हज़ारीबाग झील परिसर में युवक ने नाव पर किया हंगामा, रील्स बनाते रहे लोग, डूबकर हुई मौत
![]()
हज़ारीबाग झील परिसर सोमवार की सुबह एक दर्दनाक और हैरान कर देने वाले वाकये का गवाह बना। यह घटना सुबह लगभग तीन बजे शुरू हुई जब एक युवक झील परिसर में अकेले हंगामा करता हुआ नजर आया। धीरे-धीरे उसने झील में खड़ी एक नाव पर कब्जा कर लिया और घंटों तक उसी नाव को चलाता रहा।
इस अजीब और चिंता जनक घटना को देखने के लिए सुबह होते-होते बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। लेकिन भीड़ ने युवक को बचाने की बजाय अपने मोबाइल निकालकर रील्स बनानी शुरू कर दी। युवक की मानसिक स्थिति असामान्य लग रही थी और जब भी कोई उसे मदद करने की कोशिश करता, वह नाव से झील में छलांग लगाने की धमकी देने लगता। इसी डर से कोई भी व्यक्ति आगे नहीं बढ़ सका।
आखिरकार वही हुआ जिसका डर था। युवक ने झील में छलांग लगा दी और डूब गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते और मदद कर पाते, तब तक युवक की जान जा चुकी थी।
मृतक की पहचान आलेख गौरव उर्फ़ मुन्ना गुप्ता के रूप में हुई है, जो कोरा बाबूगांव का रहने वाला था और राशन की दुकान चलाता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक महीने से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिवार के लोग भी उसकी हालत को लेकर चिंतित थे, लेकिन शायद किसी को अंदाजा नहीं था कि हालात इस हद तक बिगड़ सकते हैं।
यह दुखद घटना न सिर्फ मानसिक स्वास्थ्य के प्रति हमारी लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि समाज की संवेदनहीनता पर भी सवाल खड़े करती है। जब कोई इंसान मदद की गुहार नहीं भी लगाता, तब भी क्या हमें मूक दर्शक बने रहना चाहिए? सोशल मीडिया की रील्स बनती रहीं, लेकिन एक जान चली गई।






Apr 22 2025, 17:29
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
3.9k