*महाकुंभ में दिखेगा कालीन नगरी की महिलाओं का हुनर* *आठ समूहों की महिलाएं माउथ फ्रेशनर, कालीन उत्पाद और रुद्राक्ष बेचेंगी*
रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही। प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में कालीन नगरी की आठ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का हुनर दिखेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकल फाॅर वोकल की मुहिम के तहत समूह की महिलाएं स्टॉल लगाकर अपने उत्पाद को बेचेंगी। 13 जनवरी से 26 फरवरी तक करीब 45 दिनों तक चलने वाले महाकुंभ में समूह की महिलाएं अलग-अलग तिथियों पर स्टॉल लगाएंगी। वह माउथ फ्रेशनर, कालीन के उत्पाद, आयुर्वेदिक दवाओं से लेकर अचार-मुरब्बा तक बेचेंगी।आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाने में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बढ़-चढ़कर आगे आती हैं। छोटे से लेकर बड़े मेले में वह शामिल होती हैं। महाकुंभ में अपनी अलग छाप छोड़ने की तैयारी में लगी महिलाओं की आठ समूह आगे आई हैं। महिलाएं विश्व के सबसे बड़े मेले में अपने उत्पाद बेचने जाएंगी। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की देखरेख में स्वयं रोजगार उपायुक्त राजाराम ने स्वयं सहायता समूह की आठ महिलाओं का चयन महाकुंभ मेले में स्टॉल लगाने के लिए किया है। दो-दो के ग्रुप में ये महिलाएं महाकुंभ मेला में स्टॉल लगाकर इस योजना के बारे में भी जानकारी देंगी। आर्या स्वयं सहायता समूह की नगीना मौर्य , स्वदेशी स्वयं सहायता समूह की कंचन देवी 13 से 22 जनवरी तक कारपेट, मोटा अनाज, आयुर्वेदिक दवाएं, निर्मल स्वयं सहायता समूह की निर्मला देवी और मां विंध्यवासिनी सहायता समूह की प्रतिमा पांडेय अगरबत्ती, धूपबत्ती, मोती, रुद्राक्ष माला, माउथ फ्रेशनर, कैंडी का स्टॉल 23 जनवरी से एक फरवरी तक, आवेश स्वयं सहायता समूह की सायना बानो, शिवशंकर स्वयं सहायता समूह की निर्मला देवी दो से 12 फरवरी तक बैग पर्स, हार्पिक, फिनायल, टायलेट क्लीनर बेचेंगी और 12 से 26 फरवरी तक प्रज्ञा स्वयं सहायता समूह की सोभावती देवी, सफल स्वयं सहायता समूह की आंचल देवी अचार-मुरब्बा, टी-शर्ट, लोवर का महाकुंभ में स्टॉल लगाएंगी।
Jan 21 2025, 18:42