मौसम का हाल : बिहार में आज से मौसम में होगा बदलाव, तापमान में बढ़ोत्तरी के साथ बढ़ेगी गर्मी
डेस्क : पिछले चार-पांच दिनों से राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में बादल की लुकाछिपी और हल्की का दौरा अब थम चुका है। बीते 5-6 दिनों में राज्य के कई जिलों में गरज-तड़क के साथ बारिश और वज्रपात की घटनाएं दर्ज की गईं। हालांकि, अब मौसम साफ हो गया है और सूरज की किरणें बिना किसी रुकावट के धरती पर पहुंच रही हैं, जिससे तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। प्रदेश के लोगों को अब गर्मी के लिए तैयार रहना होगा। आज से तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
![]()
मौसम विभाग के अनुसार, एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर उत्तर-पूर्व असम के पास बना हुआ है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश में भी समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर एक और चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी स्थितियों के कारण अब तापमान में लगातार वृद्धि होने का अनुमान है। अगले तीन से चार दिनों में दिन का अधिकतम तापमान चार डिग्री तक बढ़ सकता है।
23 मार्च को दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। इस दिन बिहार का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.1°C गोपालगंज में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.1°C अगवानपुर में रहा। वहीं, खगड़िया में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 21.1°C दर्ज किया गया।
वहीं आज सोमवार 24 मार्च को बिहार में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास होगा। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 32°C से 35°C के बीच जबकि न्यूनतम तापमान 18°C से 20°C के बीच रहने का अनुमान है। सुबह 8:30 बजे तक पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, बांका और भागलपुर जिलों में तेज हवा और आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसके बाद दिनभर मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा।









Mar 24 2025, 09:32
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
10.5k