बजट से पहले आम आदमी को बड़ी राहत, एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हुई बड़ी कटौती
#lpgcylinderpricesfallbyrs7beforebudget
बजट 2025 पेश होने से कुछ घंटे पहले देश के करोड़ों लोगों को बड़ी राहत मिली है। देश के आम लोगों को गैस सिलेंडर की कीमतों पर राहत दी गई है। आज यानी 1 फरवरी से कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 7 रुपये की कमी कर दी गई है। घटी हुई कीमत सिर्फ 19 किलोग्राम वाले कमर्शिल सिलेंडर पर लागू होंगी, जबकि घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। आईओसीएल के आंकड़ों के अनुसार गैस सिलेंडर के दाम में लगातार दूसरे महीने कटौती की गई है। वास्तव में ये कटौती कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती की गई है।
पिछले महीने सबसे बड़ी ओएमसी, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) ने 6 महीने में पहली बार 19 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमतों में 14.5 रुपये की कटौती की थी, जो मेट्रो शहरों में 16 रुपये हो गई थी। नए साल 2025 के बाद से 19 किलोग्राम के सिलेंडर में एलपीजी की कीमतों में लगातार दूसरे महीने गिरावट देखी जा रही है।
देश की राजधानी दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 7 रुपए की कटौती हुई है और दाम 1,797 रुपए हो गए हैं। कोलकाता में सबसे कम 4 रुपए की कटौती हुई है और दाम 1907 रुपए हो गए हैं. जबकि मुंबई और चेन्नई में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 6.5 रुपए की कटौती की गई है। जिसके बाद दोनों महानगरों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें क्रमश: 1749.50 रुपए और 1959.50 रुपए हो गई हैं। अगर बीते दो महीनों की बात करें तो देश की राजधानी दिल्ली और मुंबई में कमर्शियल गैस सिलेंडर 21.5 रुपए सस्ता हुआ है। जबकि कोलकाता में 20 रुपए और चेन्नई में 21 रुपए की गिरावट देखने को मिली है।
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं
वहीं दूसरी ओर घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में लगातार 11वें महीने कोई बदलाव नहीं हुआ है। मार्च 2024 में में आखिरी बार घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में बदलाव हुआ था। जब आईओसीएल ने सरकार के ऐलान के बाद घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में फ्लैट 100 रुपए की कटौती की थी। सरकार ने होली और लोकसभा चुनाव से पहले आम लोगों को राहत देने का प्रयास किया था। तब से अब तक घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला। तब से अब तक दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 803 रुपए बने हुए हैं। वहीं दूसरी ओर कोलकाता में कीमत 829 रुपए, मुंबई में 802.50 रुपए और चेन्नई में 818.50 रुपए हैं।
पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स के शुल्क में बदलाव की उम्मीद
एलपीजी की कीमतों में ये बदलाव बजट 2025 से पहले आया है। आज वित्तमंत्री देश का बजट पेश करेंगी। वित्त मंत्री से पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स के शुल्क में बदलाव की उम्मीद है। इस पर नजर रखी जाएगी कि क्या वित्त मंत्री एलपीजी या अन्य पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स से संबंधित किसी सुधार का ऐलान करती हैं।
Feb 01 2025, 10:05