखने तथा काउंटरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी प्रकार की जांच के नाम क्रमवार एवं स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया। ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर के लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित कर उसे स्थानांतरित करने का निर्देश भी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।

अस्पताल में साइनएज और माइकिंग सिस्टम की होगी व्यवस्था

उपायुक्त ने अस्पताल परिसर के सभी आवश्यक केंद्रों एवं विभागों की जानकारी मरीजों एवं उनके परिजनों को आसानी से उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त साइनएज लगाने तथा माइकिंग सिस्टम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल परिसर को दलालों से पूरी तरह मुक्त रखने का स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी पदाधिकारी या कर्मी की दलालों के साथ संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड सहित उपकरणों की उपलब्धता पर चर्चा

उपायुक्त ने सीआर कक्ष, एक्स-रे कक्ष, रेडियोलॉजिस्ट कक्ष एवं अल्ट्रासाउंड कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित रजिस्टरों, आय एवं व्यय का अवलोकन किया। एक्स-रे मशीनों की आवश्यकता, उनके उपयोग, मशीनों की जिम्मेदारी, तकनीशियनों की उपलब्धता सहित अन्य तकनीकी पहलुओं पर संबंधित पदाधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने अस्पताल में नए एक्स-रे मशीन, अल्ट्रासाउंड एवं सीपीआरओ मशीन उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही खराब एक्स-रे मशीनों को शीघ्र दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।

जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने का निर्देश

उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अस्पताल प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सों एवं अन्य कर्मियों को निर्धारित यूनिफॉर्म में ही ड्यूटी करने को कहा।

अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए पार्किंग को परिसर से बाहर करने तथा इसके लिए ट्रैफिक डीएसपी के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट, सिविल सर्जन सहित अस्पताल के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।