जहानाबाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
![]()
जहानाबाद: जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र के मेस्तरगंज गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने और शव को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष फरार बताया जा रहा है, जबकि मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
शव को टेम्पो में ले जाने की कोशिश, मौके पर पहुंचे मायके वाले
मृतका के भाई प्रमोद बिंद (निवासी: पखनपुर, मखदुमपुर थाना क्षेत्र) ने बताया कि 10 साल पहले उनकी बहन दुखनी देवी की शादी ग्राम मेस्तरगंज निवासी टुनटुन बिंद के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित करता था और आए दिन मारपीट करता था।
प्रमोद बिंद ने बताया कि ससुराल वालों ने दुखनी देवी को जहर देकर मार डाला और फिर शव को टेम्पो में रखकर ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान मायके वाले मौके पर पहुंच गए, जिसे देखकर ससुराल वाले शव को छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल
मायके वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और आरोपी अब तक फरार हैं।
मायके वालों में मातम, जल्द गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद से मृतका के मायके पक्ष में मातम पसरा हुआ है। परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं और जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ससुराल पक्ष की तलाश जारी है।
Mar 29 2025, 09:46