जहानाबाद: आय से अधिक संपत्ति मामले में DSP संजीव कुमार के ठिकानों पर SVU की बड़ी कार्रवाई, तीन जिलों में एक साथ छापेमारी
जहानाबाद/पटना/खगड़िया,बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चल रही मुहिम के तहत स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने शुक्रवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जहानाबाद में पदस्थापित पुलिस उपाधीक्षक (DSP) संजीव कुमार के पटना, खगड़िया और जहानाबाद स्थित आवासों और अन्य ठिकानों पर SVU की टीम ने एक साथ छापेमारी की।
1.52 करोड़ की अवैध संपत्ति का आरोप
SVU द्वारा दर्ज कांड संख्या 16/2025 के अनुसार, DSP संजीव कुमार पर 1 करोड़ 52 लाख 42 हजार 469 रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है, जो उनकी ज्ञात वैध आय से कहीं अधिक है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 61(2)(ए) के तहत की जा रही है।
तीन जिलों में एक साथ दबिश
SVU की टीम ने शुक्रवार सुबह एक ही समय पर पटना, जहानाबाद और खगड़िया स्थित DSP के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, प्रॉपर्टी डीड, बैंक खाते संबंधी जानकारी, संदिग्ध निवेश से जुड़े कागजात और अन्य कीमती सामान जब्त किए गए।
बरामद दस्तावेजों की हो रही गहन जांच
जांच टीम द्वारा जब्त किए गए दस्तावेजों, नकदी, आभूषणों और अन्य अघोषित संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। SVU सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच के बाद अवैध संपत्ति की जब्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
SVU थाने में दर्ज हुआ मामला
इस केस की एक विशेष बात यह है कि SVU ने स्वतः संज्ञान लेते हुए अपने ही थाने में प्राथमिकी दर्ज की है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि DSP के विरुद्ध पहले से पुख्ता साक्ष्य इकठ्ठा किए जा चुके थे।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
DSP स्तर के अधिकारी पर हुई इस कार्रवाई से बिहार पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हालांकि SVU की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि जांच पूर्ण होने के बाद मामले में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
Aug 08 2025, 21:16