*ज्ञानपुर में शामिल होंगे 19 गांव, आबादी बढ़कर होगी एक लाख, मिल सकता है नगर पालिका का दर्जा*
रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही- नगर पंचायत को पालिका का दर्जा दिए जाने की मांग अब जल्द पूरी हो सकती है। सीमा विस्तार के बाद नगर की सीमा में 19 गांवों का शामिल किया जाएगा। इससे नगर की करीब एक लाख आबादी बढ़ जाएगी। प्रमुख सचिव नगर विकास की ओर से सीमा विस्तार के लिए गांवों की सूची मांगी जाने के बाद नगर पंचायत की ओर से 19 गांवों की सूची भेज दी गई है।
आने वाले पंचायत चुनाव के पहले नगर पालिका का दर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। जिले में भदोही और गोपीगंज दो नगर पालिका समेत पांच नगर पंचायत हैं। इसमें ज्ञानपुर, सुरियावां, खमरिया, घोसिया और नई बाजार शामिल है। मुख्यालय के पास स्थित ज्ञानपुर नगर पंचायत को लंबे समय से नगर पालिका का दर्जा दिए जाने की मांग चल रही है।
बीते दिनों प्रमुख सचिव नगर विकास ने नगर की सीमा विस्तार को लेकर नगर पंचायत से गांवों की सूची मांगी थी। इसके तहत नगर पंचायत ने नगर के आसपास के 19 गांवों की सूची बनाकर शासन को भेजी है। हालांकि अभी गांवों की जनसंख्या की रिपोर्ट भी जानी है। इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
एक लाख की आबादी पर बनता है पालिका : ज्ञानपुर। नगर में कुल 11 वार्ड हैं, इसमें 30 से 32 हजार की आबादी है। वहीं, पालिका बनाने के लिए एक लाख से अधिक की आबादी होनी चाहिए, तभी पालिका बनाया जाता है। 19 संभावित गांव में पांच हजार के हिसाब से करीब 95 हजार की आबादी निवास कर रही है। ज्ञानपुर की 30 हजार आबादी को जोड़कर करीब एक लाख 25 हजार की आबादी हो रही है।
प्रमुख सचिव नगर विकास की ओर से सूची मांगी गई थी। इसके बाद 19 गांवों की प्रस्तावित सूची बनाकर भेजी गई है। अगर इन गांवों को शामिल किया जाएगा तो नगर की आबादी सवा लाख के आसपास हो जाएगी।




May 11 2025, 13:53
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k