बिहार में आज से मौसम का बदलेगा मिजाज, राजधानी पटना समेत कई जिलों में झमाझम बारिश के आसार
डेस्क : बीते कुछ दिनों से राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश नहीं होने भीषण उमश भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। हालांकि अब प्रदेश में मानसून धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है। इनके प्रभाव से एक अगस्त से तीन अगस्त तक पटना समेत कई जिलों में झमाझम बारिश की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वानुमान कर बताया कि गांगेय पश्चिम बंगाल व उससे सटे उत्तरी ओडिशा पर बने चक्रवाती परिसंचरण के साथ एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं मानसून ट्रफ रेखा गंगानगर, रोहतक, लखनऊ से होते हुए गया जिले से गुजर रही है। साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाओं का प्रवाह बढ़ने से बारिश के आसार बढ़े हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से कहा गया है कि अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के कई जिलों में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। इस दौरान कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की प्रबल संभावना है। आज रविवार को पटना समेत सभी जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात की चेतावनी है।
वहीं किशनगंज, अररिया, सुपौल, जमुई, भभुआ और रोहतास जिले में रविवार को भारी वर्षा की चेतावनी है। शनिवार की सुबह तक अररिया, पश्चिम चंपारण, किशनगंज, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, नालंदा, बांका, बक्सर जिले में एक दो जगहों पर झमाझम बारिश हुई। अररिया में सर्वाधिक वर्षा 133.0 मिमी दर्ज की गई। वहीं शनिवार को पटना समेत 19 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना के कुछ इलाके में 11 बजे के आसपास आंशिक बारिश हुई। हालांकि आंशिक बारिश से उसम और गर्मी से राहत नहीं मिली। 37.8 डिग्री सेल्सियस के साथ गया का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री दर्ज किया गया।
Jul 30 2023, 12:18