हजारीबाग के कालीबाड़ी शनि मंदिर से दान पेटी की चोरी, सीसीटीवी के बावजूद अज्ञात चोरों ने किया हाथ साफ।
हजारीबाग के कालीबाड़ी स्थित प्रसिद्ध शनि मंदिर में बीती रात चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर में रखी दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखा सारा पैसा निकाल लिया। घटना की जानकारी तब हुई जब मंदिर के देखरेख करने वाले मुकेश सुबह मंदिर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दान पेटी अपनी जगह से गायब है। बाद में मंदिर के पीछे टूटी हुई पेटी पड़ी मिली, जिसमें से सारा पैसा निकाल लिया गया था।
![]()
मंदिर की देखरेख करने वाले मुकेश ने बताया कि यह घटना शनिवार रात की है। उन्होंने बताया कि रात करीब 11:40 बजे वे मंदिर से निकले थे और सुबह आने पर चोरी का पता चला। उन्होंने यह भी बताया कि मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद चोरी की घटना हो गई, जो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
मुकेश ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब इस मंदिर में चोरी हुई हो। लगभग 10 दिन पहले भी मंदिर से घंटी और डमरू चोरी हो गए थे, जिसकी शिकायत पेलावल थाना में दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, जिससे चोरों का हौसला बढ़ता जा रहा है। मुकेश ने बताया कि चोरी में दो लड़कों के शामिल होने का संदेह है, लेकिन अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोग इस घटना से आक्रोशित हैं और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Mar 23 2025, 18:06