बलरामपुर में शुरू होगा “समर्थ उत्तर प्रदेश – विकसित उत्तर प्रदेश @2047” अभियान
बलरामपुर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संकल्प लिया है कि वर्ष 2047 तक प्रदेश को एक पूर्ण विकसित राज्य बनाया जाएगा। इसी दिशा में शासन स्तर पर “समर्थ उत्तर प्रदेश – विकसित उत्तर प्रदेश अभियान की शुरुआत की जा रही है।
इस अभियान का उद्देश्य प्रदेशवासियों को विकास यात्रा से अवगत कराते हुए उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। विजन डॉक्यूमेंट के निर्माण हेतु इसे तीन थीम – अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति, जीवन शक्ति और 12 प्रमुख सेक्टर (कृषि, पशुधन, उद्योग, आईटी एवं उभरती तकनीक, पर्यटन, नगर व ग्राम विकास, अवस्थापना, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा व सुशासन) पर केंद्रित किया जाएगा।
बलरामपुर में इस अभियान के अंतर्गत शासन द्वारा चयनित प्रबुद्धजन – सुख लाल भारती (सेवानिवृत्त IAS), डी.के. दोहरे (सेवानिवृत्त CDO) और राम बक्स श्रीवास्तव (सेवानिवृत्त प्रोफेसर, गणित विभाग) 08 व 09 सितम्बर को दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे छात्रों, शिक्षाविदों, उद्यमियों, व्यवसायियों, कृषकों, कृषि वैज्ञानिकों, एफपीओ सदस्यों, महिला समूहों और श्रमिक संगठनों से संवाद करेंगे। संवाद के माध्यम से न केवल प्रदेश सरकार की बीते 8 वर्षों की विकास यात्रा साझा की जाएगी, बल्कि वर्ष 2047 तक के रोडमैप पर भी चर्चा कर जनता से फीडबैक लिया जाएगा।
डीएम पवन अग्रवाल ने बताया कि यह पहल प्रदेश के नागरिकों को साझीदार और सहभागी बनाकर एक समान, समावेशी और वैश्विक स्तर पर सम्मानित उत्तर प्रदेश के निर्माण की ओर अग्रसर करेगी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि सभी नागरिक इस अभियान से जुड़ें और उत्तर प्रदेश के विजन डॉक्यूमेंट के निर्माण में अपना अहम योगदान दें।
Sep 08 2025, 14:43