लाठीचार्ज और जिला महामंत्री विजय सिंह की मौत के विरोध में भाजपा का काला दिवस आज, कल शनिवार को सभी जिलों मे करेगी विरोध प्रदर्शन
डेस्क : बीते गुरुवार को राजधानी पटना में कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज और जहानाबाद जिला महामंत्री विजय सिंह की मौत के विरोध में भाजपा आज शुक्रवार को काला दिवस मनाएगी। वहीं शनिवार को सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने पार्टी कार्यालय में गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में इसकी घोषणा की।
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र ने विजय सिंह की हत्या की है। इसके विरोध में पूरे बिहार में पार्टी की ओर से शुक्रवार को काला दिवस मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने मृतक विजय सिंह के परिवार को दस लाख रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की। कहा कि पार्टी परिवार को गोद लेकर उनकी चिंता करेगी।
आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज लोकतंत्र की हत्या है। सांसदों, विधायकों को भी नहीं छोड़ा गया। राज्यपाल से मिलने का समय मांगा गया है। उनसे प्रतिनिधि मंडल पूरे घटनाक्रम की जानकारी देगा। विधानसभा और विधान परिषद में सरकार से जवाब मांगेंगे कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर लाठियां क्यों बरसाईं। आरोप लगाया कि बिहार में जंगलराज रिटर्न हो गया है।
Jul 14 2023, 10:38