पंचायत उपचुनाव का कल होगा काउंटिग, सुरक्षा के व्यापक प्रबंध
नवादा:- पंचायत उप निर्वाचन 2023 के तहत नवादा जिले के ग्राम पंचायत सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, ग्राम कचहरी पंच एवं ग्राम कचहरी सरपंच के रिक्त पदों पर हुए मतदान का मतगणना दिनांक 27.05.2023 को निर्धारित है। मतगणना कार्य 08ः00 बजे पूर्वा से प्रारंभ होकर परिणाम घोषणा तक जारी रहेगा।
पंचायत उप निर्वाचन 2023 अन्तर्गत मतगणना कार्य स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह-प्रभारी जिला पदाधिकारी, नवादा श्री दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अम्बरीष राहुल द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है।
मतगणना केन्द्र प्रखंडवार निम्नवत है:-
पकरीबरावां-मनरेगा भवन, पकरीबरावां, नारदीगंज-इंटर विद्यालय नारदीगंज, रजौली-प्रखंड सभागार रजौली, अकबरपुर-प्रखंड सभागार अकबरपुर, कौआकोल- प्रखंड कार्यालय का सभाभवन कौआकोल, मेसकौर-प्रखंड कार्यालय के निचले फ्लोर के दक्षिणी भाग में प्रखंड सभागार मेसकौर, सिरदला-सभाकक्ष किसान भवन सिरदला, वारिसलीगंज-प्राथमिक विद्यालय प्रखंड काॅलनी वारिसलीगंज में मतगणना का कार्य सम्पन्न किया जायेगा।
मतगणना कार्य स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु संबंधित प्रखंडों के मतगणना केन्द्रों पर दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं सषस्त्र बल पुलिस केन्द्र के साथ लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है। विधि-व्यवस्था संधारण करने हेतु प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी दिनांक 27.05.2023 को 06ः00 बजे प्रातः से अपना-अपना स्थान ग्रहण करने का आदेश दिया गया है।
मतगणना केन्द्र पर बने ड्रॉप गेट पर अनावश्यक रूप से भीड़-भाड़, अनाधिकृत रूप से वाहन का प्रवेश पर रोक रहेगी। मतगणना कार्य शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष सम्पादन हेतु सुरक्षा व्यवस्था की गयी है।
प्रथम स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के अन्तर्गत सभी मतगणना केन्द्र के 100 मीटर के दायरे को सुरक्षित जोन घोषित किया गया है। मतगणना केन्द्र के अन्दर खैनी, बीड़ी, सिगरेट, दिया सलाई, लाईटर, मोबाईल, सेलफोन, गुटखा, चाकू, छुरी आदि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। इसके अतिरिक्त वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी एवं सीसीटीवी की भी व्यवस्था की गयी है, जिससे सम्पूर्ण मतगणना प्रक्रिया पर पैनी नजर रखी जा सकेगी।
दिनांक 27.05.2023 मतगणना की तिथि को संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सभी मतगणना केन्द्र के 200 मीटर की परिधि में प्रातः 06ः00 बजे से मतगणना की समाप्ति एवं अंतिम परिणाम की घोषणा के चार घंटे बाद तक धारा 144 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा लागू रहेगा।
सभी अंचलाधिकारी एवं सभी संबंधित थानाध्यक्ष मतगणना के तिथि को विधि-व्यवस्था संधारित रखेंगे एवं पेट्रोलिंग करेंगे। सिविल सर्जन द्वारा एम्बुलेंस, जीवन रक्षक दवाओं के साथ दो चिकित्सक एवं पर्याप्त संख्या में मेडिकल तकनीकी स्टाफ तथा नर्स की प्रतिनियुक्ति की जायेगी। मतगणना स्थल पर अग्निषाम दस्ता, दंगारोधी वाहन की व्यवस्था रहेगी। अभ्यर्थी के समर्थकों द्वारा जुलूस, नारेवाजी आदि पर पूर्णतः रोक रहेगी। कोविड-19 से बचने हेतु मतगणना कार्य में संलग्न प्रत्येक व्यक्ति द्वारा अनिवार्य रूप से मास्क तथा हैंड सेनेटाईजर का प्रयोग किया जायेगा।
पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जिला स्तरीय, अनुमंडल स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है। नियंत्रण कक्ष में पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है।
नारदीगंज प्रखंड में मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु सम्पूर्ण वरीय प्रभार में श्रीमती अनुपम सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, नवादा रहेंगे। संबंधित प्रखंडों में पर्यवेक्षकीय पदाधिकारी एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है। मतगणना के निर्धारित तिथि को संबंधित अनुमंडल दंडाधिकारी एवं संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे तथा विधि-व्यवस्था पर कड़ी नजर रखेंगे।
विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में श्री उज्ज्वल कुमार सिंह, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, नवादा एवं श्री मदन कुमार पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केन्द्र, नवादा रहेंगे। मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तथा कर्मी ससमय उपस्थित होकर कर्तव्य का निर्वहन करेंगे।
May 27 2023, 17:13