बिहार के इस जिले मे 4 मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, भारी मात्रा अर्द्ध निर्मित हथियार के साथ तीन गिरफ्तार

डेस्क : अवैध हथियार निर्माण के चर्चित बिहार के मुंगेर जिले से एक बार फिर एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां पुलिस ने एकबार फिर एक नही चार-चार मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। मुंगेर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में इस बार छापेमारी की गयी और जहां एक साथ चार अवैध मिनी गन फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया गया। इस दौरान पुलिस ने मौके से 3 हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो भागने में कामयाब हो गये।
मुंगेर के पुलिस कप्तान (एसपी) सैयद इमरान मसूद ने बताया कि उन्हें इस बात की गुप्त सूचना मिली थी। फोन करने वाले ने बताया कि गंगा और गंडक नदी के बीच दियारा इलाके में अवैध हथियारों का निर्माण चल रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने एक विशेष टीम का गठन किया। जिसमें सदर डीएसपी अभिषेक आनंद, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विपिन कुमार सिंह, जिला आसूचना इकाई और विशेष टास्क फोर्स (STF) के अधिकारी को शामिल किया गया।
इस विशेष टीम को दियारा क्षेत्र में छापेमारी के लिए भेजा गया। पुलिस की यह टीम जब टापू क्षेत्र में छापेमारी करने पहुंची तब वहां मौजूद पांच लोग पुलिस को देखते ही नौ दो ग्यारह होने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन लोगों को खदेड़ कर पकड़ लिया, जबकि दो अन्य अंधेरे और जंगली इलाके का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गये।
इस दौरान पुलिस ने दियारा इलाके में चल रहे चार मिनी गन फैक्ट्री में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस को टापू पर चार अलग-अलग स्थानों पर अवैध हथियार निर्माण की फैक्ट्रियां मिलीं। इन फैक्ट्रियों से पुलिस ने कई हथियार और उपकरण जब्त किए, जिनमें 4 बेस मशीनें (हथियार निर्माण में प्रयुक्त), 3 तैयार पिस्टल, 1 अर्धनिर्मित पिस्टल, 2 निर्मित और अर्धनिर्मित मैगजीन, 1 ड्रिल मशीन और 2 जिंदा कारतूस बरामद किया गया। यह सारा सामान इस बात का प्रमाण है कि इन फैक्ट्रियों में लंबे समय से अवैध हथियारों का निर्माण चल रहा था।
पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के ही निवासी सौरव कुमार, विपिन सिंह और राजाराम सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान इनसे कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर कुछ और लोगों की पहचान हुई है। पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
May 05 2025, 19:00