Sambhal के नखासा थाना क्षेत्र में कब्रिस्तान की जमीन पर मस्जिद निर्माण के मामले में सात पर मुकदमा दर्ज
संभल में कब्रिस्तान और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा कर मस्जिद निर्माण के मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इन पर सेंट्रल वक्फ बोर्ड के समक्ष गलत साक्ष्य प्रस्तुत कर भूमि को वक्फ घोषित कराने का आरोप है। जांच में एक मस्जिद, 11 मकान और 1000 वर्ग मीटर भूमि पर खेती होती मिली है।
मामला जनपद संभल के नखासा थाना क्षेत्र के गांव कसेरुआ का है। राजस्व प्रशासन की टीम ने 9 जनवरी को गांव पहुंचकर सरकारी भूमि की पैमाइश की थी। लेखपाल खाबर हुसैन ने पैमाइश के बाद अपनी रिपोर्ट तहसीलदार को सौंपी थी।
पैमाइश के दौरान गाटा संख्या 409, जो कब्रिस्तान की भूमि है, पर 280 वर्ग मीटर में एक मस्जिद और तीन मकान बने पाए गए। गाटा संख्या 410, जो खाद के गड्ढे की भूमि है, पर 600 वर्ग मीटर में आठ मकान बने मिले। इसी भूमि पर मस्जिद का सुन्नी वक्फ बोर्ड में इंद्राज भी है। इसके अतिरिक्त, गाटा संख्या 411, जो वृक्षारोपण के लिए आरक्षित है, पर एक व्यक्ति द्वारा 1001 वर्ग मीटर में खेती की जा रही थी।
आरोप है कि मस्जिद के प्रबंधक ने सेंट्रल वक्फ बोर्ड के समक्ष गलत साक्ष्य और तथ्य प्रस्तुत कर भूमि को वक्फ घोषित करा लिया। यह तथ्य छिपाया गया कि मस्जिद कब्रिस्तान की भूमि पर है, क्योंकि कब्रिस्तान की भूमि पर वक्फ बोर्ड में पंजीकरण नहीं होता। इस प्रकार आरक्षित ग्राम सभा संपत्ति पर कब्जा कर ग्राम समाज की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है।
इस मामले में तहसीलदार संभल धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि लेखपाल खाबर हुसैन की शिकायत पर जाकिर हुसैन पुत्र अफसर, तस्लीम पुत्र अब्दुल मजीद, भूरे अली पुत्र शब्बीर, शरफुद्दीन पुत्र मुजीजुद्दीन, दिल शरीफ पुत्र शरीफ अहमद, मोहबाद अली पुत्र दिलबर एवं नन्हे पुत्र असलम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इन पर BNS की धारा 329 (3) और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 2 व 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Jan 27 2026, 10:55
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2.1k