भारत पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री, कोलकाता में ‘मदर हाउस’ का किया दौरा, आज दिल्ली में PM मोदी से मुलाकात
#ussecretaryofstatemarcorubioarrivesinindia
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो शनिवार को अपनी पहली भारत यात्रा पर पहुंचे। चार दिन के भारत दौरे पर आए रुबियो का कोलकाता एयरपोर्ट पर भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से मार्को रुबियो सीधे सेंट टेरेसा की संस्था ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ के मुख्यालय ‘मदर हाउस’ पहुंचे। जहां उन्होंने संस्था के अधिकारियों से मुलाकात की और वहां चल रहे सेवा कार्यों की जानकारी ली।
![]()
14 साल बाद किसी अमेरिकी विदेश मंत्री का कोलकाता दौरा
अमेरिका के किसी विदेश मंत्री का यह 14 साल बाद कोलकाता दौरा है। इससे पहले मई 2012 में तत्कालीन अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन कोलकाता आई थीं। मार्को रुबियो का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब पश्चिम बंगाल में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में नई सरकार बनी है।
![]()
पीएम मोदी से भी करेंगे मुलाकात
भारत में अमेरिकी राजदूत राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर रुबियो के आगमन की जानकारी दी। रुबियो का भारत दौरा 23 से 26 मई तक प्रस्तावित है। अपने दौरे के दौरान रुबियो की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात होगी, जिसमें व्यापार, टेक्नोलॉजी, रक्षा सहयोग और क्वाड समेत कई रणनीतिक विषयों पर चर्चा की जाएगी।
एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय मीटिंग
वहीं, रविवार 24 मई 2026 को सुबह 11.30 बजे वह विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय मीटिंग करेंगे। मेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग प्रमुख एजेंडा है। भारत की सैन्य क्षमताओं में पहले से ही अमेरिकी तकनीक की अहम भूमिका है। भारतीय वायुसेना और नौसेना बोइंग पी-8 पोसाइडन विमान, एमक्यू-9बी स्काईगार्डियन ड्रोन, एम777 हॉवित्जर तोप और बोइंग सी-17 ग्लोबमास्टर-III जैसे आधुनिक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रही हैं। हालांकि, बातचीत अब केवल रक्षा खरीद तक सीमित नहीं रह गई है। दोनों देश रक्षा प्रणालियों के को-प्रोडक्शन, एआई, सेमीकंडक्टर और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दे रहे हैं। माना जा रहा है कि यह साझेदारी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक संतुलन और तकनीकी सहयोग को और मजबूत करेगी।
क्वाड के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे रुबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ऐसे समय भारत पहुंचे हैं, जब क्वाड देशों भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने के लिए अहम बैठक कर रहे हैं। भारत के लिए क्वाड हाल के वर्षों में रक्षा सहयोग, उभरती प्रौद्योगिकियों और सप्लाई चेन को मजबूत बनाने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है। क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच क्वाड को चार लोकतांत्रिक देशों के बीच रणनीतिक समन्वय बढ़ाने वाले समूह के रूप में भी देखा जा रहा है।





1 hour and 55 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.9k