रांची: महिला और नाबालिग बेटी से दुष्कर्म का प्रयास, मुख्यमंत्री के संज्ञान के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार
रांची: राजधानी रांची के बीआईटी मेसरा ओपी थाना क्षेत्र में एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। बीते रविवार की शाम करीब 7 से 8 युवकों ने महिला के घर में घुसकर इस घटना को अंजाम देने की कोशिश की। विरोध करने पर युवकों ने महिला और उसके बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की।
![]()
पीड़ित महिला ने बताया कि युवकों ने रॉड से उन पर हमला किया। जब उन्होंने शोर मचाया तो आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। महिला हो जनजाति समुदाय से है।
पीड़िता के अनुसार, घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बावजूद शुरुआती दौर में कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस घटना की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए रांची पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पुलिस हरकत में आई और घटना के मुख्य आरोपी जहीर शेख को गिरफ्तार कर लिया। बीआईटी ओपी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस अन्य फरार आरोपियों, जिनमें मंसूब शेख और शोएब शेख शामिल हैं, की तलाश में जुट गई है।
पीड़ित महिला ने बताया कि वह पिछले 16 वर्षों से बीआईटी ओपी क्षेत्र में रह रही है और दूसरों के घरों में काम करके तथा खेती-बाड़ी करके अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है।
Sep 11 2025, 13:24