पलामू में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो जवान शहीद, एक जख्मी
#twopolicemenmartyredinencounterwithtspcnaxalsin_palamu
झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार तड़के सुरक्षा बलों और नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति (टीएसपीसी) के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में दो सुरक्षा कर्मी शहीद हो गए, जबकि एक जवान घायल हो गया। जख्मी जवान का मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। शहीद होने वाले जवानों में पलामू एएसपी अभियान का एक बॉडीगार्ड भी शामिल है। पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने इसकी पुष्टि की है।
![]()
10 लाख के इनामी नक्सली के गांव में होने की खबर
नक्सल-मुक्त झारखंड बनाने के उद्देश्य से सुरक्षा बलों द्वारा लगातार नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में झारखंड के पलामू पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली। ये सूचना टीएसपीसी के 10 लाख के इनामी कमांडर शशिकांत गंझू को लेकर थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि टीएसपीसी जोनल कमांडर शशिकांत गंझू अपने गांव केदल करमा पर्व पर आ सकता है। इसी आधार पर पुलिस ने विशेष सर्च अभियान चलाया।
शशिकांत गंझू के गांव में पुलिस के साथ मुठभेड़
पुलिस टीम के गांव के करीब पहुंचने की नक्सलियों को खबर लग गई। जिसके बाद शशिकांत गंझू और उसके दस्ते ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी को तुरंत डालटनगंज के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने संतन कुमार और सुनील राम नामक दो जवानों को मृत घोषित कर दिया। इनमें से एक जवान पलामू एएसपी का अंगरक्षक था। तीसरे घायल जवान का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुठभेड़ के बाद तलाशी अभियान तेज
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि घायल जवान के इलाज की पूरी व्यवस्था की गई है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। आसपास के गांवों में भी सख्त निगरानी रखी जा रही है।
नक्सल-मुक्त झारखंड का अभियान जारी
इससे पहले झारखंड के ही बोकारो जिले में 21 अप्रैल 2025 को लुगूबुरु पहाड़ में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 1 करोड़ के इनामी नक्सली कमांडर सहित कुल 8 नक्सलियों को ढेर किया था। इनमें 1 करोड़ रुपये का इनामी सेंट्रल कमेटी सदस्य प्रयाग मांझी उर्फ विवेक भी शामिल था। घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामान बरामद किया गया है।
Sep 04 2025, 11:49