झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन, दिल्ली के अपोलो अस्पताल में ली अंतिम सांस
रांची, 16 अगस्त 2025: झारखंड के शिक्षा मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता रामदास सोरेन का निधन हो गया है। उन्होंने 15 अगस्त की रात दिल्ली के अपोलो अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से घाटशिला विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।
![]()
एक महीने में जेएमएम को दूसरा बड़ा झटका
पार्टी के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर उनके निधन की पुष्टि की। सोरेन के बड़े बेटे सोमेश सोरेन ने भी अपने पिता के निधन की जानकारी दी।
रामदास सोरेन (62) पिछले कई दिनों से गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती थे। उनके समर्थकों और परिजनों को उम्मीद थी कि वह ठीक होकर लौटेंगे, लेकिन 15 अगस्त की रात करीब 10:45 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए एक महीने में दूसरा बड़ा झटका है। इससे पहले, 4 अगस्त को दिशोम गुरु शिबू सोरेन का भी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया था। उनके निधन के ठीक 11 दिन बाद, और उनके दशकर्म के दिन ही, रामदास सोरेन का भी निधन हो गया।
कल रांची पहुंचेगा पार्थिव शरीर
रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर शनिवार, 16 अगस्त को सुबह 8 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेगा। इस मौके पर पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
Aug 16 2025, 10:16