संपत्ति विवाद” के बीच कांग्रेस नेता पित्रोदा ने बताई नई थ्योरी, भारत में विरासत टैक्स लगाने का समर्थन
#sampitrodasupportedtheimpositionofinheritancetaxin_india
देश का माहौल पूरी तरह से चुनावी हो गया है। राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच अगर किसी मुद्दे पर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, तो वो है मंगलसूत्र और संपत्ति बंटवारे पर।संपत्ति के बंटवारे पर मचे घमासान के बीच इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने नई थ्योरी बताई है। सैम पित्रोदा ने अमेरिका का उदाहरण देते हुए विरासत टैक्स लगाने का सुझाव दिया है। जिसके बाद भारत की राजनीति में हलचल मच गई है।
![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के घोषणापत्र पर निशाना साधते हुए कहा था कि ये आपका मंगलसूत्र भी बचने नहीं देंगे। पीएम मोदी के इस बयान के बाद विपक्षी दल हमलावर हैं। अब इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अमेरिका का उदाहरण दिया। सैम पित्रोदा ने कहा कि अमेरिका में जो भी मरता है, वह सिर्फ अपनी 45 फीसदी संपत्ति अपने बच्चों को दे सकता है, बाकी की 55 फीसदी सरकार को दे दी जाती है, जिसको गरीबों में बांट दिया जाता है।
सैम पित्रोदा ने कहा, अमेरिका में विरासत कर लगता है। यदि किसी के पास 100 मिलियन डॉलर की संपत्ति है और जब वह मर जाता है तो वह केवल 45% अपने बच्चों को हस्तांतरित कर सकता है, 55% सरकार ले लेती है। यह एक दिलचस्प कानून है। इसमें कहा गया है कि आपने अपनी पीढ़ी में संपत्ति बनाई और अब जा रहे हैं, आपको अपनी संपत्ति जनता के लिए छोड़नी चाहिए, पूरी नहीं, आधी, जो मुझे उचित लगती है।
उन्होंने आगे कहा, हालांकि, भारत में आपके पास ऐसा नहीं है। अगर किसी की संपत्ति 10 अरब है और वह मर जाता है, तो उसके बच्चों को 10 अरब मिलते हैं और जनता को कुछ नहीं मिलता। इसलिए लोगों को इस तरह के मुद्दों पर बहस और चर्चा करनी होगी। मुझे नहीं पता कि आखिर में निष्कर्ष क्या निकलेगा, लेकिन जब हम धन के पुनर्वितरण की बात करते हैं, तो हम नई नीतियों और नए कार्यक्रमों के बारे में बात करते हैं, जो लोगों के हित में हैं न कि केवल अति-अमीरों के हित में।
कांग्रेस बनाएगी ऐसी नीति
पित्रोदा ने कहा, यह एक नीतिगत मुद्दा है। कांग्रेस पार्टी एक ऐसी नीति बनाएगी, जिसके माध्यम से धन का बांटना बेहतर होगा। हमारे पास (भारत में) न्यूनतम मजदूरी नहीं है। अगर देश में न्यूनतम मजदूरी हो और कहा जाए कि आपको गरीबों को इतना पैसा देना चाहिए, तो यह धन का बंटवारा है। आज, अमीर लोग अपने चपरासी और नौकर को पर्याप्त भुगतान नहीं करते हैं, लेकिन वे उस पैसे को दुबई और लंदन में छुट्टी पर खर्च करते हैं। हमारे पास अभी तक न्यूनतम मजदूरी का कोई कानून नहीं है।
भाजपा नेता ने बयान पर जताई आपत्ति
सैम पित्रोदा के इस बयान पर भाजपा नेता और आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा नेता ने एक्स पर लिखा,कांग्रेस ने भारत को बर्बाद करने की ठान ली है। अब, सैम पित्रोदा संपत्ति वितरण के लिए 50 फीसदी विरासत कर की वकालत करते हैं। इसका मतलब यह है कि हम अपनी सारी मेहनत और उद्यम से जो कुछ भी बनाएंगे, उसका 50 फीसदी छीन लिया जाएगा। इसके अलावा अगर कांग्रेस जीतती है तो हम जो भी टैक्स देते हैं, वह भी बढ़ जाएगा।"
ऐसे शुरू हुआ विवाद
इस विवाद की शुरूआत उस वक्त हुआ, जब राजस्थान के बांसवाड़ा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि अगर कांग्रेस की सरकार आई तो वो लोगों की संपत्तियां लेकर ज्यादा बच्चों वालों और घुसपैठियों को बांट देगी। पीएम मोदी ने आगे कहा था,"पहले जब इनकी सरकार थी तब उन्होंने कहा था कि देश की संपत्ति पर पहला हक मुसलमानों का है। इसका मतलब ये संपत्ति इकट्ठा करते किसको बांटेंगे? जिनके ज्यादा बच्चे हैं, उनको बांटेंगे. घुसपैठियों को बांटेंगे. क्या आपकी मेहनत का पैसा घुसपैठियों को दिया जाएगा? आपको मंजूर है ये?"उन्होंने आगे कहा,"ये कांग्रेस का मेनिफेस्टो कह रहा है कि वो मां-बहनों के गोल्ड का हिसाब करेंगे। उसकी जानकारी लेंगे और फिर उसे बांट देंगे। और उनको बांटेंगे जिनको मनमोहन सिंह की सरकार ने कहा था संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। भाइयो-बहनो ये अर्बन नक्सल की सोच, मेरी मां-बहनों, ये आपका मंगलसूत्र भी नहीं बचने देंगे। ये यहां तक जाएंगे।"






लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण के मतदान का काउंटडाउन शुरू हो गया है। आज शाम दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद 26 अप्रैल को 13 राज्यों की 88 लोकसभा सीटों पर वोट डाले जाएं।इसके बाद कोई सार्वजनिक सभा नहीं होगी और प्रत्याशी और उनके स्टार प्रचारक अगले 48 घंटे तक घर-घर जाकर वोट मांग सकेंगे। दूसरे चरण में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, शशि थरूर, केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर,अभिनेत्री हेमा मालिनी, रामायण सीरियल के राम अरुण गोविल समेत 1,206 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसनकी किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। दूसरे चरण 12 राज्यों और 1 केंद्रशासित प्रदेश के 89 लोकसभा सीटों पर मतदान होना है। दूसरे चरण में केरल की 20, कर्नाटक की 14, राजस्थान की 13, उत्तर प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 8, मध्य प्रदेश की 7, बिहार की 5, असम की 5, पश्चिम बंगाल की 3, छत्तीसगढ़ की 3, मणिपुर, त्रिपुरा और जम्मू-कश्मीर की एक-एक सीट पर वोट डाले जाएंगे। *दूसरे चरण में किस राज्य की किन-किन सीटों पर मतदान* *त्रिपुरा:* त्रिपुरा पूर्व *जम्मू-कश्मीर:* जम्मू लोकसभा *पश्चिम बंगाल:* दार्जिलिंग, रायगंज और बालूरघाट *असम:* दर्रांग-उदालगुरी, डिफू, करीमगंज, सिलचर और नौगांव *बिहार:* किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका *छत्तीसगढ़:* राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर *मध्य प्रदेश:* टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा और होशंगाबाद *महाराष्ट्र:* बुलढाणा, अकोला, अमरावती, वर्धा, यवतमाल- वाशिम, हिंगोली, नांदेड़ और परभणी *उत्तर प्रदेश:* अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा *राजस्थान:* टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालोर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारा *कर्नाटक:* उडुपी-चिकमगलूर, हासन, दक्षिण कन्नड़, चित्रदुर्ग, तुमकुर, मांड्या, मैसूर, चामराजनगर, बेंगलुरु ग्रामीण, बेंगलुरु उत्तर, बेंगलुरु केंद्रीय, बेंगलुरु दक्षिण,चिकबल्लापुर और कोलार *केरल:* कासरगोड, कन्नूर, वडकरा, वायनाड, कोझिकोड, मलप्पुरम, पोन्नानी, पलक्कड़, अलाथुर, त्रिशूर, चलाकुडी, एर्णाकुलम, इडुक्की, कोट्टायम, अलाप्पुझा, मवेलिक्कारा, पथानमथिट्टा, कोल्लम, अट्टिंगल और तिरुअनंतपुरम



Apr 24 2024, 11:48
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
32.9k