मुजफ्फरनगर में विकास और रोजगार का महाकुंभ, 951 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
* रोजगार मेले में 5122 युवाओं को नौकरी, अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण व AI रिपोर्ट लॉन्च
मुजफ्फरनगर/लखनऊ।
मुजफ्फरनगर के नुमाइश ग्राउंड में सोमवार को आयोजित भव्य रोजगार मेला एवं विकास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद को बड़ी सौगात देते हुए 951 करोड़ रुपये से अधिक की 423 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान “कौशल दर्शन” पुस्तक का विमोचन किया गया, जिसमें सफल युवाओं की प्रेरक कहानियाँ शामिल हैं। साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित सेंटिमेंट एवं रेडिनेस रिपोर्ट का शुभारंभ किया गया, जो तकनीकी शिक्षा और नवाचार को नई दिशा देगा। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) और नीति आयोग के महिला उद्यमिता मंच (WEP) के बीच महत्वपूर्ण साझेदारी भी हुई।
रोजगार मेले में 200 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिसमें 27,000 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया। इस दौरान 5122 युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान किए गए। चयनित युवाओं में अक्षत गर्ग, रक्षित त्यागी, केशव, अनुज धीमान, अंशिका गोयल, नायब परवीन, विशाल और वैशाली जैसे उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि रोजगार मेला युवाओं के लिए सशक्त मंच बनकर उभरा है, जहां उन्हें उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए अन्य युवाओं को निराश न होने की सलाह दी और आश्वस्त किया कि सरकार ऐसे अवसर लगातार उपलब्ध कराती रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। रोजगार मेलों से न केवल नौकरियों के अवसर बढ़ रहे हैं, बल्कि स्वरोजगार को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। सरकार निवेश, उद्योग और तकनीकी विकास को बढ़ावा देकर रोजगार सृजन के नए रास्ते खोल रही है। इस अवसर पर जयंत चौधरी, एस.पी. सिंह बघेल, अनिल कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Apr 13 2026, 20:01
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
5.0k