उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर, मौसम विभाग ने 25 दिसंबर तक के लिए किया अलर्ट
#weathertodaydensefogindelhiuppunjabuttarakhandcoldwavealert
देश के उत्तर और पूर्वी भारत के अधिकांश राज्यों में पारा लगातार गिर रहा है। इस वजह से ठंड में इजाफा हुआ है। देश के इन हिस्सों में ठंड और घने कोहरे का असर साफ दिखने लगा है। सुबह और रात के वक्त विजिबिलिटी काफी कम हो रही है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ सड़क, रेल और हवाई यात्रा भी प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड से कांपे लोग
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले कई इलाकों में बर्फबारी भी हुई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पर्वतीय राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते बारिश और भारी हिमपात का पूर्वानुमान जताया है। पर्वतीय राज्यों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी हिस्सों में दिख रहा है। पंजाब से लेकर हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की वजह से सामान्य जनजीवन पर विपरीत असर पड़ा है।
अभी कुछ दिन छाए रहेंगे बादल
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में हालात में ज्यादा राहत की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों पर एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पहुंच रहा है, जिससे 20 से 22 दिसंबर के बीच अच्छी बर्फबारी होगी। इसका असर मैदानी इलाकों में बादलों और कोहरे के रूप में दिखेगा।
इन राज्यों में छाया रहेगा घना कोहरा
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब में 20 दिसंबर की सुबह घना से बहुत घना कोहरा बने रहने की संभावना है। वहीं उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तर मध्य प्रदेश और बिहार में 21 दिसंबर तक सुबह के समय कोहरे की स्थिति रह सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह असर 22 दिसंबर तक देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में 24 और 25 दिसंबर को भी कोहरा परेशान कर सकता है।
रेल और फ्लाइट पर कोहरे का असर
कोहरे का बुरा असर रेल सेवाओं पर भी देखने को मिला, जहां अब तक 32 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। घने कोहरे की वजह से उड़ानों का संचालन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। 15 से अधिक फ्लाइट्स रद्द हुई हैं। 30 से ज्यादा फ्लाइट्स देरी से उड़ रही हैं। जबकि कई उड़ानों को रीशेड्यूल करना पड़ा है।



delhi
8 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
3.1k