फिर आंधी के साथ बारिश के आसार
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। मौसम विभाग ने जिले का मौसम एक बार फिर बिगड़ने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण 30 मार्च से जिले में मौसम का मिजाज फिर बदलेगा। आंधी चलने के साथ बारिश हो सकती है। विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
कृषि मौसम केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि 30 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मौसम बिगड़ने की स्थिति दिख रही है। बृहस्पतिवार से जिले में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तापमान की वृद्धि दर्ज की जाएगी। 31 मार्च से 2 अप्रैल के बीच तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज जाएगी। इस बीच बादलयुक्त मौसम होने के साथ अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं।
3 अप्रैल से मौसम साफ होने के कारण तापमान बढ़ते हुए क्रम में देखा जाएगा। 7 अप्रैल के आसपास फिर आंधी पानी की स्थितियां बन सकती है। सलाह दी कि किसान कटी फसल छायादार स्थान पर ढक लें। पकी फसल की कटाई कर तत्काल मड़ाई कर लें।
Mar 29 2023, 14:41