घायल कार्यकर्ता का हाल चाल लेने पहुंचे भाजपा नेता
अयोध्या। घायल भाजपा कार्यकर्ता बब्बन तिवारी का हालचाल जिला अस्पताल पहुंचकर पूर्व सांसद लल्लू सिंह, पूर्व विधायक इन्द्र प्रताप तिवारी खब्बू, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय समेत अन्य भाजपा नेताओं ने लिया। बब्बन तिवारी लखनऊ से लौटते समय अपने किसी रिश्तेदार से मिलने के लिए खण्डासा गये हुए थे। यहां सपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके उपर जानलेवा हमला कर दिया।
गम्भीरावस्था में उनका जिला अस्पताल में चिकित्सकां ने इलाज किया। जिसके बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मुलाकात के बाद पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता अपने रिश्तेदारी में गये थे। जब वहां से वह वापस जा रहे थे। तो रास्ते में सपा के कार्यकर्ताओं ने इसके उपर हमला कर दिया। इन्हें बुरी तरह से पीटा। जिससे इन्हें काफी चोट आयी है। प्रशासन मामले में सख्त कार्रवाई कर रहा है। डबल इंजन की सरकार में अपराध व अपराधियों का कोई स्थान नहीं है।
पूर्व विधायक इन्द्र प्रताप तिवारी खब्बू ने कहा कि मारपीट में घायल बब्बन तिवारी गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के हैदरगंज के निवासी है। जिनकी सपा के लोगों ने पिटाई की है। उनका हालचाल लिया। यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार है। घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। सपा भारी मतों से चुनाव हार रही है। अपनी हार की हताशा को छिपाने के लिए सपाई अराजकता फैला रहे है।
पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि सपा का स्वभाव अराजकता का रहा है। समाज में भय व्याप्त करना व लोगो को गुमराह करना उनकी पुरानी आदत है। बब्बन तिवारी के साथ हुई घटना निंदनीय है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। प्रशासन अपनी कार्रवाई कर रहा है। भाजपा की सरकार में किसी भी प्रकार के अपराध करने वाले बक्शा नहीं जाएगा। हर व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।
पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल ने कहा कि चुनाव में अराजकता फैलाना सपा का पुराना इतिहास रहा है। इस तरह की घटना को अंजाम देकर भाजपा के कार्यकर्ताओं को भयभीत करने की उनकी सोच है। लेकिन पूरे मामले में ऐसी कार्रवाई होगी, जो नजीर बनेगी।
इस अवसर पर कृष्ण कुमार तिवारी खुन्नू, सुनील तिवारी शास्त्री, परमानंद मिश्रा, गिरीश पाण्डेय डिप्पुल, करुणाकर पाण्डेय, पवन तिवारी मौजूद रहे।
Feb 06 2025, 18:41