Aug 09 2024, 10:16
पेरिस ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, सिल्वर मेडल जीतकर भी लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
#neeraj_chopra_silver_medal_javelin_throw_in_paris_olympics
पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीता। पाकिस्तान के अरशद नदीम 92.97 मीटर के रिकॉर्ड थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा पेरिस में अपने प्रदर्शन को नहीं दोहरा सके और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पाकिस्तान के नदीम ने अपने दूसरे प्रयास में 92.97 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, नीरज चोपड़ा ने दूसरे प्रयास में 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत और ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 88.54 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
नीरज सिर्फ एक ही सफल प्रयास कर सके और उन्होंने छह में से पांच फाउल किए, जबकि नदीम ने छठे प्रयास में 91.79 मीटर का थ्रो किया। यह इस मैच में दूसरी बार था जब नदीम ने 90 मीटर से अधिक का थ्रो किया। नीरज ने इस सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 89.45 मीटर दूर भाला फेंका।
नीरज ने बनाए बड़े रिकॉर्ड
1. 26 साल के नीरज चोपड़ा ओलंपिक में एथलेटिक्स के 2 मेडल जीतने वाले भारत के पहले एथलीट बन गए। उन्होंने इससे पहले टोक्यो ओलंपिक 2020 में गोल्ड मेडल जीता था। नीरज से पहले एथलेटिक्स में भारत के लिए किसी ने एक भी मेडल नहीं जीता था।
2. नीरज ने लगातार दूसरे ओलंपिक में मेडल जीत लिया और ऐसा करने वाले वो सिर्फ चौथे भारतीय एथलीट बन गए। नीरज के अलावा सुशील कुमार (2008, 2012), पीवी सिंधु (2016, 2020) और मनु भाकर (दोनों 2024) ने ये कमाल किया था।
3. सिर्फ भारत के ही नहीं, बल्कि नीरज चोपड़ा जैवलिन थ्रो में दो ओलंपिक मेडल जीतने वाले पहले एशियन एथलीट भी बन गए हैं। उनसे पहले किसी ने एक बार भी ये कमाल नहीं किया था।
4. नीरज ने इस फाइनल में अपने दूसरे प्रयास में 89.45 मीटर थ्रो किया, जिसने उन्हें सिल्वर मेडल दिलाया। ये ओलंपिक फाइनल में उनका सबसे बड़ा थ्रो था। इससे पहले टोक्यो में नीरज ने 87.58 मीटर के साथ ही गोल्ड जीता था।
5. इतना ही नहीं, नीरज एथलेटिक्स में 2 ओलंपिक और 2 वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल जीतने वाले पहले भारतीय भी बन गए। टोक्यो और पेरिस ओलंपिक के मेडल्स के अलावा नीरज ने 2022 में यूजीन वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर और फिर 2023 में बुडापेस्ट वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड अपने नाम किया था।
Aug 09 2024, 10:16