महिलाओं को ब्युटिशियन प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र वितरण समारोह संपन्न
कटकमदाग प्रखंड के सुल्ताना में झारखंड सेवा मंडल द्वारा आयोजित महिलाओं के ब्युटिशियन प्रशिक्षण का समापन एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम रविवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ओम आरोहणम् संस्थान की संस्थापिका और भारतीय जनता पार्टी की नेत्री शेफाली गुप्ता शामिल हुईं।
![]()
इस अवसर पर झारखंड सेवा मंडल और उपस्थित महिलाओं ने फूलमाला और बुके देकर अतिथि का स्वागत किया। मुख्य अतिथि शेफाली गुप्ता ने प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने झारखंड सेवा मंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रमाण पत्र सिर्फ एक कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि आत्म-प्रमाणन का प्रतीक है।
भाजपा नेत्री ने कहा कि प्रमाण पत्र के साथ-साथ खुद को प्रमाणित करना भी आवश्यक है, तभी समाज में अपना योगदान देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को आगे बढ़ने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर सचिव सुबोध ओझा, भूतपूर्व पैक्स अध्यक्ष सदानंद ओझा सहित कई महिलाएं और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Mar 24 2025, 17:41