भारत ने सामाजिक सुरक्षा कवरेज में रचा इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन ने दी वैश्विक मान्यता
![]()
* श्रममंत्री अनिल राजभर ने जिनेवा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय श्रम सम्मेलन में साझा की उपलब्धियां
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ विजन के तहत भारत ने बीते 11 वर्षों में सामाजिक सुरक्षा कवरेज के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2015 में जहां यह आंकड़ा मात्र 19 प्रतिशत था, वहीं 2025 में यह बढ़कर 64.3 प्रतिशत तक पहुंच गया है। अब देश के 94 करोड़ से अधिक नागरिक सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आ गए हैं, जिससे भारत विश्व में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। इस उपलब्धि को अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) ने अपने आईएलओ स्टेट डैशबोर्ड पर भी मान्यता दी है।
यह जानकारी उत्तर प्रदेश के श्रम एवं रोजगार मंत्री अनिल राजभर ने जिनेवा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय श्रम सम्मेलन में साझा की। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबों, श्रमिकों और असंगठित क्षेत्र के लिए बनाई गई केंद्रित नीतियों का प्रत्यक्ष परिणाम है। अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन के महानिदेशक गिल्बर्ट एफ. हांगबो ने भी भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की है।
सम्मेलन में श्री राजभर ने गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स की सामाजिक सुरक्षा पर आयोजित विशेष सत्र में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि देश में वर्तमान में करीब 80 लाख लोग गिग और प्लेटफॉर्म अर्थव्यवस्था से जुड़े हैं और 2030 तक इनकी संख्या 2.5 करोड़ तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए रणनीतियों पर कार्य जारी है।
श्री राजभर ने बाल श्रम निषेध पर आयोजित सत्र में भी भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि ‘बाल श्रम निषेध दिवस’ पर सभी को संकल्प लेना चाहिए कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों से काम नहीं लिया जाएगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा स्थापित अटल आवासीय विद्यालयों को श्रमिकों के बच्चों के लिए उत्कृष्ट मॉडल बताया और वैश्विक समुदाय से इसे अपनाने की अपील की।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 12 से 19 जून तक उत्तर प्रदेश में ‘बाल श्रम निषेध सप्ताह’ मनाया जा रहा है, जिसका समापन लखनऊ में होगा। इस अभियान में यूनिसेफ की सहभागिता भी रहेगी। सम्मेलन में भारत के स्थायी प्रतिनिधि अरिंदम बख्शी, प्रमुख सचिव डॉ. एम.के. शनमुगा सुन्दरम् सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Jun 13 2025, 09:23