हेमंत सरकार हर मोर्चे पर नाकाम, विधानसभा सत्र में आजसू बनाएगी मुद्दा: सुदेश महतो
रांची: आजसू पार्टी प्रमुख और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि आगामी झारखंड विधानसभा सत्र में उनकी पार्टी सरकार की नाकामियों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो-कांग्रेस गठबंधन ने जनता को दिग्भ्रमित कर दूसरी बार सरकार तो बना ली, लेकिन अब मंत्रियों को जनमुद्दों की कोई फिक्र नहीं है।
![]()
सरकार की विफलता पर 6 महीने का अल्टीमेटम, 9 माह बाद भी स्थिति खराब
पार्टी मुख्यालय में एक मिलन समारोह के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए श्री महतो ने बताया कि आजसू ने हेमंत सरकार को अपना प्रदर्शन सुधारने के लिए 6 महीने का समय दिया था। हालांकि, 9 महीने बीत जाने के बाद भी झामुमो-कांग्रेस की सरकार जनता के हितों की रक्षा में पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने राज्य में कानून व्यवस्था के ध्वस्त होने का आरोप लगाया और कहा कि माफिया तथा आपराधिक गिरोहों का दबदबा कायम है। कोयला, बालू और गिट्टी की तस्करी खुलेआम हो रही है। सुदेश महतो ने यह भी कहा कि चुनाव जीतने के लिए झामुमो ने मइया योजना का इस्तेमाल किया, लेकिन अब 6 लाख महिलाओं का नाम क्यों काटा जा रहा है, इसका जवाब सरकार को देना होगा।
झामुमो-कांग्रेस छोड़कर कई कार्यकर्ता आजसू में शामिल
इसी अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में झामुमो और कांग्रेस छोड़कर कई कार्यकर्ता आजसू पार्टी में शामिल हुए। पार्टी नेताओं ने पट्टा और माला पहनाकर उनका स्वागत किया। शामिल होने वालों में सदमा पंचायत, ओरमांझी के पूर्व मुखिया हरिलाल मुंडा, अमित टोप्पो, मोतीलाल टोप्पो, कांके क्षेत्र के मो. वसीम, मो. शाहबाज, रवींद्र नाथ चटर्जी, मकसूद खान, इकबाल आलम, रिजवान, राज, ओम प्रकाश साव, शाहिद, रितेश कुमार, बबलू मंसूरी, मुकेश कुजूर, अहमद अली, शाहिद अहमद एवं सलाउद्दीन सहित अनेक लोग शामिल थे।
इस मौके पर बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष श्री डोमन सिंह मुंडा, मुख्य प्रवक्ता डॉ. देव शरण भगत, झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर, मुकुंद मेहता, संजय मेहता, इम्तियाज अहमद नज़्मी, कुमुद वर्मा, ज्योत्सना केरकेट्टा, ऋतुराज शाहदेव, शहजादा अनवर, शादाब रजा आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन संजय साहू ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मो. कैफ ने किया।
Jul 28 2025, 11:32