धनबाद से चलने वाली इन ट्रेनों के टाइम में किया जाएगा बदलाव, रूट पर 2 वंदे भारत शुरू करने की योजना
धनबाद : इस साल एक अक्तूबर से शक्तिपुंज एक्सप्रेस समेत धनबाद की कई ट्रेनों का टाइम टेबल बदला जाएगा। माना जा रहा है कि इस साल नए टाइम टेबल में धनबाद होकर चलने वाली दो वंदे भारत एक्सप्रेस को भी जगह दी जाएगी।
इसमें हावड़ा-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस के अलावा वाराणसी-हावड़ा वंदे भारत ट्रेन को शामिल किया जा सकता है।
दोनों वंदे भारत एक्सप्रेस धनबाद होकर चलेगी। सितंबर मध्य तक ट्रेनों की नई समय-सारिणी को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके लिए मंडल, जोन और रेलवे बोर्ड स्तर पर काम चल रहा है। पहले एक जुलाई से भारतीय रेलवे में नया टाइम टेबल जारी होता था। पिछले कुछ वर्षों से एक अक्तूबर से ट्रेनों का समय बदला जा रहा है।
रेलवे की ओर से दुर्गा पूजा से पूर्व हावड़ा और रांची के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की कवायद चल रही है। रेलवे हावड़ा-वाराणसी के बीच धनबाद होकर दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने पर भी माथापच्ची में जुटा है।
लोकसभा चुनाव-2024 से पूर्व इस ट्रेन की भी घोषणा संभव है। लिहाजा रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस के साथ वाराणसी-हावड़ा वंदे भारत का रूट और समय का निर्धारण नए टाइम टेबल में हो सकता है। इसके अलावा अन्य आधा दर्जन ट्रेनों के समय में पांच से 10 मिनट का फेरबदल किया जाएगा।
10 महीने से लेट चल रही है शक्तिपुंज एक्सप्रेस
नए टाइम टेबल में जबलपुर-हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस के समय बदलने की प्रबल संभावना है। पश्चिम मध्य रेलवे ने पिछले साल ही जबलपुर-हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस के समय में व्यापक परिवर्तन किया था। पहले यह ट्रेन जबलपुर से रात 11.40 बजे खुलकर अगले दिन रात साढ़े 10 बजे धनबाद और सुबह चार बजे हावड़ा पहुंचती थी। शक्तिपुंज का जबलपुर से रवानगी का समय बदल कर रात 10.20 बजे कर दिया गया। जबकि धनबाद में समय शाम 5.50 बजे और हावड़ा पहुंचने का समय रात 10.40 बजे तय हुआ। शक्तिपुंज का समय बदले 10 महीने हो चुके हैं लेकिन एक दिन भी ट्रेन समय से धनबाद नहीं आ पाई।
आरा तक चलेगी हटिया-पटना पाटलिपुत्रा एक्स
धनबाद होकर चलने वाली हटिया-पटना पाटलिपुत्रा एक्सप्रेस का विस्तार बहुत जल्द आरा स्टेशन तक किया जाएगा। पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर मुख्यालय ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यालय ने दानापुर रेल मंडल से पाटलिपुत्रा सहित चार ट्रेनों के आरा तक विस्तार के संबंध में फिजिबिलिटी रिपोर्ट मांगी और तत्काल इस पर जवाब मांगा। आरा में नई वाशिंग पिट बनी है। माना जा रहा है कि अगले चरण में गंगा दामोदर का विस्तार आरा तक किया जाएगा।
ईसीआर के सीपीटीएम ने शुक्रवार को दानापुर रेल मंडल के सीनियर डीओएम को पत्र जारी कर तत्काल फिजिबिलिटी रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट में पाटलिपुत्रा के अलावा दुर्ग-राजेंद्र नगर साउथ बिहार एक्सप्रेस, हावड़ा-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस और टाटा-दानापुर एक्सप्रेस के ही नाम शामिल हैं। दरअसल सीपीटीएम से रेलवे बोर्ड ने इन्हीं चार ट्रेनों के आरा तक विस्तार से संबंधित जानकारी मांगी है।











Aug 31 2023, 10:30
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
4.5k