तीसरे बच्चे के जन्म पर तोहफाः इस राज्य के सांसद का एलान, लड़की हुई तो 50 हजार, लड़के पर गाय
#tdpleadergiftsthirdchild_birth
![]()
इस समय देश के कई राज्यों में जनसंख्या बढ़ाने पर जोरे दिया जा रहा है। खासकर परिसीमन के मुद्दे को लेकर भारत के दक्षिणी राज्यों में तनाव है।2026 में प्रस्तावित परिसीमन को लेकर साउथ के कई राज्यों में डर है कि उन्हें इसका घाटा हो सकता है। पहले ही आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू जनसंख्या बढ़ाने की वकालत कर चुके हैं। इस बीच आंध्र प्रदेश में भाजपा की सहयोगी तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के सांसद कालिसेट्टी अप्पलानायडू ने राज्य के लोगों को तीसरा बच्चा पैदा करने पर गिफ्ट दिए जाने का ऐलान किया है।
विजयनगरम के सांसद कालीसेट्टी अप्पाला नायडू ने बीते दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिलाओं को तीसरा बच्चा पैदा करने पर उपहार देने का वादा किया है। एमपी ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगर लड़की हुई तो 50,000 रुपये और अगर लड़का हुआ तो महिलाओं को एक गाय दी जाएगी। इस खबर से पूरे आंध्र प्रदेश में हलचल मची है।
अप्पाला नायडू ने अपने निर्वाचन क्षेत्र की हर महिला को यह प्रस्ताव देने का वादा किया है। नायडू ने कहा, राजनीति और जीवन में कई महिलाओं ने उन्हें प्रोत्साहित किया, जिनमें उनकी मां, पत्नी, बहनें और बेटी शामिल हैं। सांसद ने समाज में महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव को लेकर भी बात की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं का प्रोत्साहन समय की मांग है।
चंद्रबाबू नायडू कर चुके हैं जनसंख्या वृद्धि के आह्वान
इसके लिए खुद मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से भी उन्हें प्रशंसा मिल रही है। यह बयान मुख्यमंत्री नायडू के जनसंख्या वृद्धि के आह्वान पर आई। एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायडू ने कहा था कि सभी महिलाओं कर्मचारियों को मैटरनिटी लीव मिलेगी, चाहे उनके कितने भी बच्चे हों। नायडू ने महिलाओं से आग्रह किया था कि वे जितना हो सके उतने ज्यादा बच्चों को जन्म दें ताकि राज्य में युवा जनसंख्या बढ़े। नायडू ने अक्तूबर, 2024 में भी राज्य में लोगों की बढ़ती औसत उम्र पर चिंता जताई थी।
भारत की युवा आबादी घट रही
केंद्र की यूथ इन इंडिया-2022 रिपोर्ट के मुताबिक 2036 तक देश की 34.55 करोड़ आबादी ही युवा रह जाएगी, जो अभी 47% से ज्यादा है। अभी देश में 25 करोड़ युवा 15 से 25 साल के बीच के हैं। अगले 15 साल में यह और तेजी से गिरेगी। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष की इंडिया एजिंग रिपोर्ट 2023 की मानें तो 2011 में भारत में युवा आबादी की औसत उम्र 24 साल थी, जो अब 29 साल हो गई है। 2036 तक भारत की बुजुर्ग जनसंख्या 12.5%, 2050 तक 19.4% तो सदी के अंत तक 36% हो जाएगी।
5 hours ago