उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज
* पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। वहीं मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 2800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, चंपावत, देहरादून और उधम सिंह नगर जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने की आशंका भी जताई गई है, जिसको लेकर येलो अलर्ट लागू किया गया है।
राजधानी देहरादून में हल्के से मध्यम कोहरे के साथ अधिकतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
नैनीताल के मैदानी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। कोहरे के कारण ठंड में इजाफा दर्ज किया गया है। दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, स्कूली बच्चे और मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मैदानी क्षेत्रों में दृश्यता घटकर करीब 50 मीटर रह गई है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सतर्कता बरतने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी है।
Jan 10 2026, 16:03
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1