जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई जारी
*चेकिंग के दौरान 9 स्कूल वाहनों पर कार्रवाई, 3 वाहन मानक विहीन मिलने पर तत्काल किया गया सीज*
*गोण्डा 22 अप्रैल,2026*।
जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु परिवहन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में एआरटीओ (प्रशासन) श्री आर.सी. भारतीत के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान थाना छपिया क्षेत्र में संचालित किया गया, जिसमें विद्यालय वाहनों की इंश्योरेंस, प्रदूषण, परमिट आदि की गहनता के साथ जांच की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान कुल 9 स्कूल वाहनों पर कार्रवाई की गई, जिनमें से 3 वाहन मानक विहीन पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सीज कर दिए गए। जांच के दौरान कई वाहनों में आवश्यक सुरक्षा मानकों का अभाव पाया गया, जैसे फिटनेस प्रमाणपत्र की कमी, ओवरलोडिंग, अग्निशमन यंत्र का न होना, तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का अभाव।
परिवहन विभाग गोण्डा ने इस कार्रवाई को बच्चों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का हिस्सा बताया है।
एआरटीओ (प्रशासन) श्री आर.सी. भारतीत ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालय वाहन स्वामी शासन द्वारा निर्धारित नियमों इंश्योरेंस, प्रदूषण, परमिट आदि का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी विद्यालय वाहन में मानकों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि स्कूली बच्चों के जीवन और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जागरूकता बढ़ाकर सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
परिवहन विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की नियमित जांच कराएं और सभी आवश्यक मानकों को पूरा करें, जिससे बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Apr 22 2026, 17:39
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1