मुख्यमंत्री के लिए नाम तय होते ही फडणवीस की पहली प्रतिक्रिया, बोले- 'एक हैं तो सेफ हैं' के नारे को जनता सही साबित किया
#maharashtra_new_cm_devendra_fadnavis_first_statement
![]()
महाराष्ट्र को आखिरकार नया मुख्यमंत्री मिल गया। 23 तारीख को आए विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद लगातार सीएम के नाम पर सस्पेंस बना हुआ था। आखिरकार बुधवार को हुई बीजेपी विदायक दल की बैठक में देवेंद्र फडणवीस का नाम फाइनल हो गया। इसके साथ ये भी साफ हो गया कि वह राज्य के नए मुख्यमंत्री भी होंगे। फडणवीस गुरुवार शाम को सीएम पद की शपथ लेंगे। भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में सर्वसम्मति से चुने जाने के बाद फडणवीस ने दल के सभी सदस्यों का आभार जताया। साथ ही छत्रपति शिवाजी, अटल बिहारी वाजपेयी और अहिल्याबाई होल्कर को याद किया।
देवेंद्र फडणवीस ने विधायक दल का नेता चुनने के बाद कहा कि मैं उन सबका धन्यवाद करता हूं जिन्होंने मेरा समर्थन किया। महाराष्ट्र में हमें ऐतिहासिक जीत मिली। इस चुनाव में एक बात तो बता दी एक हैं तो सेफ हैं। हमें एकतरफा जीत देने के लिए में जनता का शुक्रिया करता हूं। उन्होंने आगे कहा, 'हमने हरियाणा के साथ अपनी जीत का सिलसिला फिर से शुरू किया है और अब महाराष्ट्र ने ऐसा प्रचंड जनादेश दिया है कि मैं महाराष्ट्र के मतदाताओं के सामने पूरी तरह से नतमस्तक हूं।
अपने संबोधन में फडणवीस ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को विशेष धन्यवाद जो इस पूरी प्रक्रिया के दौरान पूरे दिल से हमारे साथ रहे। आरपीआई नेता रामदास अठावले और सभी सहयोगी दलों को हृदय से धन्यवाद।
फडणवीस ने कहा, 'हमें गर्व है कि 2019 के बाद एक भी विधायक ने हमें नहीं छोड़ा और सभी एक साथ रहे और हमने 2022 में सरकार बनाई। आज भी महायुति को ऐतिहासिक जनादेश मिला है। मोदी जी लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बने हैं। मैंने वार्ड स्तर के नेता के रूप में शुरुआत की थी और अब मैं तीसरी बार मुख्यमंत्री भी बन गया हूं। पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दोनों ने चुनावों के दौरान महाराष्ट्र भाजपा को भारी समर्थन और बढ़ावा दिया है।'
बता दें कि बुधवार को हुई विधायक दल की बैठक में देवेंद्र फणडवीस को नेता चुना गया। देवेंद्र फणडवीस के नाम का प्रस्ताव चंद्रकांत पाटिल ने रखा। दूसरा प्रस्ताव सुधीर मुनगंटीवार ने रखा। इसके बाद पंकजा मुंडे, प्रवीण दरेकर, रवींद्र चव्हाण, संजय कुंटे, पूर्व मंत्री विधायक अशोक उईके, मेघना बोर्डिकर, योगेश सागर, संभाजी पाटिल नीलंगेकर, गोपीचंद पड़लकर, आशीष शेलार ने समर्थन किया। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को हुए चुनाव में भाजपा ने भारी सफलता हासिल की और राज्य की 288 विधानसभा सीट में से 132 सीट हासिल की, जो राज्य में उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। अपने सहयोगियों एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के साथ, भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति के पास 230 सीट का भारी बहुमत है।
Dec 04 2024, 14:46